विज्ञापन

आज हर महीने खर्च करते हैं 1 लाख रुपये, तो 10-20 साल बाद कितने पैसे की होगी जरूरत? जानिए महंगाई कैसे बिगाड़ेगी आपका बजट

Purchasing power Calculator: 6% महंगाई दर के हिसाब से आज 1 लाख रुपये महीने खर्च करने वाले परिवार को 20 साल बाद 3.21 लाख रुपये की जरूरत होगी. जानें रिटायरमेंट फंड का पूरा गणित.

आज हर महीने खर्च करते हैं 1 लाख रुपये, तो 10-20 साल बाद कितने पैसे की होगी जरूरत? जानिए महंगाई कैसे बिगाड़ेगी आपका बजट
Impact of Inflation on Purchasing Power: 6% की महंगाई से 20 साल में तिगुना हो जाएगा घर का खर्च, 1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड भी पड़ सकता है कम
NDTV इंडिया

Purchasing Power Explained: अगर आज आपके घर का महीने का खर्च 1 लाख रुपये है, तो आने वाले 20 साल में यही खर्च तीन गुना से भी ज्यादा हो सकता है. इसकी वजह है महंगाई, जो धीरे-धीरे आपकी जेब पर बोझ बढ़ाती है और पैसे की वैल्यू कम करती जाती है. अगर महंगाई दर सालाना 6% रहती है, तो आज 1 लाख रुपये में चलने वाला घर का बजट 20 साल बाद 3.21 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. ऐसे में रिटायरमेंट के लिए 1 करोड़ रुपये का फंड भी काफी नहीं होगा. आइए समझते हैं कि वक्त के साथ बढ़ती महंगाई आपकी जेब और भविष्य के बजट पर कैसे असर डालती है.

6% महंगाई  से 10 और 20 साल बाद कितना बढ़ जाएगा खर्च?

महंगाई का असर घर के हर खर्च पर पड़ता है. इसमें राशन, मकान, बच्चों की पढ़ाई, इलाज, आने-जाने और रोजमर्रा की जरूरतें शामिल हैं. मान लीजिए आपका परिवार आज इन सभी चीजों पर हर महीने 1 लाख रुपये खर्च करता है. अगर महंगाई दर 6% सालाना रहती है, तो 10 साल बाद इसी लाइफस्टाइल को बनाए रखने के लिए आपको हर महीने करीब 1.79 लाख रुपये खर्च करने होंगे.

वहीं, 15 साल बाद यह रकम बढ़कर 2.40 लाख रुपये और 20 साल बाद करीब 3.21 लाख रुपये हो जाएगी. इसका मतलब है कि आज जिस घर का महीने का खर्च 1 लाख रुपये है, उसे 20 साल बाद सालाना करीब 38.5 लाख रुपये की जरूरत होगी. यानी सिर्फ महंगाई के कारण घर का बजट काफी बढ़ सकता है.

हेल्थ और बच्चों की पढ़ाई बढ़ाएंगे खर्च

आने वाले सालों में परिवारों के लिए खर्च संभालना और मुश्किल हो सकता है. इसकी एक बड़ी वजह इलाज, बच्चों की पढ़ाई और शहरों में रहने का बढ़ता खर्च है. हेल्थकेयर और हायर एजुकेशन का खर्च कई बार सामान्य महंगाई दर से भी तेजी से बढ़ता है.खासकर उन परिवारों पर इसका ज्यादा असर पड़ सकता है, जिनके ऊपर बच्चों की पढ़ाई के साथ बुजुर्ग माता-पिता की जिम्मेदारी भी है. ऐसे में एक तरफ रोजमर्रा के खर्च बढ़ेंगे, तो दूसरी तरफ रिटायरमेंट के लिए बचत करना भी चुनौती बन सकता है.

1 करोड़ रुपये का रिटायरमेंट फंड काफी नहीं

आज 1 करोड़ रुपये बड़ी रकम लग सकती है, लेकिन 20 साल बाद इसकी परचेजिंग पावर यानी खरीदने की ताकत काफी कम हो जाएगी. 6% सालाना महंगाई के हिसाब से 20 साल बाद मिलने वाले 1 करोड़ रुपये की आज के हिसाब से वैल्यू सिर्फ करीब 31.2 लाख रुपये होगी. रिटायरमेंट फंड कितने का होना चाहिए इसका अंदाजा लगाने का एक आसान तरीका यह है कि सालाना खर्च का 25 से 30 गुना पैसा जमा किया जाए. अगर आज किसी परिवार का सालाना खर्च 12 लाख रुपये है, तो उसे मौजूदा खर्च के हिसाब से 3 करोड़ से 3.6 करोड़ रुपये का फंड चाहिए. लेकिन अगर यही परिवार 20 साल बाद रिटायर होता है, तो उसका सालाना खर्च करीब 38.5 लाख रुपये हो सकता है. इस हिसाब से 25 से 30 गुना खर्च का फंड करीब 9.62 करोड़ से 11.55 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.

हालांकि, रिटायरमेंट के लिए असल में कितने पैसे चाहिए होंगे, यह निवेश पर मिलने वाले रिटर्न, महंगाई, रिटायरमेंट के बाद कितने साल तक खर्च चलाना है और दूसरे इनकम सोर्स पर भी निर्भर करेगा. इसलिए रिटायरमेंट प्लानिंग करते समय महंगाई को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें | 1 करोड़ की वैल्यू 10 साल बाद कितनी रह जाएगी? जानें आपके पैसों की असली कीमत निकालने का सबसे आसान फॉर्मूला

यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: क्या 3.833 होगा फिटमेंट फैक्टर? 69,000 रुपये हो सकती है मिनिमम सैलरी, एरियर पर बड़ा अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Purchasing Power Calculator, Purchasing Power Vs Inflation, Purchasing Power And Inflation, Inflation Impact Retirement, Inflation Impact On Money
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com