बीते दिन दिल्ली से चीन के ग्वांगझू शहर के लिए 6 साल बाद डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस दोबारा शुरू हो गई है, जिसे व्यापारियों के संगठन CTI ने भारतीय कारोबारियों के लिए 'गेम-चेंजर' बताया है. CTI के मुताबिक, दोनों देशों के बीच बेहतर होते बातचीत के माहौल और सीधी कनेक्टिविटी से भारत-चीन का द्विपक्षीय व्यापार 200 बिलियन डॉलर के स्तर को छू सकता है.
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चीन और भारत के बीच वार्ता के पॉजिटिव माहौल को देखते हुए दोनों देशों के बीच व्यापार 200 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है जो कि 2025 में लगभग 155 बिलियन डॉलर था.
सदर बाजार से चांदनी चौक तक के व्यापारियों के लिए बड़ी राहत
दिल्ली-ग्वांगझू डायरेक्ट फ्लाइट्स के 3 बड़े फायदे
उन्होंने बताया कि दिल्ली-ग्वांगझू डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने से ट्रेड और बिजनेस से जुड़े 3 बड़े फायदे होंगे ...
- पहला, बिजनेस ट्रैवल का समय 8-9 घंटे से घटकर 5.5 घंटे रह जाएगा और लागत 40% तक कम होगी.
- दूसरा, सैंपल और अर्जेंट पार्ट्स की एयर कार्गो लॉजिस्टिक्स तेज होगी. व्यापारी सुबह जाकर शाम को फैक्ट्री विजिट कर सकेगा.
- तीसरा, सप्लाई चेन का भरोसा लौटेगा. यह BRICS समिट के दौरान भारत-चीन बिजनेस नॉर्मलाइजेशन का सबसे बड़ा संकेत है.
व्यापारियों का बचेगा 40% किराया, 5.5 घंटे में तय होगा सफर
बृजेश गोयल ने आगे कहा कि अभी तक कारोबारियों को वाया हांगकांग या सिंगापुर होकर लंबा सफर तय करना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की भारी खपत होती थी. इतना ही नहीं भारतीय व्यापारी को ग्वांगझू जाने के लिए 65-75 हजार किराया और 18-20 घंटे लगते थे.
डायरेक्ट फ्लाइट से यही 35-45 हजार में 5:30 घंटे में होगा. इससे MSME ट्रेडर्स ज्यादा बार चीन जाकर क्वालिटी चेक और प्राइस नेगोसिएशन कर पाएंगे और कार्गो कॉस्ट भी घटेगी.
यानी 6 साल बाद सीधी उड़ान शुरू होने से व्यापारियों की सबसे बड़ी मुश्किल दूर हो गई है. इससे न सिर्फ कारोबारियों के समय और पैसों की बड़ी बचत होगी, बल्कि छोटे व्यापारी (MSME) भी अब आसानी से चीन जाकर सीधे बातचीत और बिजनेस डील कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें- अब 18 नहीं सिर्फ 5 घंटे में पहुंचेंगे चीन! ग्वांगझू-दिल्ली डायरेक्ट फ्लाइट्स से कारोबारियों को क्या होंगे फायदे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं