Gold Silver Duty Hike Revenue 2026: देश में सोने, चांदी और दूसरी कीमती धातुओं (Precious Metals) पर आयात शुल्क (Customs Duty) में की गई बढ़ोतरी से केंद्र सरकार के राजस्व में रिकॉर्ड इजाफा दर्ज किया गया है. वित्त वर्ष 2026 में 13 मई 2026 से 2 अगस्त 2026 के महज तीन महीनों के भीतर ही सरकार को आयात शुल्क से कुल 10,463 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है.
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह आंकड़े प्रस्तुत किए.हालांकि, इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि इसी अवधी में सीमा शुल्क विभाग ने देश में अवैध रूप से लाए जा रहे 160 किलो से ज्यादा सोना जब्त कर 116 लोगों को गिरफ्तार भी किया.
सबसे ज्यादा कमाई सोने के आयात से हुई
संसद में पेश किए गए आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, कस्टम ड्यूटी से हुई कुल कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा सोने के आयात से आया है. कुल 10,463 करोड़ रुपये के राजस्व में से अकेले सोने और प्लैटिनम से मढ़े सोने सहित के आयात से 10,040 करोड़ रुपये मिले हैं.
स्मगलिंग पर सख्त कार्रवाई
मंत्री ने संसद में ये भी बताया कि 13 मई 2026 को इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद देश में अवैध तरीके से लाए जा रहे सोने के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया. इस दौरान 13 मई से 30 जून 2026 के बीच अधिकारियों ने 160.91 किलोग्राम सोना जब्त किया और तस्करी के आरोप में 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
भारतीय घरों में कितना पड़ा है सोना?
लोकसभा सांसद माला रॉय की ओर से पूछे गए एक सवाल कि क्या सरकार के पास भारतीय परिवारों के पास निष्क्रिय पड़े सोने का कोई ठोस अनुमान है, इसके जवाब में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी जवाब कि देश में आम परिवारों के पास असंगठित रूप से पड़े हुए सोने के बारे में सरकार के पास कोई आधिकारिक डेटा या अनुमान रिकॉर्ड में उपलब्ध नहीं है.
RBI के पास 880.52 टन सोना सुरक्षित
संसद में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने देश के विदेशी मुद्रा भंडार में रखे सोने के स्टॉक को लेकर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि 29 मई 2026 तक की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय रिजर्व बैंक के पास विदेशी मुद्रा भंडार के हिस्से के रूप में कुल 880.52 टन भौतिक सोना मौजूद है. इसके साथ ही सरकार ने दोहराया कि आरबीआई ने अपने रिजर्व में से कोई सोना नहीं बेचा है. उन्होंने कहा कि 3 जून 2026 को जारी प्रेस रिलीज के जरिए आरबीआई पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मीडिया में सोना बेचे जाने से जुड़ी रिपोर्ट्स पूरी तरह से भ्रामक और गलत थी.
सांसद रामप्रीत मंडल की ओर से आयात शुल्क बढ़ने से सोने-चांदी की तस्करी और अवैध कारोबार में बढ़ोतरी की आशंका से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि सीमा शुल्क के फील्ड फॉर्मेशन्स और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस सोने चांदी की अवैध तस्करी को रोकने और सतर्क रहने के लिए 24 घंटे लगातार निगरानी रख रहे हैं और किसी भी अवैध गतिविधि से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं.
यह भी पढ़ें- 16 की उम्र में स्कूल छोड़ा, 10 किलो पनीर से शुरू किया बिजनेस, बनाया 10,000 करोड़ का साम्राज्य, अब लेकर आए IPO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं