विज्ञापन

Infosys का बड़ा ऐलान, अक्टूबर से बढ़ेगी कर्मचारियों की सैलरी, 20,000 फ्रेशर्स को मिलेगी नौकरी

इन्फोसिस (Infosys) ने अपने कर्मचारियों और आईटी जॉब्स की तलाश कर रहे युवाओं को बड़ी खुशखबरी दी है. कंपनी ने ऐलान किया है कि कर्मचारियों की सैलरी हाइक (Salary Hike) का प्रोसेस इस साल अक्टूबर से शुरू होकर तीन चरणों में जनवरी तक लागू होगा.

Infosys का बड़ा ऐलान, अक्टूबर से बढ़ेगी कर्मचारियों की सैलरी, 20,000 फ्रेशर्स को मिलेगी नौकरी
Infosys ने कहा कि पहली तिमाही में ही 4,000 से ज्यादा फ्रेशर्स को ऑनबोर्ड किया जा चुका है.

अगर आप इंफोसिस में काम करते हैं या आईटी सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. देश की दिग्गज आईटी कंपनी Infosys ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और बड़ी संख्या में नई भर्ती करने का ऐलान किया है. कंपनी के CEO सलिल पारेख ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी हाइक अक्टूबर से शुरू होगी. वहीं चालू वित्त वर्ष (FY27) में 20,000 फ्रेशर्स को नौकरी देने की भी तैयारी है.

अक्टूबर से शुरू होगी सैलरी हाइक

Infosys के CEO सलिल पारेख ने पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजों के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस साल सैलरी रिवीजन का दौर अक्टूबर से शुरू होगा. कंपनी सभी कर्मचारियों को एक साथ हाइक नहीं देगी, बल्कि इसे अलग-अलग चरणों में लागू किया जाएगा.

कंपनी ने फिलहाल यह नहीं बताया है कि इस बार सैलरी में कितने प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी. हालांकि इतना साफ कर दिया गया है कि हाइक का प्रोसेस अक्टूबर से शुरू होकर जनवरी तक पूरा होगा.

तीन चरणों में मिलेगा सैलरी बढ़ोतरी का फायदा

Infosys के मुताबिक, सैलरी हाइक तीन चरणों में लागू की जाएगी. कंपनी के ज्यादातर कर्मचारियों को अक्टूबर में वेतन बढ़ोतरी का लाभ मिल जाएगा. वहीं सीनियर लेवल के कर्मचारियों का सैलरी रिवीजन जनवरी में लागू किया जाएगा.इस तरह अलग-अलग कर्मचारी समूहों के लिए अलग-अलग समय पर हाइक लागू होगी.

20,000 फ्रेशर्स को मिलेगा नौकरी का मौका

सिर्फ मौजूदा कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी Infosys ने बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने कहा है कि वह चालू वित्त वर्ष FY27 में कैंपस हायरिंग के जरिए 20,000 फ्रेशर्स की भर्ती करेगी.कंपनी का कहना है कि वह अपने कैंपस हायरिंग प्लान पर पूरी तरह कायम है और नए टैलेंट को जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी.

पहली तिमाही में ही 4,000 से ज्यादा फ्रेशर्स की भर्ती

Infosys ने जानकारी दी कि अप्रैल से जून 2026 की तिमाही के दौरान ही 4,000 से ज्यादा फ्रेशर्स को कंपनी में शामिल किया जा चुका है. इससे साफ है कि कंपनी अपने भर्ती लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है.आने वाले महीनों में भी विभिन्न कॉलेजों और संस्थानों से कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नई नियुक्तियां की जाएंगी.

Q1 रिजल्ट के साथ आया बड़ा अपडेट

कंपनी ने यह दोनों बड़े ऐलान पहली तिमाही (Q1 FY27) के वित्तीय नतीजों के साथ किए हैं. बात दें कि देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस (Infosys) ने बीते दिन  जून तिमाही (Q1FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का शुद्ध मुनाफा (Net Profit) सालाना आधार पर 12.2% बढ़कर 7,769 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि कुल कमाई (Revenue) 14% की बढ़त के साथ 48,211 करोड़ रुपये पर पहुंच गई.

इसके साथ ही, इन्फोसिस ने एक बड़ा लीडरशिप बदलाव करते हुए कंपनी के पुराने दिग्गज अशीष कुमार डैश को नया सीईओ (CEO-designate) नियुक्त किया है. वह 1 अप्रैल 2027 को मौजूदा सीईओ सलिल पारेख की जगह लेंगे. 

एक तरफ कर्मचारियों के लिए सैलरी हाइक का रोडमैप तय किया गया है, वहीं दूसरी तरफ फ्रेशर्स की भर्ती जारी रखने का भरोसा भी दिया गया है. ऐसे में Infosys के मौजूदा कर्मचारियों के साथ-साथ आईटी सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी यह अपडेट अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- ITR Deadline: क्या इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने की डेडलाइन बढ़ने वाली है? एक्सपर्ट ने क्या बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Infosys, Infosys Hiring, Infosys Result, Infosys Salary Hike, Infosys New CEO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com