Ladki Bahin Yojana Update: महाराष्ट्र सरकार की सबसे चर्चित 'माझी लाडकी बहीण योजना' (Majhi Ladki Bahin Yojana) से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. दरअसल, योजना के लाभार्थियों की सूची में से एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 92 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं. करीब एक महीने पहले सरकार ने E-KYC प्रक्रिया के बाद लगभग 80 लाख नाम हटाने के संकेत दिए थे, लेकिन ताजा सरकारी आंकड़ों के अनुसार यह संख्या अब 92 लाख के पार पहुंच चुकी है.
शुरुआत में इस योजना के कुल लाभार्थियों की संख्या लगभग 2.4 करोड़ थी, लेकिन, अब नई लिस्ट में 38 फीसदी महिलाओं के नाम हटाए चा चुके हैं. भौगोलिक तौर पर देखें, तो सबसे बड़ा झटका बीड जिले को लगा है, जहां अकेले 28 लाख महिलाओं के नाम सूची से बाहर किए गए हैं. इस बड़ी कटौती ने उन महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है, जो हर महीने मिलने वाली 1500 रुपये की वित्तीय सहायता के इंतजार में रहती थीं. अधिकारियों का कहना है कि पूरी पुनर्सत्यापन (Reverification) प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही अंतिम लाभार्थियों की संख्या तय होगी. इसके साथ ही, जिन महिलाओं को लगता है कि उनका नाम गलती से कटा है, उनकी शिकायतों की जांच की जा रही है.
हर महीने मिलती है 1500 रुपये की राशि
महाराष्ट्र सरकार की ओर से शुरू की गई 'मुख्यमंत्री - माझी लाडकी बहीण योजना' के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,500 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है. इस प्रकार, लाभार्थी महिलाओं को सालाना कुल ₹18,000 का सीधा आर्थिक लाभ मिलता है. महिलाओं तक बिना किसी परेशानी के पूरा लाभ पहुंचाने के लिए इस राशि को सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर किया जाता है.
सिर्फ eKYC ही नहीं, इन वजहों से भी कटे लाखों नाम
वरिष्ठ अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, लिस्ट से नाम हटने की वजह सिर्फ E-KYC न करना ही नहीं है, बल्कि पात्रता के कड़े नियम भी हैं, जिनकी वजह से भी लाखों महिलाओं के नाम लिस्ट से हटाए गए हैं.
- करीब 50 से 55 लाख महिलाएं सरकार की ओर से दिए गए लगभग 8 महीने के लंबे समय के भीतर भी अपनी ई-केवाईसी (eKYC) प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकीं, जिसकी वजह उनके नाम होल्ड या हटा दिए गए हैं.
- लगभग 12 लाख महिलाएं ऐसी पाई गईं, जो आयकर दाता हैं या जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय तय सीमा ₹2.5 लाख से ज्यादा थी.
- करीब 4.5 लाख से अधिक महिलाओं की उम्र योजना के लिए निर्धारित 65 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा को पार कर चुकी थी.
- इस योजना में करीब 14 हजार पुरुषों ने भी गलत तरीके से आवेदन कर लाभ लेने की कोशिश की थी, जिन्हें स्क्रूटनी के दौरान पकड़कर बाहर कर दिया गया है.
- लगभग 5 लाख महिलाएं पहले से ही 'नमो शेतकरी योजना' के तहत लाभ उठा रही थीं, इसलिए उन्हें भी लिस्ट से अलग किया गया है.
'कैग' ने भी वित्तीय बोझ पर जताई थी चिंता
इस बीच, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट जारी कर राज्य सरकार को आगाह किया था. कैग ने चेतावनी दी थी कि इस योजना पर होने वाले भारी भरकम खर्च से राज्य की आर्थिक स्थिति पर गंभीर दबाव पड़ सकता है. रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि योजना के तहत किए गए ₹3,541 करोड़ के खर्च को पूरी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता. आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में महिला कल्याण पर होने वाला खर्च वर्ष 202324 के ₹261.78 करोड़ से अप्रत्याशित रूप से बढ़कर 202425 में ₹33,554.36 करोड़ तक पहुंच गया है.
स्टेप बाय स्टेप लिस्ट में आपका नाम ऐसे करें चेक
बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम कटने की वजह अगर आप चिंता में हैं और अगर आप भी जानना चाहती हैं कि आपका नाम इस 92 लाख की 'ड्रॉप लिस्ट' में है या नहीं, तो आप दो आसान तरीकों से अपना पात्रता स्टेटस चेक कर सकती हैं.
आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऐसे करें चेक
- . सबसे पहले 'माझी लाडकी बहीण योजना' की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- . होमपेज पर दिखाई दे रहे 'अर्जदार लॉगिन' (Applicant Login) विकल्प पर क्लिक करें.
- . अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, पासवर्ड और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड दर्ज करके लॉग इन करें.
- . लॉगिन होने के बाद अपने डैशबोर्ड पर 'Application Status' सेक्शन में जाएं.
- . यहां अपना नाम या मोबाइल नंबर दर्ज कर सर्च करें. स्क्रीन पर आपके आवेदन की वर्तमान स्थिति (Approved, Rejected या Pending) दिखाई दे जाएगी.
'नारी शक्ति दूत' मोबाइल ऐप से ऐसे करें चेक
- . अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से आधिकारिक 'नारी शक्ति दूत' (Nari Shakti Doot) ऐप डाउनलोड करें.
- . ऐप इंस्टॉल होने के बाद अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी (OTP) डालकर लॉगिन करें.
- . ऐप के मुख्य डैशबोर्ड पर "लाभार्थी अर्जदारांची यादी" (Beneficiary Applicant List) वाले बटन पर क्लिक करें.
- . इसके बाद अपने क्षेत्र की सटीक जानकारी जैसे— जिला, तालुका, ब्लॉक और अपना गांव या वार्ड चुनें.
- . सभी विवरण चुनकर 'शोधा' (Search) पर क्लिक करें. आपके सामने आपके पूरे इलाके की स्वीकृत (Eligible) लाभार्थियों की सूची आ जाएगी. यदि इस सूची में आपका नाम है, तो आपको योजना का लाभ मिलता रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं