विज्ञापन

जब मनमाने फैसलों पर भारी पड़ा यूजर्स का गुस्सा, मेटा ही नहीं इन सोशल मीडिया कंपनियों को भी टेकने पड़े थे घुटने

यूजर्स के गुस्से और कड़े नियमों के आगे जब घुटने टेकने पर मजबूर हुईं Meta और Snapchat जैसी दिग्गज सोशल मीडिया कंपनियां. जानिए उन 5 बड़े मौकों के बारे में, जब भारी विरोध के बाद रातों-रात वापस लेने पड़े नए फीचर्स.

जब मनमाने फैसलों पर भारी पड़ा यूजर्स का गुस्सा, मेटा ही नहीं इन सोशल मीडिया कंपनियों को भी टेकने पड़े थे घुटने
जब सोशन मीडिया दिग्गजों को बदलने पड़े अपने फैसले
NDTV

Meta discontinues Update: आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं. अक्सर ये कंपनियां यूजर्स एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने या फिर मार्केट में टिके रहने के लिए नए-नए फीचर्स और डिजाइन लॉन्च करती रहती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार इन टेक दिग्गजों के यही नए प्रयोग उन पर उल्टे भारी पड़ गए?

प्राइवेसी से खिलवाड़, कड़े यूरोपीय नियमों (EU Regulations) और दुनिया भर में हुए भारी विरोध के कारण कई बार इन कंपनियों को अपने पैर पीछे खींचने पड़े हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 बड़े मामलों के बारे में, जब टेक कंपनियों के घमंड को यूजर्स की एकजुटता ने तोड़ दिया.

Meta ने हटाया AI का 'Muse Image' टूल

हाल ही में मेटा (Meta) ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद ही नया 'Muse Image' टूल पेश किया था. इस फीचर की खासियत यह थी कि कोई भी यूजर किसी दूसरे पब्लिक अकाउंट की तस्वीरों का इस्तेमाल करके नई AI इमेज तैयार कर सकता था, लेकिन लॉन्च होते ही इस पर बवाल मच गया. दरअसल, बिना सहमति (Consent) के दूसरों की तस्वीरों के इस्तेमाल और गोपनीयता (Privacy) के उल्लंघन को लेकर वैश्विक स्तर पर विरोध शुरू हो गया. यहां तक कि हॉलीवुड की बड़ी यूनियनों (SAG-AFTRA) ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई. नतीजा यह हुआ कि भारी दबाव के आगे झुकते हुए मेटा को लॉन्च के महज कुछ ही दिनों के भीतर इस एआई फीचर को पूरी तरह से बंद करना पड़ा.

जब काइली जेनर के एक पोस्ट से हिल गई इंस्टाग्राम

साल 2022 में इंस्टाग्राम पर टिक टॉक (TikTok) का भूत इस कदर सवार हुआ कि कंपनी ने अपने पूरे ऐप को बदलने की कोशिश कर डाली. इंस्टाग्राम ने एक टेस्ट के तौर पर फुल-स्क्रीन वीडियो फीड और जबरन रिकमेंडेड पोस्ट्स दिखाना शुरू कर दिया. यूजर्स को इंस्टाग्राम का यह 'टिकटॉक अवतार' बिल्कुल भी रास नहीं आया. दुनिया की सबसे बड़ी इन्फ्लुएंसर्स में से एक काइली जेनर (Kylie Jenner) और किम कार्दशियन सहित करोड़ों आम यूजर्स ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया. चौतरफा फजीहत झेलने के बाद, इंस्टाग्राम के हेड को खुद सामने आकर इस री-डिजाइन को वापस लेने का ऐलान करना पड़ा.

मेटा को बंद करने पड़े लत लगाने वाले फीचर्स

ऐसा नहीं है कि मेटा ने पहली बार अपने सोशल मीडिया साइट कोई फीचर्स को हटाया हो, इससे पहले भी यूरोपीय संघ के चाबुक के बाद मेटा को अपना फैसला बदलना पड़ा था. दरअसल, ईयू ने युवाओं को ऐप की लत लगाने वाले फीचर्स के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए डिजिटल सेवा अधिनियम के तहत बिना रुके चलने वाली 'इन्फाइनाइट स्क्रॉलिंग' (Infinite Scroll) और अपने आप चलने वाले 'ऑटोप्ले वीडियो' (Autoplay Videos) जैसे फीचर्स को हटाने के निर्देश दिए थे. तब ईयू ने चेतावनी दी थी कि अगर इन फीचर्स को नहीं बदला गया, तो कंपनी पर अरबों यूरों का भारी जुर्माना लगाया जाएगा. कानूनी शिकंजे और जुर्माने के डर से मेटा को इन लत लगाने वाली सुविधाओं में बड़े बदलाव करने पड़े थे. 

Tumblr को यूजर इंटरफेस बदलना पड़ा भारी

माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म टम्बलर (Tumblr) ने एक बार अपने सबसे लोकप्रिय 'रीब्लॉग' (Reblog) फीचर और यूजर इंटरफेस (UI) में बहुत बड़ा बदलाव करने की कोशिश की थी. कंपनी को लगा था कि इससे उनका प्लेटफॉर्म मॉडर्न दिखेगा, लेकिन पासा पूरी तरह से उल्टा पड़ गया. यूजर्स को नया इंटरफेस इतना पेचीदा और खराब लगा कि उन्होंने विरोध स्वरूप प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना ही बंद कर दिया. लोग तेजी से टम्बलर छोड़कर दूसरे ऐप्स पर शिफ्ट होने लगे. लिहाजा, अपने वफादार यूजर्स को खोने के डरे टम्बलर को आखिरकार घुटने टेकने पड़े और पुराने इंटरफेस को वापस लाना पड़ा.

यह भी पढ़ें- महिलाओं को MP में 1500, झारखंड में 2500 रुपये...जानें आपके राज्य में कितना कैश दे रही सरकार

Snapchat का फ्लॉप री-डिजाइन

साल 2017 के आखिरी महीनों में स्नैपचैट (Snapchat) ने एक ऐसा री-डिजाइन लॉन्च किया, जिसने ऐप को पूरी तरह से उलझा कर रख दिया. चैट और स्टोरीज को इस तरह मिलाया गया कि आम यूजर्स के लिए ऐप चलाना सिरदर्द बन गया. लिहाजा, यूजर्स ने इसका विरोध शुरू कर दिया. हालत ये हो गई कि देखते ही देखते लाखों यूजर्स ने एक ऑनलाइन याचिका पर दस्तखत कर दिए और ऐप को अनइंस्टॉल करना शुरू कर दिया. इस यूजर-अनफ्रेंडली बदलाव के कारण स्नैपचैट को भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा. आखिरकार, यूजर्स की नाराजगी को भांपते हुए स्नैपचैट ने अपने नए डिजाइन को वापस ले लिया और ऐप को फिर से आसान बनाया.

यह भी पढ़ें- KAPSTON Share Return: 4 साल में एक लाख के कर दिए 12 लाख, 33 रुपये के इस शेयर का कमाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Meta, AI, Tumblr, Snapchat App
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com