ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का असर अब भारतीय बाजारों में भी दिखने लगा है. जहां एक तरफ दुनिया भर में चल रहे युद्ध और तनाव के बीच तेल की सप्लाई को लेकर चिंताएं थीं, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान ने राहत दी है. ट्रंप ने ईरान के एनर्जी प्लांट्स पर हमलों को 10 दिनों के लिए रोकने का फैसला किया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें गिरी हैं. शुक्रवार, 27 मार्च को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है. ब्रेंट क्रूड (Brent) 90 सेंट गिरकर $107.11 और अमेरिकी क्रूड (WTI) 83 सेंट गिरकर $93.65 प्रति बैरल पर आ गया है.इसका सीधा फायदा भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर देखने को मिल रहा है.
आज सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल!
आज, 27 मार्च को महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दाम घट गए हैं. कुछ राज्यों में कीमतें बढ़ी भी हैं. वहीं कुछ ऐसे भी राज्य हैं जहां आज कीमतों में कोई खाख बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि दिल्ली मुंबई जैसे देश के प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है.
अगर आप दिल्ली-मुंबई या कोलकाता में रहते हैं तो गाड़ी की टंकी फुल करवाने से पहले पेट्रोल-डीजल का ताजा भाव जान लें.
देश के बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट
- दिल्ली में पेट्रोल आज भी ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर पर बना हुआ है.
- मुंबई में पेट्रोल ₹103.54 प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है, जबकि डीजल की कीमत ₹90.03 प्रति लीटर है.
- कोलकाता में पेट्रोल ₹105.41 प्रति लीटर और डीजल ₹92.02 प्रति लीटर है.
- चेन्नई में पेट्रोल ₹100.80 प्रति लीटर पर है, जबकि डीजल का भाव ₹92.39 प्रति लीटर पर है.
घबराने की जरूरत नहीं, भारत के पास है 60 दिनों का तेल स्टॉक
देश में तेल की कमी की खबरों के बीच सरकार ने साफ किया है कि भारत के पास पेट्रोल, डीजल और LPG का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. सरकार ने इन खबरों को 'भ्रामक और गलत' बताया है.सरकार ने कहा कि भारत के पास फिलहाल 60 दिनों का तेल कवर मौजूद है और अगले दो महीनों के लिए कच्चे तेल की सप्लाई का इंतजाम पहले ही कर लिया गया है.सभी रिफाइनरी 100% क्षमता से काम कर रही हैं और देश के सभी पेट्रोल पंपों पर स्टॉक भरपूर है.
सरकार और तेल कंपनियों (IOC, BPCL, HPCL) ने कहा है कि देश में तेल की कोई कमी नहीं है और लोग सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के कारण पैनिक बाइंग यानी जल्दबाजी में खरीदारी न करें.
घर बैठे ऐसे चेक करें अपने शहर में पेट्रोल-डीजल की ताजा कीमत
अगर आप अपने शहर में पेट्रोल या डीजल की ताजा कीमत जानना चाहते हैं, तो इसके कई आसान तरीके हैं. आप घर बैठे ही अपने शहर के पेट्रोल-डीजल (Petrol and Diesel Rate Today in India) के रेट तुरंत जान सकते हैं.आप सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल (Indian Oil), भारत पेट्रोलियम (Bharat Petroleum) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (Hindustan Petroleum) की ऑफिशयल वेबसाइट पर जाकर लेटेस्ट रेट पता कर सकते हैं.
- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की वेबसाइट: https://iocl.com/
- भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की वेबसाइट: https://www.bharatpetroleum.in/
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की वेबसाइट: https://www.hindustanpetroleum.com/
SMS से पता करें पेट्रोल या डीजल की ताजा कीमत
अगर आप अपने शहर के सटीक दाम जानना चाहते हैं, तो आप एक SMS भेजकर भी पता लगा सकते हैं.
- Indian Oil (IOCL) ग्राहक RSP <space> City Code लिखें और 9224992249 पर भेजें.
- Bharat Petroleum (BPCL) ग्राहक RSP लिखें और 9223112222 पर भेजें.
- Hindustan Petroleum (HPCL) ग्राहक HP Price लिखें और भेजें 9222201122 पर भेजें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं