विज्ञापन

कौन हैं दिल्ली में गिरफ्तार वो 8 आतंकी? जानिए ISI-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल के इन सदस्यों की पूरी प्रोफाइल

गिरफ्तार आरोपियों का मकसद दिल्ली और मुंबई समेत बड़े शहरों में आतंकी हमला करने का था. ये संदिग्ध आतंकी दिल्ली, मुंबई और पंजाब से हैं, कुछ लोग विदेशी भी हैं. सभी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में हमला करने की साजिश रच रहे थे.

कौन हैं दिल्ली में गिरफ्तार वो 8 आतंकी? जानिए ISI-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल के इन सदस्यों की पूरी प्रोफाइल
  • दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई के 9 एजेंटों को गिरफ्तार कर बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम किया है
  • गिरफ्तार आरोपियों की भूमिकाएं भर्ती, हमले की तैयारी, हथियार लाना, फंडिंग और ठिकानों का इंतजाम करना थीं
  • आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से संपर्क में थे और अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे थे
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए आईएसआई के 9 एजेंटों को गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन सभी की भूमिका अलग-अलग थी. कोई भर्ती का काम कर रहा था, कोई हमले की तैयारी में जुटा था, कोई हथियार लेकर दिल्ली पहुंच रहा था, तो कोई फंडिंग और ठिकानों का इंतजाम कर रहा था. जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं.

विजय उर्फ शूटर (23 साल): भर्ती और ऑपरेशन संभालने की जिम्मेदारी

पूरे नेटवर्क की जांच की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी विजय उर्फ शूटर से हुई. विजय राजाराम का बेटा है और मिर्जापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र के बजाहा गांव का रहने वाला है. स्पेशल सेल को जानकारी मिली थी कि विजय लगातार पाकिस्तान और दुबई में बैठे शाहजाद भट्टी नेटवर्क के संपर्क में है. 14 मई 2026 को उसे पुणे से गिरफ्तार किया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

पूछताछ में पता चला कि विजय को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों के लिए लोगों की भर्ती करने का काम दिया गया था. उसे युवाओं को जोड़कर एक नया नेटवर्क खड़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि विजय इस पूरे मॉड्यूल में रिक्रूटर और फील्ड कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभा रहा था.

नितीश पासवान (23 साल): विजय का करीबी सहयोगी

दूसरा आरोपी नितीश पासवान है, जो झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है. वह नवल किशोर का बेटा है और जीरुआबाड़ी थाना क्षेत्र के साकरोगढ़ गैस गोदाम इलाके में रहता है. विजय से पूछताछ के बाद उसका नाम सामने आया और 17 मई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में सामने आया कि नितीश लगातार विजय के संपर्क में था और नेटवर्क की गतिविधियों में उसकी मदद कर रहा था. पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है.

तौकीर रिजवान अहमद शेख (27 साल): मुंबई मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य

तौकीर रिजवान अहमद शेख महाराष्ट्र के मुंबई महानगर क्षेत्र के मुंब्रा इलाके का रहने वाला है. उसे 27 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया कि तौकीर सीधे ISI हैंडलर यावर खान और मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था. पुलिस के मुताबिक उसे दिल्ली और मुंबई में सुरक्षा प्रतिष्ठानों और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी. पूछताछ में यह भी पता चला कि तौकीर को फरार आरोपी हुजैफा ने नेटवर्क में शामिल किया था. हुजैफा भी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था.

Latest and Breaking News on NDTV

साजिद महबूब शेख उर्फ अरबाज खान (27 साल): हमले की तैयारी में शामिल

मुंबई से गिरफ्तार दूसरा आरोपी साजिद महबूब शेख है, जिसे अरबाज खान के नाम से भी जाना जाता है. वह मुंबई के कुर्ला इलाके का निवासी है. तौकीर की तरह अरबाज भी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था. जांच में सामने आया है कि उसे भी ग्रेनेड हमले और फायरिंग जैसी आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे कौन-कौन से संभावित टारगेट बताए गए थे.

