रक्षाबंधन का त्योहार अब बस एक ही दिन दूर है. आजकल सोने-चांजी की राखी खरीदना काफी ट्रेंड में हैं. इतना ही नहीं लोग राखी के त्योहार पर अपनी बहनों को गिफ्ट देने के लिए शगुन के तौर पर सोने और चांदी के गहनों की जमकर खरीदारी करते हैं. अगर आप भी रक्षाबंधन से पहले गोल्ड या सिल्वर ज्वेलरी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो बाजार का नया रेट जरूर जान लीजिए. त्योहार की इसी खरीदारी के बीच आज सर्राफा बाजार से लेकर वायदा बाजार (MCX) तक सोने और चांदी के तेवर काफी सख्त नजर आ रहे हैं. चलिए जानते हैं आज कितना बढ़ा है सोने-चांदी का भाव
चांदी ने पकड़ी तेज रफ्तार, 2.40 लाख के पार निकला भाव
आज सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की शुरुआत बड़ी तेजी के साथ हुई. चांदी का सितंबर कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव से 3,361 रुपये की मजबूती के साथ 2,42,999 रुपये प्रति किलो पर खुला. हालांकि, शुरुआती बढ़त के बाद बाजार में थोड़ी मुनाफावसूली भी देखने को मिली. इसके बावजूद भाव 2,40,000 रुपये के ऊपर बना हुआ है.
बीते एक साल के आंकड़े देखें, तो चांदी ने निवेशकों को 76 प्रतिशत से भी ज्यादा का तगड़ा रिटर्न दिया है.
सोना भी पड़ा महंगा, जानें 10 ग्राम गोल्ड का लेटेस्ट रेट
चांदी की ही तरह सोने की कीमतों में भी सुबह उछाल देखा गया. MCX पर सोने का अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट 836 रुपये की बढ़त के साथ 1,60,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. शुरुआती कारोबार में इसने 1,60,898 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने में मजबूती का असर घरेलू कीमतों पर दिख रहा है. बीते एक साल में सोने के भाव में 36 प्रतिशत से अधिक की बड़ी बढ़त आई है, जिससे यह आम खरीदारों के लिए काफी कीमती साबित हो रहा है.
देश के बड़े शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के रेट
अगर आप रिटेल मार्केट से ज्वेलरी खरीदने जा रहे हैं, तो अलग-अलग शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने का भाव जान लीजिए...
- दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,58,840 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,45,603 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
- मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,59,120 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,45,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है.
- चेन्नई में 24 कैरेट का रेट 1,59,580 रुपये और 22 कैरेट का रेट 1,46,282 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
- कोलकाता में 24 कैरेट का भाव 1,58,910 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,45,668 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.
- बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना 1,59,240 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,45,970 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
देश के अलग-अलग शहरों में 1 किलो चांदी की कीमत
दिल्ली में 1 किलो चांदी का रेट 2,39,360 रुपये है, जबकि मुंबई में यह 2,39,770 रुपये प्रति किलो पर बिक रही है. चेन्नई में चांदी सबसे महंगी 2,40,470 रुपये प्रति किलो के स्तर पर है.
सोने-चांदी की कीमतों में क्यों आ रही तेजी?
बाजार के जानकारों का मानना है कि अमेरिका में महंगाई की दर 2 प्रतिशत के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है. इस वजह से बॉन्ड यील्ड पर असर पड़ रहा है और निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने-चांदी में निवेश बढ़ा रहे हैं. हालांकि, जानकारों का यह भी कहना है कि रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान रेट में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, इसलिए आपको ताजा के रेट चेक करके ही बाजार में खरीदारी के लिए जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें- आज से 35 रुपये किलो मिलेगी प्याज: दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर वाराणसी और चंडीगढ़ तक राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं