विज्ञापन

NSE IPO: आ रहा है देश का सबसे बड़ा IPO, यहां 10 प्वॉइंट्स में समझें ₹30,000 करोड़ के इस मेगा इश्यू से जुड़ी हर जरूरी डिटेल

NSE IPO Details: 10 साल का इंतजार खत्म! NSE ला रहा ₹30,000 करोड़ का देश का सबसे बड़ा आईपीओ. SBI और राधाकिशन दमानी को होगा बंपर फायदा, निवेश करने से पहले जानिए इस मेगा इश्यू की 10 सबसे बड़ी बातें...

NSE IPO: आ रहा है देश का सबसे बड़ा IPO, यहां 10 प्वॉइंट्स में समझें ₹30,000 करोड़ के इस मेगा इश्यू से जुड़ी हर जरूरी डिटेल
NSE IPO News: बाजार के जानकारों और अनुमानों के मुताबिक, एनएसई का यह प्रस्तावित आईपीओ करीब ₹30,000 करोड़ का होने की उम्मीद है.

NSE IPO 2026: करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए आखिरकार वह मौका आ गया है ,जिसका इंतजार काफी बेसब्री से किया जा रहा था.देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अपने मेगा आईपीओ (IPO) के लिए बाजार रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास शुरुआती दस्तावेज यानी DRHP जमा कर दिए हैं. करीब ₹30,000 करोड़ के अनुमानित साइज वाला यह इश्यू भारतीय शेयर बाजार के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बनने जा रहा है, जो हुंडई मोटर इंडिया के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देगा.

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस लिस्टिंग के बाद एनएसई का कुल वैल्यूएशन ₹5 लाख करोड़ के पार निकल सकता है. यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसमें एक्सचेंज के मौजूदा बड़े शेयरधारक जैसे SBI और दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी अपनी करीब 6% हिस्सेदारी बेचेंगे. अगर आप भी इस मेगा आईपीओ में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो आपको हर डिटेल पता होना बेहद जरूरी है. आइए एकदम आसान भाषा में जानते हैं इस मेगा आईपीओ से जुड़ी 10 सबसे खास बातें जो हर निवेशक को मालूम होनी चाहिए...