हरविंदर सिंह (28 साल): पंजाब मॉड्यूल का सदस्य

हरविंदर सिंह पंजाब के लुधियाना जिले के देहलों क्षेत्र का रहने वाला है. वह हरभजन सिंह का बेटा है. जांच के अनुसार हरविंदर उन तीन आरोपियों में शामिल था जो दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से पहुंचे थे. पुलिस ने उसे 30 मई की रात महरौली-बदरपुर रोड से गिरफ्तार किया. उसकी गिरफ्तारी के दौरान हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए. जांच एजेंसियों का मानना है कि हरविंदर को किसी विशेष मिशन के लिए तैयार किया गया था.

गगनदीप सिंह (28 साल): पंजाब से दिल्ली पहुंचा दूसरा ऑपरेटिव

गगनदीप सिंह भी लुधियाना जिले का रहने वाला है. वह गुरदीप सिंह का बेटा है और पंजाब मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है. गगनदीप उन तीन लोगों में शामिल था जिन्हें पाकिस्तान स्थित हैंडलरों ने दिल्ली भेजा था. पुलिस के मुताबिक उसके पास से बरामद सामग्री और डिजिटल सबूत इस नेटवर्क में उसकी सक्रिय भूमिका की ओर इशारा करते हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

मनजीत सिंह (23 साल): सबसे कम उम्र का ऑपरेटिव

मनजीत सिंह पंजाब के लुधियाना जिले के गिदारी गांव का रहने वाला है. वह कुलवंत सिंह का बेटा है. सिर्फ 23 साल की उम्र में मनजीत इस नेटवर्क का हिस्सा बन गया. पुलिस का कहना है कि उसे भी अन्य दो पंजाब आरोपियों के साथ दिल्ली भेजा गया था. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि उसे किसी विशेष ऑपरेशन के लिए तैयार किया जा रहा था.

अंग कामी लामा (66 साल): नेपाल कनेक्शन और फंडिंग का जिम्मेदार

इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प और महत्वपूर्ण किरदार नेपाल का नागरिक अंग कामी लामा है. 66 साल का लामा काठमांडू के शेरपा कॉलोनी इलाके का रहने वाला है और दवा फिंजो लामा का बेटा है. जांच में सामने आया है कि उसका काम दिल्ली में आने वाले ऑपरेटिव्स के लिए ठिकाने की व्यवस्था करना और उनके खर्चों के लिए पैसे उपलब्ध कराना था. वह सीधे मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में ISI मॉड्यूल का पर्दाफाश बताता है ऑपरेशन सिंदूर से भी नहीं सुधरा पाकिस्तान, 6 महीने में गिरफ्तारियों की संख्या करती परेशान

पुलिस के मुताबिक लामा कोई साधारण व्यक्ति नहीं है. वह 2001 से 2018 तक थाईलैंड की जेल में एक नारकोटिक्स मामले में बंद रहा था. वहीं उसकी मुलाकात पाकिस्तान के एजाज रसूल और मोहम्मद सलीम उर्फ मुन्ना झिंगाड़ा से हुई थी. जेल से बाहर आने के बाद उसने मुन्ना झिंगाड़ा से संबंध बनाए रखे और बाद में उसके नेटवर्क के लिए काम करने लगा.

फरार आरोपी हुजैफा की तलाश जारी

जांच में एक और नाम सामने आया है हुजैफा. पुलिस के अनुसार मुंबई के आरोपी तौकीर और अरबाज को इसी ने भर्ती किया था. वह पाकिस्तान स्थित हैंडलरों और भारत में मौजूद ऑपरेटिव्स के बीच कड़ी का काम कर रहा था. फिलहाल हुजैफा फरार है और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली ISI मॉड्यूल में बड़ा खुलासा-मुंबई का मुन्ना थाई जेल से पहुंचा पाकिस्तान और बन गया आतंकियों का का आका

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के 9 एजेंट गिरफ्तार, हथियार बरामद

इसे भी पढ़ें: दिल्ली रेड फोर्ट कार बम धमाके में बड़ा खुलासा, NIA ने 7500 पन्नों की चार्जशीट में खोली आतंकी साजिश की परतें

लेखक के बारे में
img
मुकेश सिंह सेंगर
Deputy Editor - Crime & Investigation
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Eight Terrorists Arrested In Delhi, ISI-underworld Module
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com