विज्ञापन

स्‍टार हेल्‍थ पर 2 करोड़ का जुर्माना, कोविड में इंश्‍योरेंस क्‍लेम खारिज किया था, बिल में की थी कटौती, 2 मामलों में IRDAI ने दिया फटका

Health Insurance Claim Rejection Penalty: IRDAI ने इंश्योरेंस क्लेम गलत तरीके से खारिज करने को लेकर ये कार्रवाई की है. साथ ही कंपनी को पॉलिसी रिन्यू कराने के लिए 90 दिन से ज्यादा पहले प्रीमियम लेने के मामले में भी आगाह किया है. जानिए पूरा मामला, क्‍योंकि आपके लिए जानना जरूरी है.

स्‍टार हेल्‍थ पर 2 करोड़ का जुर्माना, कोविड में इंश्‍योरेंस क्‍लेम खारिज किया था, बिल में की थी कटौती, 2 मामलों में IRDAI ने दिया फटका
आपका हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम भी घटाया गया था? Star Health पर IRDAI की बड़ी कार्रवाई
Source: NDTV Graphics/Canva

कोविड में जब लोगों को इंश्‍योरेंस क्‍लेम की सबसे ज्‍यादा जरूरत थी, उस दौरान क्‍लेम खारिज करना और अस्पताल के बिल में कटौती करना एक हेल्‍थ इंश्‍योरेंस कंपनी को बहुत भारी पड़ा है. इंश्‍योरेंस रेगुलेटर IRDAI ने स्‍टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस को ऐसे 2 मामलों में दोषी पाया और कंपनी पर 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. 

हेल्‍थ इंश्‍योरेंस क्‍लेम के निपटारे में गड़बड़ी को लेकर ये हाल के वर्षों में बहुत बड़ी कार्रवाई है. इंश्‍योरेंस कंपनी ने इन मामलों में ऐसे आधार पर क्लेम खारिज किए, जो कहीं से भी उचित और तर्कसंगत नहीं थे. इसके अलावा, पॉलिसी की शर्तों से समर्थन नहीं मिलने के बावजूद क्लेम की रकम में कटौती की गई. 

IRDAI ने पाया कि कई मामलों में उसकी ओर से ध्यान दिलाए जाने के बाद ही बीमा कंपनी ने ग्राहकों को बकाया भुगतान किया.

कोविड क्लेम समेत कई मामलों में मिली गड़बड़ी

IRDAI ने बताया कि स्टार हेल्थ के क्लेम सेटलमेंट के कामकाज की जांच 31 जनवरी से 11 फरवरी 2022 के बीच की गई थी. इसके बाद 4 दिसंबर 2024 को कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और 18 जून 2025 को व्यक्तिगत सुनवाई हुई.

जांच में पाया गया कि कंपनी ने हेल्थ इंश्योरेंस और कोविड से जुड़े क्लेम भी ऐसे आधार पर खारिज किए, जिन्हें नियामक ने उचित नहीं माना. कई मामलों में पॉलिसी की शर्तों के समर्थन के बिना क्लेम की रकम से कटौती की गई.

नियामक के मुताबिक, सैंपल में शामिल कई मामलों में ग्राहकों को पूरी रकम तभी मिली, जब IRDAI ने इस गड़बड़ी की ओर कंपनी का ध्यान दिलाया.

यह भी पढ़ें | सालों तक भरा प्रीमियम लेकिन इंश्योरेंस क्लेम हो गया रिजेक्ट, अब छिपा नहीं पाएंगी कंपनियां, बताना होगा कारण

ग्राहकों को नहीं बताई कटौती और क्लेम खारिज करने की वजह

IRDAI ने एक और गंभीर कमी की ओर इशारा किया. कंपनी ने ग्राहकों को ये स्पष्ट नहीं बताया कि उनकी पॉलिसी की किन शर्तों के आधार पर क्लेम खारिज किया गया या भुगतान की रकम घटाई गई. इससे पॉलिसीधारकों के पास कंपनी के फैसले को चुनौती देने के लिए जरूरी जानकारी नहीं थी.

दो अलग-अलग मामलों में 1-1 करोड़ रुपये का जुर्माना

IRDAI ने इंश्योरेंस एक्ट, 1938 की धारा 102 के तहत कुल 2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है. पहला 1 करोड़ रुपये का जुर्माना IRDAI (Health Insurance) Regulations, 2016 के नियम 27(v) के उल्लंघन पर लगाया गया है. दूसरा 1 करोड़ रुपये का जुर्माना क्लेम में कटौती और ग्राहकों को फैसले की जानकारी देने से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर लगाया गया है. 

  • क्लेम गलत आधार पर खारिज करने से जुड़े नियमों का उल्लंघन: 1 करोड़ रुपये 
  • क्लेम में अनुचित कटौती और फैसले की जानकारी देने से जुड़े नियमों का उल्लंघन: 1 करोड़ रुपये 

अस्पतालों के डिस्काउंट का फायदा ग्राहकों को देने में भी कमी

IRDAI ने स्टार हेल्थ को इस बात के लिए चेतावनी दी है कि नेटवर्क अस्पतालों के साथ तय किए गए डिस्काउंट अस्पताल के बिल में नहीं दिखाए गए और ग्राहकों को भी उनकी जानकारी नहीं दी गई.

नियामक ने कंपनी को निर्देश दिया है कि क्लेम सेटलमेंट लेटर में हर मद का स्पष्ट ब्योरा दिया जाए. इसमें ये सब बताना जरूरी होगा- 

  1. क्लेम में मंजूर की गई रकम
  2. खारिज की गई रकम
  3. पॉलिसी के तहत भुगतान योग्य नहीं मानी गई रकम
  4. अस्पताल की ओर से दिया गया डिस्काउंट
  5. क्लेम के बाद बीमा राशि (Sum Insured) में हुई कमी

इससे ग्राहकों को पता चल सकेगा कि अस्पताल के बिल से लेकर बीमा कंपनी के भुगतान तक किस मद में कितनी रकम घटाई गई है.

90 दिन से पहले रिन्यूअल प्रीमियम लेने पर भी चेतावनी

IRDAI ने कंपनी को पॉलिसी रिन्यू कराने के लिए 90 दिन से ज्यादा पहले प्रीमियम लेने के मामले में भी आगाह किया है. इसके अलावा, शिकायत करने वाले ग्राहकों को इंश्योरेंस ओम्बड्समैन की जानकारी नहीं देने पर भी कंपनी को सचेत किया गया है.

नियामक ने बताया कि इन दोनों मामलों में कंपनी की ओर से उठाए गए सुधारात्मक कदमों को रिकॉर्ड पर लिया गया है. IRDAI ने निर्देश दिया है कि उसका ये आदेश स्टार हेल्थ के बोर्ड के सामने रखा जाए. कंपनी को इस पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट यानी एक्शन टेकन रिपोर्ट भी देनी होगी. 

यह भी पढ़ें | 5 लाख के इलाज पर आपसे ही 50 हजार लेगी बीमा कंपनी, 1 जनवरी से ग्राहकों से 10 फीसदी खर्च लेने की तैयारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Health Insurance Claim, Health Insurance Claim Delay Penalty, Health Insurance Claim Rejection, Star Health Insurance, Star Health And Allied Insurance Company
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com