  1. NSE का यह IPO पूरी तरह Offer For Sale (OFS) होगा. इसका मतलब यह है कि कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी. IPO में मौजूदा निवेशक अपने शेयर बेचेंगे और इश्यू से मिलने वाला पूरा पैसा उन्हीं शेयरधारकों को मिलेगा. NSE को इस इश्यू से कोई नई रकम नहीं मिलेगी.IPO के तहत कुल 14.89 करोड शेयर बेचे जाएंगे. इस शेयर बिक्री के जरिए मौजूदा निवेशक मिलकर एक्सचेंज में अपनी करीब 6 फीसदी हिस्सेदारी कम करेंगे. लंबे समय से अटकी लिस्टिंग प्रक्रिया के बाद यह कदम NSE के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
  2. इस IPO में कई बड़े निवेशक अपने शेयर बेच रहे हैं. इनमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा, जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, न्यू इंडिया एश्योरेंस, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस, कनाडा पेंशन प्लान इनवेस्टमेंट बोर्ड, MS Strategic और Aranda Investments जैसे नाम शामिल हैं.
  3. अगर NSE के हालिया कारोबार की बात करें तो कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा है. वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में NSE का मुनाफा बढ़कर 2,871 करोड रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 2,650 करोड रुपये था. इसी दौरान कंपनी की कुल आय 22 फीसदी बढ़कर 5,360 करोड रुपये हो गई.
  4. NSE भारत का सबसे बड़ा शेयर बाजार प्लेटफॉर्म है. यहां शेयर, फ्यूचर्स, ऑप्शंस, म्यूचुअल फंड, करेंसी डेरिवेटिव, कमोडिटी डेरिवेटिव, डेट मार्केट और कई अन्य निवेश उत्पादों में कारोबार होता है. ट्रेडिंग, क्लियरिंग और लिस्टिंग जैसी सेवाएं भी NSE एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है.
  5. कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से भारत में है, लेकिन उसने GIFT City में NSE IFSC नाम से एक यूनिट भी बनाई है. इसके जरिए विदेशी मुद्रा में कारोबार और ग्लोबल मार्केट तक लंबे समय तक पहुंच की सुविधा दी जाती है.
  6. भारत में NSE का सबसे बड़ा मुकाबला BSE से है. वहीं दुनिया के स्तर पर इसकी तुलना न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज (NYSE), Nasdaq, शंघाई स्टॉक एक्सचेंज, शेनझेन स्टॉक एक्सचेंज, कोरिया एक्सचेंज और जापान एक्सचेंज जैसे बड़े बाजारों से की जाती है.
  7. IPO में निवेशकों के लिए अलग-अलग हिस्से तय किए गए हैं. कुल इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) के लिए रखा गया है. वहीं 35 फीसदी हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए और 15 फीसदी हिस्सा अन्य निवेशकों के लिए आरक्षित रहेगा.
  8. इस मेगा IPO से कई बड़े शेयरधारकों को हजारों करोड रुपये का फायदा होने की उम्मीद है. सबसे ज्यादा लाभ पाने वालों में SBI शामिल है, जो करीब 2.47 करोड शेयर बेच सकती है. मौजूदा अनलिस्टेड बाजार कीमत के आधार पर इससे SBI को करीब 4,950 करोड रुपये मिल सकते हैं. दिलचस्प बात यह है कि SBI ने ये शेयर औसतन सिर्फ 80 पैसे प्रति शेयर की लागत पर खरीदे थे.
  9. DMart के फाउंडर राधाकिशन दमानी भी इस लिस्टिंग के बड़े लाभार्थियों में शामिल हैं. उनके पास NSE में करीब 1.58 फीसदी हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत लगभग 7,800 करोड रुपये आंकी जा रही है. इसके अलावा कनाडा पेंशन प्लान, MS Strategic, Aranda Investments, बैंक ऑफ बड़ौदा और कई सरकारी वित्तीय संस्थानों को भी इस IPO से बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.
  10. बाजार के जानकारों का मानना है कि इस IPO के बाद NSE का वैल्यूएशन 5 लाख करोड रुपये से ज्यादा हो सकता है. अगर इश्यू का आकार अनुमान के मुताबिक 30,000 करोड रुपये रहता है, तो यह अक्टूबर 2024 में आए 27,870 करोड रुपये के Hyundai Motor India IPO को पीछे छोड़कर भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन जाएगा.

एनएसई (NSE) का यह आईपीओ देश के स्टॉक मार्केट के इतिहास का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक मौका बनने जा रहा है. कंपनी का बिजनेस और मुनाफा दोनों बेहद मजबूत है. हालांकि, इसमें कोई नया शेयर जारी नहीं हो रहा है, इसलिए निवेश करने से पहले इसके फाइनल वैल्यूएशन और मार्केट के मूड को जरूर देख लें. 

(नोट- ये सिर्फ एक सामान्य जानकारी है. शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें.)

ये भी पढ़ें- 2 करोड़ के बदले SBI को मिलेंगे 5,000 करोड़ रुपये! NSE का IPO बरसेगा झामफाड़ पैसा, और कौन होगा मालामाल?

NSE IPO: आ रहा है देश का अब तक का सबसे बड़ा IPO, लिस्टिंग के बाद टॉप-10 में सीधे एंट्री, निवेशकों के लिए बड़ा मौका

लेखक के बारे में
img
अनिशा कुमारी
सबएडिटर
मैं करीब 4 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. वर्तमान में एनडीटीवी में सबएडिटर के रूप में कार्यरत हूं. मैंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, ट्र... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NSE IPO, Upcoming IPOs In 2026, NSE IPO Details, NSE Ipo News, NSE IPO Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com