विज्ञापन

एलन मस्क की कंपनी SpaceX के IPO का जोश 10 दिन में ठंडा, शेयर 23% टूटे, निवेशकों को लगा तगड़ा झटका

Elon Musk SpaceX Stock: स्पेसएक्स के शेयरों में भारी गिरावट का असर उन निवेशकों पर सबसे ज्यादा पड़ा है जिन्होंने IPO के बाद खुले बाजार से शेयर खरीदे थे. ऐसे निवेशकों का लगभग पूरा मुनाफा खत्म हो गया है और कई निवेशक अब नुकसान में पहुंच चुके हैं.

एलन मस्क की कंपनी SpaceX के IPO का जोश 10 दिन में ठंडा, शेयर 23% टूटे, निवेशकों को लगा तगड़ा झटका
SpaceX Stock Falling: एलन मस्क की कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट, आईपीओ के 10 दिन बाद ही निवेशकों का मुनाफा लगभग गायब

दुनिया के सबसे अमीर शख्स  एलन मस्क की स्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है. कंपनी के शेयर सोमवार को करीब 16% तक टूट गए और इसका भाव 12 जून के आईपीओ प्राइस से भी नीचे  154.60 डॉलर पर बंद हुआ. बाजार में यह लगातार तीसरा दिन था जब स्पेसएक्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. हैरान करने वाली बात यह है कि अभी ठीक 10 दिन पहले ही इस कंपनी ने शेयर बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ लॉन्च किया था, लेकिन इतनी जल्दी इसके शेयर आईपीओ की कीमत से नीचे चले गए.

नए निवेशकों का मुनाफा लगभग गायब

SpaceX का शेयर 12 जून को Nasdaq पर लिस्ट हुआ था. उसी दिन शेयर 160.90 डॉलर पर बंद हुआ था. इसके बाद 16 जून को शेयर ने 201.80 डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छू लिया था. लेकिन अब हालात बदल गए हैं. सोमवार के बंद भाव के हिसाब से शेयर अपने उच्च स्तर से करीब 23 फीसदी नीचे आ चुका है.

इस भारी बिकवाली के बाद उन आम निवेशकों की चिंता बढ़ गई है जिन्होंने शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद इस उम्मीद में स्पेसएक्स के शेयर खरीदे थे कि उन्हें बड़ा मुनाफा होगा, लेकिन अब उनका ज्यादातर मुनाफा गायब हो चुका है और वे नुकसान में आ गए हैं.

SpaceX दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल

शेयर में गिरावट के बावजूद SpaceX का साइज अभी भी बहुत बड़ा है. कंपनी और पहले से शेयर रखने वाले निवेशकों ने IPO के जरिए 85 अरब डॉलर से ज्यादा जुटाए थे. कंपनी का बाजार मूल्य अभी भी करीब 2 ट्रिलियन डॉलर है. यह दुनिया की कई बड़ी कंपनियों से ज्यादा है और वॉलमार्ट तथा मेटा जैसी कंपनियों से भी आगे बनी हुई है.

पूरे टेक सेक्टर में दिखा दबाव

सोमवार को केवल SpaceX ही नहीं, बल्कि कई बड़ी टेक कंपनियों के शेयरों में भी दबाव देखने को मिला. Google की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट का शेयर एक साल से ज्यादा समय की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट के साथ बंद हुआ.

वहीं S&P 500 इंडेक्स 0.43 फीसदी नीचे बंद हुआ जबकि टेक कंपनियों पर आधारित Nasdaq इंडेक्स 1.3 फीसदी गिर गया.

निवेशकों को क्यों लग रही है चिंता?

मार्केट में चिंता इस बात को लेकर है कि महंगाई बढ़ने से बड़ी टेक कंपनियों पर कर्ज का दबाव बढ़ सकता है. पिछले कुछ समय में इन कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़ी नई सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च किया है. इसके लिए काफी पैसा उधार भी लिया गया है.

Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक SpaceX कम से कम 20 अरब डॉलर जुटाने के लिए बॉन्ड बेचने की तैयारी कर रही है. इस खबर के बाद निवेशकों की चिंता और बढ़ गई.निवेशक इस बात को लेकर सतर्क हैं कि SpaceX जैसी कंपनियों को अपने बड़े टेक प्लान पूरे करने के लिए बहुत ज्यादा नकदी की जरूरत होगी. यही वजह है कि शेयरों पर दबाव देखने को मिला.

तेल की कीमतें गिरीं, लेकिन टेक शेयरों को राहत नहीं 

सोमवार को यूएस और ईरान के बीच बातचीत में प्रोग्रेस की खबरों के बाद कच्चे तेल की कीमतें मार्च के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गईं. आमतौर पर तेल सस्ता होना बाजार के लिए अच्छी खबर माना जाता है, लेकिन इस बार टेक शेयरों को इससे कोई खास राहत नहीं मिली.

फिलहाल SpaceX के लिए सबसे बड़ी चुनौती निवेशकों का भरोसा बनाए रखना है. रिकॉर्ड तोड़ IPO के बाद आई यह तेज गिरावट दिखाती है कि बाजार में केवल बड़े नाम से काम नहीं चलता, निवेशक अब कंपनी की कमाई, खर्च और आगे की योजना पर भी करीबी नजर रख रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elon Musk, SpaceX IPO News, Spacex Share Price, SpaceX Stock Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com