विज्ञापन

सोना ही खरीदना है न! लीजिए NSE पर आ गया EGR, शेयरों की तरह खरीदें-बेचें, गहने बनवाने हैं तो निकाल लीजिए

NSE ने से शुरू की Electronic Gold Receipts (EGR) में लाइव ट्रेडिंग. अब डीमैट अकाउंट के जरिए शुद्ध सोने में निवेश करें. जानें कैसे मिलेगा असली सोना और क्या हैं इसके फायदे.

सोना ही खरीदना है न! लीजिए NSE पर आ गया EGR, शेयरों की तरह खरीदें-बेचें, गहने बनवाने हैं तो निकाल लीजिए
Gold EGR, Electronic Gold Receipts: गोल्‍ड में निवेश का ये विकल्‍प है सुरक्षित और आसान

Gold EGR: सोने में निवेश करने वालों के लिए आज का दिन एक बड़ा बदलाव लेकर आया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने आज से इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGRs) में लाइव ट्रेडिंग की शुरुआत कर दी है. आसान शब्दों में कहें तो अब आप शेयर बाजार में जैसे किसी कंपनी के शेयर खरीदते और बेचते हैं, वैसे ही सोने का लेन-देन भी कर सकेंगे. इस नई व्यवस्था से अब सोना खरीदना न सिर्फ आसान होगा, बल्कि यह पहले से ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी भी हो जाएगा.

क्या है EGR और ये कैसे काम करता है?

EGR का मतलब है ऐसी रसीद जो असली सोने के बदले डिजिटल रूप में मिलती है. जब आप NSE के जरिए सोना खरीदते हैं, तो वह असली सोना एक सुरक्षित तिजोरी (Vault) में जमा रहता है और उसके बदले आपको एक इलेक्ट्रॉनिक रसीद मिलती है.

यह रसीद आपके डीमैट खाते में रहती है. आप जब चाहें इसे शेयर की तरह बाजार में बेच सकते हैं. अगर आप असली सोना (Physical Gold) लेना चाहते हैं, तो अपनी रसीद दिखाकर उतनी ही मात्रा और शुद्धता का सोना वापस भी ले सकते हैं.

आपको क्या-क्‍या फायदे होंगे?

  1. शुद्धता की गारंटी: इसमें मिलावट या नकली सोने का डर खत्म हो जाता है क्योंकि एक्सचेंज पूरी तरह प्रमाणित शुद्धता सुनिश्चित करता है.
  2. सुरक्षा की चिंता खत्म: आपको सोना घर में या बैंक लॉकर में रखने की जरूरत नहीं है, जिससे चोरी का खतरा नहीं रहता.
  3. छोटा निवेश: आप छोटे स्तर से भी निवेश शुरू कर सकते हैं, जिससे यह बजट के अनुकूल है.
  4. पारदर्शी कीमतें: जैसे शेयरों के दाम स्क्रीन पर दिखते हैं, वैसे ही सोने के दाम भी बिल्कुल साफ और पारदर्शी होंगे.

इन केंद्रों पर रिसीट दीजिए, सोना लीजिए 

NSE ने बताया कि इस सुविधा को लेकर बाजार में काफी उत्साह है. फिलहाल मुंबई और अहमदाबाद में इसके कलेक्शन सेंटर काम कर रहे हैं. इन सेंटर्स पर सोना जमा किया जा सकेगा और निकाला जा सकेगा. सोमवार से दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में भी चार नए केंद्र शुरू कर दिए गए हैं.

NSE की योजना आने वाले समय में इसे चरणबद्ध तरीके से देशभर के 120 शहरों तक ले जाने की है, ताकि हर इलाके के लोग इस डिजिटल गोल्ड सुविधा का लाभ उठा सकें.

Latest and Breaking News on NDTV

सफल रहा परीक्षण, आसान विकल्‍प 

इस लाइव ट्रेडिंग से पहले 16 मई को एक मॉक ट्रेडिंग की गई थी, जो पूरी तरह सफल रही. एक्सचेंज ने भरोसा जताया है कि यह कदम भारत के गोल्ड मार्केट को नई दिशा देगा और इसे अधिक संगठित बनाएगा.

अब अगर आप भी सोने में निवेश की योजना बना रहे हैं, तो गहनों या सिक्कों के पारंपरिक झंझट के बजाय आप इस डिजिटल और आसान विकल्प को चुन सकते हैं.

ये भी पढ़ें: लंदन में नया भारत! क्यों ब्रिटिश धरती पर दिल खोलकर पैसा लुटा रहे हैं भारतीय रईस?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com