विज्ञापन

2 करोड़ के बदले SBI को मिलेंगे 5,000 करोड़ रुपये! NSE का IPO बरसेगा झामफाड़ पैसा, और कौन होगा मालामाल?

NSE के IPO से SBI, LIC, बैंक ऑफ बड़ौदा और कई सरकारी वित्तीय संस्थानों को बड़ा फायदा हो सकता है. SBI ने कभी करीब 2 करोड़ रुपये में खरीदे गए NSE के शेयरों से लगभग 5,000 करोड़ रुपये तक की कमाई की संभावना बना ली है.

2 करोड़ के बदले SBI को मिलेंगे 5,000 करोड़ रुपये! NSE का IPO बरसेगा झामफाड़ पैसा, और कौन होगा मालामाल?
NSE के IPO से SBI, LIC, जनरल इंश्योरेंस और दूसरी कंपनियों को बहुत फायदा हो सकता है, कैसे... यहां जान लीजिए
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

NSE यानी नेशनल सटॉक एक्‍सचेंज का IPO आने वाला है. ये IPO आने के बाद SBI, LIC, बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे कई संस्‍थान मालामाल हो सकते हैं. SBI की ही बात करें तो इसने कभी 80 पैसे में जो शेयर खरीदे थे, उसके बदले उसे 2,000 रुपये मिल सकते हैं. SBI 2.47 करोड़ शेयर बेचने वाला है, यानी उसने कभी 2 करोड़ रुपये से भी (1,98,00,000) निवेश किया था, जिसके बदले उसे 4,950 करोड़ (49,50,00,00,000) रुपये मिलेंगे.

अगर NSE के IPO में शेयर प्राइस रेंज 2,000 रुपये से थोड़ा भी ऊपर जाता है तो ये रकम 5,000 करोड़ तक पहुंच सकती है. केवल SBI ही नहीं, कई और सरकारी वित्तीय संस्‍थानों को भारी मुनाफा होने की उम्‍मीद है. 

क्‍या है रिपोर्ट, डिटेल में समझिए 

समाचार एजेंसी IANS ने रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रस्तावित प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित कई सरकारी वित्तीय संस्थानों को भारी लाभ होने की उम्मीद है. साथ ही, यह जीवन बीमा निगम (LIC) के पास मौजूद हिस्सेदारी के वास्तविक मूल्य को भी सामने ला सकता है. 

NSE द्वारा दाखिल ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, SBI ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत 2.475 करोड़ शेयर बेचने की योजना बना रहा है.

यदि IPO का मूल्य लगभग 2,000 रुपये प्रति शेयर तय होता है, तो SBI की यह हिस्सेदारी करीब 5,000 करोड़ रुपये की हो सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, SBI ने ये शेयर औसतन सिर्फ 0.80 रुपये प्रति शेयर की लागत पर खरीदे थे.

LIC समेत कई संस्‍थान रहेंगे फायदे में 

NSE के शुरुआती निवेशकों में शामिल कई अन्य सरकारी संस्थान भी इस IPO से बड़ा लाभ कमाने की स्थिति में हैं. LIC, जो NSE की सबसे बड़ी शेयरधारक है और उसके पास 10.72 प्रतिशत हिस्सेदारी है, इस IPO में शेयर बेचने वालों की सूची में शामिल नहीं है. फिर भी उसकी हिस्सेदारी का मूल्य निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर सकता है.

  • बैंक ऑफ बड़ौदा ने NSE के शेयर औसतन 0.54 रुपये प्रति शेयर की लागत पर खरीदे थे. अनुमानित IPO मूल्य के आधार पर वह करीब 2,197 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेच सकता है.
  • वहीं, स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड भी लगभग 2,178 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेच सकता है, जबकि उसने अपने शेयर औसतन केवल 0.46 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे थे.
  • द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी और नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने NSE के शेयर औसतन 0.32 रुपये प्रति शेयर की लागत पर खरीदे थे. अनुमानित IPO मूल्य के अनुसार, न्यू इंडिया एश्योरेंस की पेशकश की जा रही हिस्सेदारी का मूल्य करीब 2,100 करोड़ रुपये होगा, जबकि नेशनल इंश्योरेंस कंपनी की हिस्सेदारी लगभग 1,200 करोड़ रुपये की हो सकती है.
  • यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, जिसने अपने शेयर औसतन 0.50 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे थे, वह भी लगभग 1,200 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेच सकती है.
  • जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (GICI) ने NSE के शेयर औसतन 5.26 रुपये प्रति शेयर की लागत पर खरीदे थे. कंपनी इस IPO के जरिए 2,131 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हिस्सेदारी बेच सकती है. हालांकि, इन सभी हिस्सेदारियों का अंतिम मूल्य IPO लॉन्च होने के करीब तय किया जाएगा.

NSE ने बुधवार को अपने बहुप्रतीक्षित IPO के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) और बीएसई के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया. प्रस्तावित लिस्टिंग के बाद NSE के शेयरों की ट्रेडिंग BSE पर होगी.

ये भी पढ़ें: रातोंरात कमाए 25 हजार करोड़, मस्क ने जिस कंपनी को 5.6 लाख करोड़ में खरीदा उससे भारतीय IT इंजीनियर मालामाल हुआ

लेखक के बारे में
img
निलेश कुमार
Senior Producer
निलेश, NDTV इंडिया में बिजनेस सेक्‍शन लीड करते हैं. मीडिया में रिपोर्टिंग समेत 13 साल से ज्‍यादा का अनुभव है. मार्केट, बिजनेस, इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NSE IPO, SBI NSE Stake Sale, NSE Shareholders, Stock Market, BSE Listing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com