Tata Sons Board Meeting: टाटा संस ने बोर्ड मीटिंग में एन चंद्रशेखर को चेयरमैन पद पर फिर से नियुक्त करने का फैसला लिया है. चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में खत्म हो रहा था और उन्होंने आगे पद की दौड़ में शामिल नहीं होने का फैसला लिया था. लेकिन गुरुवार को हुई बोर्ड मीटिंग में उन्हें एक और कार्यकाल यानी अगले 5 साल के लिए चेयरमैन पद पर बनाए रखने का फैसला लिया गया है.
टाटा संस ने बयान जारी कर बताया कि ये प्रक्रिया जुलाई, 2025 से ही चल रही थी.
टाटा संस ने बयान में कहा कि चंद्रशेखरन की फिर से नियुक्ति को लेकर जुलाई 2025 से ही प्रक्रिया चल रही थी. सर्वसम्मति के अभाव में मामला अटकता रहा. फिर चंद्रा ने जब अगस्त में फिर से नियुक्ति को लेकर अनिच्छा जताई तो बोर्ड ने उनसे फैसले पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया था. चंद्रशेखरन ने आज हुई बोर्ड मीटिंग में अनुरोध स्वीकार कर लिया.
चंद्रा की फिर से नियुक्ति की पूरी डिटेल, जो टाटा संस ने बताया
बोर्ड को टाटा ट्रस्ट्स से उनका 28 जुलाई, 2025 का सर्वसम्मत प्रस्ताव प्राप्त हुआ, जिसमें उन्होंने 2017 से समूह के नेतृत्व के लिए टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन (चंद्रा) की सराहना की. इन प्रयासों को मान्यता देते हुए टाटा ट्रस्ट्स ने प्रस्ताव पारित किया कि उनके वर्तमान कार्यकाल की समाप्ति पर उन्हें अगले 5 वर्षों के लिए फिर से कार्यकारी चेयरमैन के रूप में नियुक्त किया जाए.
इसके बाद, सितंबर 2025 में टाटा संस के बोर्ड ने चंद्रा को अगले 5 वर्षों के लिए कार्यकारी चेयरमैन के रूप में फिर से नियुक्त करने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की. कानून के लागू प्रावधानों के तहत, बोर्ड ने फरवरी 2026 में प्रासंगिक औपचारिक मंजूरी प्राप्त करने का निर्णय लिया.
फरवरी 2026 में, सर्वसम्मति के अभाव में, इस प्रस्ताव पर निर्णय को टाल दिया गया. मई 2026 और जून 2026 की बाद की बोर्ड बैठकों में, इस मामले पर चर्चा की गई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.
उपर्युक्त को ध्यान में रखते हुए, 12 अगस्त, 2026 को चंद्रा ने अपने वर्तमान कार्यकाल की समाप्ति पर री-अपॉइंटमेंट के लिए खुद को पेश न करने का विकल्प चुना.
3 सितंबर, 2026 को, टाटा संस के बोर्ड की नॉमिनेशन रेम्यूनरेशन कमेटी (NRC) की बैठक हुई. ये मीटिंग चंद्रा के पत्र पर चर्चा करने और कार्यकारी चेयरमैन के रूप में चंद्रा के री-अपॉइंटमेंट के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए हुई.
उचित विचार-विमर्श के बाद, उनके योगदान और टाटा समूह के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए, एनआरसी (NRC) ने सर्वसम्मति से उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करने और अगली बोर्ड बैठक में उनके री-एपॉइंटमेंट की सिफारिश करने का प्रस्ताव पारित किया.
17 सितंबर, 2026 को बोर्ड की बैठक में, चंद्रा ने अपने फैसले पर री-एपॉइंटमेंट करने के बोर्ड के अनुरोध को स्वीकार कर लिया. इसके बाद बोर्ड ने बहुमत के वोट से उनके वर्तमान कार्यकाल की समाप्ति पर उन्हें अगले 5 वर्षों के लिए फिर से कार्यकारी चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया.
बोर्ड ने लागू RBI दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए कदम उठाने का भी प्रस्ताव किया और ये लागू कंप्लायंस जरूरतों पर RBI, टाटा ट्रस्ट्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स से मार्गदर्शन मांगेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं