विज्ञापन

एलिस हुआंग की जेनसेन से मुलाकात और फिर धड़ाधड़ डील पर डील, 5 बिलियन डॉलर के Nvidia चिप्‍स तो केवल इस एक कंपनी ने खरीद लिए

Elis Huang पहली बार Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग से कब मिलीं या उनका अफेयर कितने समय तक चला, इसका पूरा पता नहीं चल पाया है, लेकिन एलिस के बारे में जो कहानियां सामने आई हैं, वो दिलचस्‍प हैं.

एलिस हुआंग की जेनसेन से मुलाकात और फिर धड़ाधड़ डील पर डील, 5 बिलियन डॉलर के Nvidia चिप्‍स तो केवल इस एक कंपनी ने खरीद लिए
जेनसेन हुआंग के साथ एलिस की मुलाकात कब और कैसे हुई, लोगों के मन में बड़ा सवाल
Source: NDTV Graphics/Canva

दुनिया की सबसे अत्‍याधुनिक चिप मेकर कंपनी Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग(Jensen Huang) ने एक्‍सट्रामैरिटल अफेयर यानी विवाहेतर संबंध की बात स्वीकार की है. कंपनी के बोर्ड ने एक चीनी बिजनेसवुमन एलिस हुआंग(Alice Huang) के साथ हुआंग के कथित करीबी रिश्तों की जांच शुरू की थी, जिस पर चीनी जासूस होने का संदेह है. 

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने रिपोर्ट दी थी कि हुआंग के संबंध एलिस हुआंग नाम की महिला से थे. एलिस, सिंगापुर की कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की पूर्व एग्जीक्यूटिव रह चुकी हैं. 

दोनों के सरनेम में भले ही हुआंग है, लेकिन एलिस का 63 वर्षीय ताइवान में जन्मे जेनसेन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है. अमेरिकी अधिकारियों ने जांच में बताया है कि एलिस हुआंग चीनी जासूसी तंत्र से जुड़ी हुई थीं.

एलिस हुआंग का क्‍या रहा है इतिहास? 

एलिस हुआंग को 'हुआंग ले' (Huang Le) के नाम से भी जाना जाता है. वह चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित 'मेगास्पीड' (Megaspeed) में एक टॉप अधिकारी (एग्जीक्यूटिव) के रूप में काम कर चुकी हैं. चीन के एक प्राइवेट-फंड डेटाबेस में मौजूद उनकी प्रोफाइल के अनुसार, वह पहले एक TV रिपोर्टर थीं और उन्होंने 'हुनान टीवी' (Hunan TV) और सरकारी ब्रॉडकास्टर 'सीसीटीवी' (CCTV) के साथ काम किया है. 

बताया जाता है कि उन्होंने HSBC में भी काम किया है, जहां वह इसके प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन के प्रेसिडेंट की सहायक थीं. इसके बाद वह 'सिटिक सिक्योरिटीज' (CITIC Securities) में वाइस प्रेसिडेंट बनीं.

लेकिन 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'हुनान टीवी' के एक कार्यकारी ने दावा किया कि उन्होंने कभी उनके बारे में नहीं सुना है. वहीं वेबसाइट पर भी उनकी कोई प्रोफाइल नहीं मिली.

कई कंपनियों में काम कर चुकी हैं एलिस हुआंग

चीन के निवेश रिकॉर्ड के अनुसार, हुआंग ने 'शंघाई हेक्सी इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट' (Shanghai Hexi Investment Management) में कार्यकारी निदेशक और फंड मैनेजर के रूप में भी काम किया है. बताया जाता है कि इस कंपनी का संबंध चीनी गेमिंग कंपनी '7रोड' (7Road) से था.

'मेगास्पीड' के कॉर्पोरेट इतिहास का संबंध '7रोड इंटरनेशनल' (7Road International) से भी जुड़ता है, जो '7रोड' की सिंगापुर स्थित विदेशी शाखा है. 

इस कंपनी की स्थापना 2023 में हुई थी. बताया जाता है कि उस समय यह 'हुआंग ले लिमिटेड' (Huang Le Limited) के स्वामित्व में थी, जिसका नेतृत्व ऐलिस हुआंग कर रही थीं. 

बाद में, उसी साल इसे 'स्विफ्टडेटा' (Swiftdata) को बेच दिया गया. हालांकि, हुआंग सार्वजनिक रूप से उस व्यवसाय से जुड़ी रहीं, जो चीन से जुड़ी कई कंपनियों के जाल के केंद्र में है और दक्षिण-पूर्व एशिया में 'एनवीडिया' (Nvidia) के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक है.

'द टाइम्स' के अनुसार, 'मेगास्पीड' ने पिछले दो वर्षों में 4.8 बिलियन डॉलर से ज्‍यादा की 'एनवीडिया' चिप्स खरीदी हैं.

एलिस-जेनसेन की मुलाकात और डील पर डील 

यह बहुत साफ नहीं हो पाया है कि एलिस हुआंग और जेनसेन हुआंग की मुलाकात पहली बार कब हुई और उनका अफेयर कब तक रहा. हालांकि जून 2024 की एक तस्‍वीर सामने आई है, जिसमें ताइपे के एक बार में एलिस, जेनसेन हुआंग के बगल में बैठी हैं. वहां वो 'गीगाबाइट' (Gigabyte) और 'नेटथंडर' (NetThunder) के अधिकारियों के साथ ड्रिंक कर रहे थे. 

'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के अनुसार, उसी दौरान एलिस हुआंग की कंपनी 'मेगास्पीड' ने कई बिलियन डॉलर के अत्याधुनिक AI माइक्रोचिप्स खरीदने की प्रक्रिया शुरू की थी.

फिर मई 2025 में, ताइपे के एक रेस्‍टॉरेंट के बाहर एलिस हुआंग को फिर से जेनसेन हुआंग के पीछे खड़े देखा गया, जब वे पत्रकारों से बात कर रहे थे. 

तब तक, 'मेगास्पीड' और एनवीडिया के बीच के लेन-देन पर वाशिंगटन (अमेरिकी प्रशासन) की नजर पड़ चुकी थी. अमेरिकी अधिकारियों की जांच में सामने आया कि 'मेगास्पीड' की प्रमुख बीजिंग को जानकारियां पहुंचा रही थीं.

'द टाइम्स' और 'फाइनेंशियल टाइम्स' के मुताबिक, चीन के 'मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी' (चीनी खुफिया एजेंसी) ने एलिस हुआंग को काम पर रखा था. उनका मकसद एनवीडिया के प्रमुख के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना और कंपनी पर दबाव डालना था, ताकि वह अपने सबसे अत्याधुनिक चिप्स चीन को बेच सके.

जब जो बाइडेन अमेरिका के प्रेसिडेंट थे, तब व्‍हाइट हाउस ने चीन को एनवीडिया के हाई-एंड चिप्स बेचने पर रोक लगा दी थी. हालांकि डोनाल्‍ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद, एनवीडिया ने चीन को चिप्स निर्यात करने पर लगे कड़े नियमों का विरोध किया.

यह भी पढ़ें | पत्रकार के तौर पर शुरुआत, फिर कमाल की जासूस, कौन है Nvidia के CEO को फंसाने वाली Alice Huang?

यह भी पढ़ें | चीनी जासूस Alice Huang के हुस्न के जाल में कैसे फंस गए Nvidia के CEO? जानें इनसाइड स्टोरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jensen Huang, Jensen Huang Affair, Jensen Huang News, Jensen Huang NVIDIA, Nvidia CEO Affair
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com