विज्ञापन

Gold Silver Prices: इधर मार्केट में संकट, उधर सोने-चांदी ने मार दी पलटी! एक्‍सपर्ट ने बताया- कहां तक गिरेंगे भाव

Gold Silver: बुधवार को मार्केट की शुरुआत गिरावट के साथ हुई, वहीं दूसरी ओर सोने-चांदी पर भी इसका असर देखा गया. दोनों के भाव में गिरावट देखी गई. एक्‍सपर्ट ने बताया है कि आखिर कहां तक जाएंगे भाव, यहां जानिए डिटेल में.

Gold Silver Prices: इधर मार्केट में संकट, उधर सोने-चांदी ने मार दी पलटी! एक्‍सपर्ट ने बताया- कहां तक गिरेंगे भाव
Gold Silver Prices Slump: सोने-चांदी के दाम गिए गए, एक्‍सपर्ट ने डिटेल में बता दिया काफी कुछ
Source: IANS/NDTV Gfx

Gold Silver Rates: पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष ने कमोडिटी बाजार समेत लगभग सभी बाजारों में अस्थिरता बढ़ा दी है. इस तनाव का असर विभिन्न बाजारों पर देखने को मिल रहा है. बुधवार के कारोबारी सत्र में शेयर मार्केट में जहां गिरावट देखी गई, वहीं सोना-चांदी भी एक दिन पहले के मुकाबले गिर गया. चांदी तो एक समय 1,500 रुपये तक सस्‍ती हो गई. घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. एमसीएक्स पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव 1,59,346 रुपये के मुकाबले 0.06 प्रतिशत बढ़कर 1,59,447 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला. वहीं जुलाई वायदा चांदी 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 2,66,668 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुली. दोपहर करीब 1:30 बजे अगस्त कॉन्ट्रैक्ट वाला सोना 346 रुपये या 0.22 प्रतिशत गिरकर 1,59,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. वहीं जुलाई कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 2,050 रुपये या 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,64,657 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.

इंटरनेशनल मार्केट में भी गिरावट 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली. अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने और ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रहने की आशंका बढ़ गई है. इसी कारण निवेशकों का रुझान सोने की ओर कम रहा.

स्पॉट गोल्ड 0.2 प्रतिशत गिरकर 4,476.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.3 प्रतिशत गिरकर 4,504.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते दिखे. स्पॉट सिल्वर भी 0.5 प्रतिशत टूटकर 74.73 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

विशेषज्ञों की क्या राय है? 

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण निवेशक सतर्क बने हुए हैं. अमेरिकी सेना के मुताबिक, ईरान ने बहरीन, कुवैत और अन्य क्षेत्रीय ठिकानों पर मिसाइल हमलों की कोशिश की, लेकिन ये हमले सफल नहीं हो सके. वहीं वॉशिंगटन और तेहरान के बीच चल रही बातचीत में भी कोई खास प्रगति नहीं हुई है. इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में 1 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई है, जिससे वैश्विक महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की चिंताएं और बढ़ गई हैं.

एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर के अनुसार, एमसीएक्स गोल्ड ने मजबूत शुरुआत की है और फिलहाल 1,59,000 रुपये के ऊपर बना हुआ है. यह बाजार में सकारात्मक रुझान का संकेत देता है. उनका कहना है कि अगर सोना 1,60,000 रुपये के स्तर को मजबूती से पार कर लेता है, तो इसकी कीमत 1,62,000 से 1,63,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है. वहीं 1,59,000 रुपये का स्तर फिलहाल मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है. अगर यह स्तर टूटता है, तो कीमतें 1,58,400 से 1,58,000 रुपये तक गिर सकती हैं.

कहां तक जाएगा सोना-चांदी? 

विशेषज्ञों के मुताबिक, एमसीएक्स सिल्वर फिलहाल 2,66,000 रुपये के ऊपर बनी हुई है, लेकिन बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है. चांदी के लिए 2,68,000 रुपये का स्तर महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस माना जा रहा है. अगर यह स्तर पार होता है, तो कीमतें 2,69,500 से 2,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक जा सकती हैं. हालांकि, अगर चांदी 2,65,000 रुपये के नीचे फिसलती है, तो इसमें और कमजोरी आ सकती है और भाव 2,63,000 से 2,61,000 रुपये तक पहुंच सकते हैं.

विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की चाल काफी हद तक अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर निर्भर करेगी. सुरक्षित निवेश की मांग और वैश्विक तनाव के कारण कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.

ये भी पढ़ें: RBI ने नहीं बेचा सोना! विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए गोल्‍ड बेचे जाने की खबर के बाद सरकार ने बताई सच्‍चाई 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com