मिडिल ईस्ट में जारी टेंशन के बीच कच्चे तेल की कीमतें लगातार रिकॉर्ड बना रही हैं. 11 जून 2026 को कच्चे तेल की कीमतों में 2 फीसदी से ज्यादा उछाल आया है. ऐसे में भारत, जो अपनी जरूरतों का 85% फीसदी कच्चा तेल दूसरे देशों से खरीदता है, के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं. इसलिए सरकार पूरी कोशिश में है कि जल्द से जल्द दूसरे देशों पर से तेल की निर्भरता खत्म की जाए. अपनी जरूरतों को देखते हुए सरकार ने देश के फ्यूल सेक्टर में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम उठाया दिया है. दरअसल E20 पेट्रोल के जैसे ही अब हायर इथेनॉल मिक्स वाले फ्यूल जैसे E22, E25, E27 और E30 सेगमेंट पर भी एक्साइज ड्यूटी फ्री करने का फैसला सरकार की तरफ से लिया गया है.

government expend excise duty on e22 e25 e27 e30 petrol
नया टैक्स डिस्काउंट नहीं
देखा जाए तो डिपो लेवल पर पेट्रोल के साथ इथेनॉल को मिलाना एक मैन्युफैक्चरिंग एक्टिविटी के दायरे में आता है. इसलिए नियम के अनुसार इस पर एक्साइज ड्यूटी लगनी चाहिए. लेकिन अब E20 पर मिल रही फ्री एक्साइज ड्यूटी की सुविधा इथेनॉल मिक्स के सभी सेगमेंट में भी मिलेंगी. अभी देश के अंदर इसे लेकर कंफ्यूजन था कि सरकार ने अलग से एक्साइज ड्यूटी को हटाया है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया कि ये कोई नया टैक्स डिस्काउंट नहीं है. बस इसे E20 से आगे के सेगमेंट में बढ़ाया है.
अभी रोलआउट नहीं, टेस्टिंग जारी
अगर आप सोच रहे हैं कि कल से ही आपकी गाड़ियों में E30 पेट्रोल मिलने लगेगा, तो ऐसा नहीं है. पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार इस हाई मिक्स वाले पेट्रोल को अभी मार्केट में रोलआउट नहीं किया है. फिलहाल इस सेगमेंट की टेस्टिंग चल रही है. साथ ही ऑटोमोबाइल कंपनियों से इसके बारे में लगातार जानकारी ली जा रही है.
देश में लॉन्च हुआ E85 फ्यूल
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के मौके पर E85 को लॉन्च किया था. इसकी शुरुआत दिल्ली के पूसा रोड पर मौजूद इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट पर हो गई है. इसके साथ ही सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल अपने 48 रिटेल आउटलेट्स पर E85 का रोलआउट शुरू कर दिया है.
E85 20 रुपये सस्ता, पर अभी की गाड़ियों के लिए नहीं
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि आम नागरिको को बढ़ते नॉर्मल पैट्रोल के दामों से राहत मिले, इसलिए E85 को नॉर्मल पेट्रोल की कीमतों से 20 रुपये सस्ता रखा गया है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जानकारी देते हुए कहा कि E85 एक हाई इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल है, जिसमें 85% कर इथेनॉल और 15% तक नॉर्मल पेट्रोल होता है. इसे मौजूदा गाड़ी के इंजनों पर नहीं चलाया जा सकता. इसके लिए मार्केट में जल्द ही मारुति और हीरो अपनी कार और बाइक ला रहे हैं, जो E20 से लेकर E100 तक के फ्यूल पर चल सकती हैं.
लॉन्चिंग के मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि साल 2014 में पेट्रोल में इथेनॉल सिर्फ 1.53% मिक्स होता था, जो अब बढ़कर 20% तक जा पहुंचा है. देश ने अपने टारगेट को तय समय से 5 साल पहले ही पूरा कर लिया. इस पूरे बदलाव से देश को कई आर्थिक फायदे हुए हैं. जैसे 1.84 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की विदेशी मुद्रा की बचत हुई. इसके अलावा 302 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल का आयात कम किया गया.
इथेनॉल को लेकर सरकार का प्लान
सरकार ने E85 के लिए एक रोडमैप बनाया है, जिसे कई फेज में पूरा किया जाएगा. इस साल दिसंबर 2026 में सरकार का प्लान देशभर में E85 के लिए 500 रिटेल आउटलेट्स खोलने का है. वहीं एक साल बाद यानी दिसंबर 2027 में इस संख्या को 5000 रिटेल आउटलेट्स तक ले जाने का टारगेट है.ट
आम आदमी के लिए क्या हैं इस खबर के मायने
मालूम हो कि अभी E20 फ्यूल देश में चल रहा है. इसके ऊपर E22, E25, E27 और E30 फ्यूल को अभी देश में रोलआउट नहीं किया गया है. ऐसे में भविष्य में जब ये ईंधन देश में लॉन्च होगा तो नॉर्मल पेट्रोल के मुकाबले ये फ्यूल आम नागरिकों के लिए काफी सस्ता रहने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं