Nasscom Budget Wishlist: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से IT सेक्टर में काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है. इसका असर कंपनियों के बिजनेस मॉडल से लेकर कर्मचारियों की नौकरियों और स्किल्स तक पर पड़ रहा है. ऐसे में टेक कंपनियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए Nasscom ने बजट 2027-28 के लिए सरकार के सामने कई अहम सुझाव रखे हैं. इनमें तीन साल की AI ट्रांसफॉर्मेशन स्कीम, MSME के लिए साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम और ESOP टैक्स नियमों में बदलाव की मांग शामिल है.
AI के लिए तीन साल की खास स्कीम की मांग
Nasscom ने सरकार से शुरुआती तीन साल के लिए AI सर्विसेज ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन स्कीम शुरू करने की मांग की है. इसे इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय (MeitY) और वित्त मंत्रालय इंडस्ट्री के साथ मिलकर तैयार करें. इसका मकसद AI की चुनौतियों के बीच छोटी IT कंपनियों को आगे बढ़ने में मदद करना है. इसके तहत कंपनियों को नई टेक्नोलॉजी डेवलप करने, कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने और AI बेस्ड सर्विस को मार्केट तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
Nasscom का कहना है कि AI बेस्ड प्रोडक्ट और सर्विस तैयार करने में शुरुआत में काफी निवेश करना पड़ता है. छोटी कंपनियों के लिए यह आसान नहीं है. ऐसे में उन्हें टेक्निकल सुविधाएं, एक्सपर्ट्स की मदद और साझा प्रोजेक्ट उपलब्ध कराए जाने चाहिए. भारत में तैयार और यहीं से ऑपरेट होने वाले AI प्रोडक्ट और सर्विस को भी बढ़ावा देने की जरूरत है. इनमें लाइसेंस फीस, सब्सक्रिप्शन, इस्तेमाल के आधार पर भुगतान और नतीजों से जुड़ी कमाई वाले मॉडल शामिल हैं.
कर्मचारियों की स्किल बढ़ाने पर जोर
इस स्कीम में कर्मचारियों की ट्रेनिंग को वास्तविक प्रोजेक्ट से जोड़ने का सुझाव दिया गया है. इससे मौजूदा कर्मचारी नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार हो सकेंगे और नए लोगों को काम का अनुभव मिलेगा. छोटी कंपनियों को ट्रेनिंग के दौरान कर्मचारियों को क्लाइंट के काम से हटाने में भी मुश्किल होती है. ऐसे में साझा ट्रेनिंग और एक्सपर्ट सपोर्ट से उन्हें मदद मिल सकती है.
MSME के लिए साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम
AI की मदद से साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ रहा है. इसे देखते हुए Nasscom ने मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के MSME के लिए अलग साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम शुरू करने की मांग की है. इसके शुरुआती चरण के लिए एक तय बजट रखने का सुझाव है, ताकि छोटे कारोबार बुनियादी साइबर सुरक्षा व्यवस्था बना सकें और उसे बनाए रख सकें.
ESOP पर शेयर बेचने के बाद लगे टैक्स
Nasscom ने अनलिस्टेड कंपनियों के कर्मचारियों को दिए जाने वाले ESOP के टैक्स नियमों में भी बदलाव मांगा है. फिलहाल कर्मचारियों को शेयर बेचने से पहले ही टैक्स देना पड़ सकता है. संगठन चाहता है कि टैक्स शेयर बेचने, कंपनी की लिस्टिंग या ऑप्शन एक्सरसाइज करने के 10 साल पूरे होने, इनमें से जो पहले हो, उस समय लगे. टैक्स का कैलकुलेशन एक्सरसाइज के समय मिले फायदे और वास्तव में शेयर बेचने पर हुई कमाई में से कम रकम के आधार पर हो. इसके लिए प्रति कर्मचारी एक लिमिट और गलत इस्तेमाल रोकने के उपाय भी होने चाहिए.
नौकरियों और GCC के लिए भी सुझाव
Nasscom ने इनकम टैक्स एक्ट 2025 के सेक्शन 146 के तहत अतिरिक्त कर्मचारी रखने पर मिलने वाली कटौती के लिए मंथली सैलरी लिमिट 25,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की मांग की है. यह सीमा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना में पहले से लागू 1 लाख रुपये की वेतन सीमा के बराबर होगी. इससे एंट्री-लेवल टेक्नोलॉजी नौकरियों समेत ज्यादा औपचारिक रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है.
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC) के लिए भी टैक्स नियम आसान करने की मांग की गई है. विदेश से आने वाले कर्मचारियों को 12 महीने में कुल 90 दिन तक भारत आने की छूट देने का सुझाव है. अगर भारतीय GCC कर्मचारी का काम तय करता है, उसका मूल्यांकन करता है और वेतन देता है, तो इस व्यवस्था से परमानेंट एस्टेब्लिशमेंट (PE) नहीं बनना चाहिए. वास्तविक सैलरी खर्च की भरपाई को टेक्निकल सर्विस फीस भी नहीं माना जाना चाहिए.
IT कंपनियों के मर्जर और टैक्स विवाद पर सुझाव
IT सर्विस कंपनियों के रीकंस्ट्रक्चरिंग को आसान बनाने के लिए Nasscom ने एलिजिबल मर्जर में पुराने घाटे और इस्तेमाल नहीं हुई डेप्रिसिएशन को आगे जारी रखने की मांग की है. इससे सॉफ्टवेयर, IT-इनेबल्ड और नॉलेज प्रोसेस कंपनियां एक ग्रुप में जुड़ सकेंगी और उनके पुराने घाटे खत्म नहीं होंगे.इसके अलावा, कंपनीज एक्ट 2013 के सेक्शन 233 के तहत मंजूर योग्य डीमर्जर को इनकम टैक्स एक्ट 2025 के सेक्शन 2(35) में डीमर्जर की परिभाषा में शामिल करने का सुझाव दिया गया है. संगठन ने टैक्स विवादों का तेजी से निपटारा करने और कंपनियों को टैक्स नियमों में ज्यादा स्पष्टता देने पर भी जोर दिया है.
Nasscom का कहना है कि इन सुझावों से भारत की ग्लोबल टेक्नोलॉजी में पकड़ मजबूत होगी, AI इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा और बदलते दौर में कर्मचारियों के लिए नए अवसर तैयार होंगे.
यह भी पढ़ें | India-UK CETA: स्कॉच व्हिस्की पर टैरिफ विवाद, सरकार ने कहा- CETA की शर्तें नहीं तोड़ीं, बताया कहां फंसा पेंच
यह भी पढ़ें | कचरे से सोना-चांदी और लिथियम निकालेगी यह कंपनी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग में करेगी ₹3,000 करोड़ का बड़ा निवेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं