बजट 2027 से पहले लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स टैक्स (LTCG Tax) को लेकर बहस तेज हो गई है. शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले लोग इस टैक्स में राहत (Tax Relief) की उम्मीद कर रहे हैं. FICCI, SBI रिसर्च और PHDCCI ने सरकार के सामने अलग-अलग सुझाव रखे हैं. कोई LTCG टैक्स खत्म करने की मांग कर रहा है, तो कोई छूट की लिमिट बढ़ाने के पक्ष में है. हालांकि, वित्त मंत्रालय को सलाह देने वाले अर्थशास्त्रियों की राय इससे अलग है. उनका कहना है कि मौजूदा टैक्स सिस्टम में बदलाव नहीं होना चाहिए.
SBI Research ने दिया टैक्स खत्म करने का सुझाव
SBI Research ने नवंबर 2026 की रिपोर्ट में इक्विटी पर LTCG टैक्स पूरी तरह खत्म करने का सुझाव दिया है. उसके मुताबिक, इससे FY28 में सरकार को 40,000-50,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. हालांकि, रिपोर्ट का मानना है कि सरकार इस नुकसान को संभाल सकती है.
रिपोर्ट के अनुसार, LTCG से टैक्स कलेक्शन FY25 के 1.29 लाख करोड़ रुपये से घटकर FY26 में करीब 1 लाख करोड़ रुपये रहा. FY27 में इसके 40,000-50,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है. SBI रिसर्च ने सालाना टैक्स छूट 1.25 लाख से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने, इसे महंगाई से जोड़ने और 90 दिनों के भीतर इक्विटी म्यूचुअल फंड में दोबारा निवेश करने पर टैक्स टालने का सुझाव भी दिया है. इसके अलावा STT में 50% बढ़ोतरी की बात कही है. इससे FY28 में करीब 45,000 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं.
FICCI और PHDCCI भी चाहते हैं टैक्स में राहत
FICCI ने लिस्टेड शेयरों पर LTCG टैक्स की पुरानी छूट बहाल करने की मांग की है. उसका सुझाव है कि जरूरत पड़ने पर डिलीवरी ट्रेड पर STT बढ़ाया जा सकता है. साथ ही टैक्स नियम करीब 10 साल तक स्थिर रखने की बात कही है. विदेशी निवेशकों को उनके निवेश की मूल करेंसी में कैपिटल गेन कैलकुलेट करने की सुविधा देने का भी सुझाव है.
वहीं, PHDCCI ने लिस्टेड शेयरों पर LTCG टैक्स खत्म करने, शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स (STCG) टैक्स 20% से घटाकर 10% करने और STT की दरें कम करने की मांग की है.
अर्थशास्त्री बोले- मौजूदा टैक्स सिस्टम रहने दें
16 नवंबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) की अध्यक्षता में हुई पहली प्री-बजट बैठक में अर्थशास्त्रियों ने LTCG टैक्स में कटौती नहीं करने की सलाह दी. PTI के मुताबिक, उनका मानना है कि अर्थव्यवस्था में सुधार दिख रहा है और निजी निवेश बढ़ रहा है. महंगाई घटने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी की उम्मीद भी जताई गई. हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के टैक्स नियमों की समीक्षा और डॉलर में कैपिटल गेन की गणना पर विचार करने का सुझाव दिया गया.
जुलाई 2024 में क्या बदले थे टैक्स नियम?
जुलाई 2024 के बजट में लिस्टेड शेयरों और इक्विटी म्यूचुअल फंड पर LTCG टैक्स 10% से बढ़ाकर 12.5% किया गया था. सालाना टैक्स छूट 1 लाख से बढ़ाकर 1.25 लाख रुपये हुई थी. ज्यादातर दूसरी संपत्तियों पर इंडेक्सेशन हटाकर LTCG दर 20% से घटाकर 12.5% की गई. कुछ लिस्टेड फाइनेंशियल एसेट्स पर STCG टैक्स भी 15% से बढ़ाकर 20% हुआ था. सरकार ने इन बदलावों का मकसद टैक्स सिस्टम को आसान बनाना और अलग-अलग संपत्तियों के टैक्स नियमों में समानता लाना बताया था.
LTCG और STT में क्या अंतर है?
STT शेयर बाजार में होने वाले तय ट्रांजैक्शन पर लगता है. यह मुनाफे के बजाय ट्रांजैक्शन की रकम पर लिया जाता है. यानी शेयर बेचने पर नुकसान होने के बावजूद STT देना पड़ सकता है. वहीं, LTCG टैक्स लंबी अवधि के निवेश पर हुए मुनाफे पर लगता है. PHDCCI का कहना है कि STT को कैपिटल गेन की गणना में घटाया भी नहीं जा सकता.
क्या Budget 2027 में मिलेगी राहत?
CBDT के मुताबिक, मंत्रालय को LTCG और STT पर अलग-अलग संस्थाओं से मिले सुझावों की जांच की जा रही है. इनके सरकारी खजाने पर पड़ने वाले असर का भी आकलन हो रहा है. फिलहाल सरकार ने किसी प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी है और न ही उसे खारिज किया है. LTCG टैक्स में बदलाव होगा या नहीं, इसका जवाब 1 फरवरी 2027 को बजट पेश होने पर ही मिलेगा.
यह भी पढ़ें | FSSAI के एक्शन के बीच जानें कौन हैं Bisleri के मालिक, ₹3,200 करोड़ के बिजनेस साम्राज्य की पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं