Crude Oil Surge, Check Petrol Diesel Prices: जिसका अंदेशा था, वही हुआ! तेल के दाम एक बार फिर बढ़ गए. वो भी 3 डॉलर/बैरल से ज्यादा. क्यों? क्योंकि मिडिल ईस्ट में एक बार फिर घमासान शुरू हो गया. सीजफायर यानी युद्धविराम समझौते के बावजूद इजरायल ने लेबनान पर हमला किया, गुस्साए ईरान ने इजरायल पर वार किया और फिर बौखलाए इजरायल ने ईरान पर पलटवार किया. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की बात भी दोस्त इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने नहीं मानी. इस बढ़ते तनाव के बीच सोमवार को क्रूड ऑयल की कीमतें 3 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा बढ़ गई. अमेरिकी कच्चा तेल 93.40 डॉलर के पार पहुच गया, जबकि ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर/बैरल के पार पहुंच गया.
शुक्रवार को अमेरिका-ईरान संघर्ष का तनाव कम होने की उम्मीद में तेल की कीमतों में नरमी देखी गई थी, लेकिन ताजा हमलों ने बड़े पैमाने पर जारी युद्ध के खत्म होने और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' (Hormuz Strait) के रास्ते कच्चे तेल की सप्लाई दोबारा शुरू होने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. दूसरी ओर ओपेक+ देश तेल का उत्पादन बढ़ाने पर एकमत हुए हैं, लेकिन राइसटैड एनर्जी (Rystad Energy) के जियोपॉलिटिकल एनालिसिस हेड जॉर्ज लियोन का कहना है कि मौजूदा बाजार को देखते हुए, उत्पादन बढ़ाने के इस फैसले का वास्तविक असर लगभग जीरो होगा.
ब्रेंट क्रूड फिर 95 डॉलर के पार, US क्रूड कितना चढ़ा?
अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 03:33 GMT तक ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 3.39% या 3.20 डॉलर चढ़कर 96.24 डॉलर प्रति बैरल के लेवल पर पहुंच गया. वहीं अमेरिकी कच्चे तेल (US Crude Futures) की कीमत 3.17% या 2.87 डॉलर चढ़कर 93.41 डॉलर प्रति बैरल हो गई.
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय समयानुसार, 00:13 GMT तक अमेरिकी कच्चे तेल (US Crude Futures) की कीमत $2.10 या 2.32% बढ़कर $92.64 प्रति बैरल पर थी, जबकि ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) $2.33 या 2.5% बढ़कर $95.42 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था.
शुक्रवार को तेल के दाम जितने कम हुए थे, सोमवार को एक बार फिर चढ़ गए. शुक्रवार को अमेरिका-इरान संघर्ष का तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी थी. इसी साल फरवरी में ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के साथ शुरू हुआ तनाव अबतक जारी है.
आज प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें
दिल्ली
- पेट्रोल: ₹102.12 प्रति लीटर
- डीजल: ₹95.20 प्रति लीटर
नोएडा
- पेट्रोल: ₹102.12 प्रति लीटर
- डीजल: ₹97.56 प्रति लीटर
मुंबई
- पेट्रोल: ₹111.21 प्रति लीटर
- डीजल: ₹97.83 प्रति लीटर
कोलकाता
- पेट्रोल: ₹113.51 प्रति लीटर
- डीजल: ₹99.02 प्रति लीटर
चेन्नई
- पेट्रोल: ₹107.77 प्रति लीटर
- डीजल: ₹99.55 प्रति लीटर
चंडीगढ़
- पेट्रोल: ₹101.51 प्रति लीटर
- डीजल: ₹89.47 प्रति लीटर
लखनऊ
- पेट्रोल: ₹101.89 प्रति लीटर
- डीजल: ₹95.36 प्रति लीटर
पटना
- पेट्रोल: ₹113.37 प्रति लीटर
- डीजल: ₹99.36 प्रति लीटर
रांची
- पेट्रोल: ₹105.26 प्रति लीटर
- डीजल: ₹100.49 प्रति लीटर
भोपाल
- पेट्रोल: ₹114.57 प्रति लीटर
- डीजल: ₹99.64 प्रति लीटर
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज दोबारा खोले जाने पर ब्रेक!
ताजा हमलों के बाद ऐसा माना जा रहा है कि इसने अमेरिका-ईरान शांति समझौते और 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को दोबारा खोलने के रास्ते में एक और बड़ी रुकावट खड़ी कर दी है. ये समुद्री रास्ता दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. दरअसल, ईरान ने अमेरिका के साथ शांति समझौते के लिए लेबनान के साथ युद्धविराम को एक शर्त बनाया था.
अप्रैल की शुरुआत में जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर अपने हमले रोके थे, तब से ये युद्ध थमा हुआ था. हालांकि ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' से गुजरने वाले ज्यादातर जहाजों का रास्ता अभी भी ब्लॉक कर रखा है.
OPEC+ देश तेल उत्पादन बढ़ाने पर एकमत
एनर्जी सप्लाई के संकट के बीच, ओपेक प्लस (OPEC+) देशों ने रविवार को पिछले चार महीनों में चौथी बार तेल उत्पादन बढ़ाने पर सहमति जताई है. हालांकि, जानकारों का कहना है कि इस फैसले का कोई खास असर नहीं होगा, क्योंकि ओपेक प्लस के ज्यादातर सदस्य देश हॉर्मुज का रास्ता बंद होने के कारण अपने उत्पादन लक्ष्य को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. वहीं रूस के मामले में, उसके इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुए हमलों ने उसकी उत्पादन क्षमता को काफी नुकसान पहुंचाया है.
राइसटैड एनर्जी (Rystad Energy) के जियोपॉलिटिकल एनालिसिस हेड जॉर्ज लियोन ने अपनी रिपोर्ट में कहा, 'मौजूदा बाजार को देखते हुए, उत्पादन बढ़ाने के इस तरह के फैसले का जमीन पर वास्तविक असर लगभग जीरो होगा.'
Sources: NDTV Research, IOCL Websites, International Crude Price
ये भी पढ़ें: LPG सिलेंडर 642 रुपये का पड़ेगा! जानिए किसे 45, किसे 66 और किसे 164 रुपये की पड़ रही 1 किलो गैस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं