Gold Rates Silver Rates: अमेरिका-ईरान में सीजफायर बढ़ने के बीच बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली, जिससे दोनों कीमती धातुओं के दाम एक प्रतिशत से अधिक बढ़ गए हैं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 12:24 बजे तक 5 जून की डिलीवरी वाला सोना 1.25 फीसदी या 1,900 रुपये से ज्यादा महंगा होकर 1,53,570 रुपये/10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा. वहीं 5 मई की डिलीवरी वाली चांदी 2.37 फीसदी या 5,800 रुपये महंगी होकर 2,50,502 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा.
ज्वैलरी मार्केट की बात करें तो सोने का भाव 1,54,750 रुपये/10 ग्राम के आसपास चल रहा है, वहीं चांदी 2.65 लाख/किलो के भाव बिक रही है.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. कॉमेक्स पर सोना 1.13 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,773.21 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77.99 डॉलर प्रति औंस पर थी.
घरेलू मार्केट में सुबह 10:30 पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.01 प्रतिशत या 1,535 रुपये की तेजी के साथ 1,53,206 रुपये पर था. सोने ने 1,53,052 रुपये का न्यूनतम स्तर और 1,53,699 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ है. चांदी का 5 मई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.74 प्रतिशत या 4,247 रुपये की बढ़त के साथ 2,48,948 रुपये पर था. अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,48,717 रुपये का न्यूनतम स्तर और 2,49,423 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ है.
मेट्रो शहरों में सोने की दौड़
देश के प्रमुख महानगरों में कीमतें लगभग समान स्तर पर बनी हुई हैं, हालांकि चेन्नई में 24 कैरेट सोने की कीमत सबसे अधिक ₹1,55,460 प्रति 10 ग्राम है. वहीं दिल्ली में यह ₹1,54,900 और मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु व हैदराबाद में ₹1,54,750 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. 22 कैरेट की बात करें तो चेन्नई में ₹1,42,500 जबकि अन्य महानगरों में यह ₹1,41,850 प्रति 10 ग्राम के भाव पर उपलब्ध है.

गुजरात और महाराष्ट्र के शहरों का हाल
महाराष्ट्र के पुणे में सोने के भाव मुंबई के बराबर (24K: ₹1,54,750 और 22K: ₹1,41,850) चल रहे हैं. गुजरात के दो प्रमुख व्यापारिक केंद्रों, अहमदाबाद और वडोदरा में सोने की कीमतें एक समान हैं. यहाँ 24 कैरेट सोना ₹1,54,800 प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना ₹1,41,900 प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा है. केरल में भी भाव मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों के समान ही स्थिर बने हुए हैं.
18 कैरेट सोने के भाव क्या चल रहे?
कम बजट वाले खरीदारों या हल्के गहनों के लिए लोकप्रिय 18 कैरेट सोने की कीमतों में भी शहरों के हिसाब से मामूली अंतर है. चेन्नई में 10 ग्राम 18 कैरेट सोना ₹1,18,040 में मिल रहा है, जो अन्य शहरों के मुकाबले थोड़ा महंगा है. दिल्ली में इसकी कीमत ₹1,16,210 है, जबकि मुंबई, पुणे, कोलकाता और बेंगलुरु में यह ₹1,16,060 के भाव पर टिका हुआ है. अहमदाबाद और वडोदरा में 18 कैरेट के लिए ग्राहकों को ₹1,16,110 प्रति 10 ग्राम खर्च करने होंगे.
सोने-चांदी में तेजी की वजह
सोने और चांदी में तेजी की वजह वैश्विक स्तर पर अस्थिरता में बढ़ोतरी को माना जा रहा है. अमेरिका की ओर से ईरान के साथ सीजफायर की डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया गया है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया है कि इसे कितने दिन के लिए आगे बढ़ाया गया है और यह कब तक जारी रहेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में मौजूदा समय में नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है. ऐसे में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने उनसे ईरान पर कुछ और समय तक हमले रोकने की अपील की, जिससे ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए और समय मिले. इससे ग्लोबल लेवल पर अनिश्चितता में इजाफा हुआ है, जिससे सुरक्षित माने जाने वाले सोने और चांदी में मांग में बढ़ोतरी देखने को मिली है.
ये भी पढ़ें: जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा की 20,000 फ्लाइट्स कैंसिल! फैसले के पीछे ये है वजह, आप पर क्या असर होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं