बड़ौदा बीएनपी पारिबा म्यूचुअल फंड की स्कीम बड़ौदा BNP पारिबा मल्टी एसेट एक्टिव फंड ऑफ फंड्स (FOF) ने लॉन्च होने के बाद अपना पहला साल पूरा कर लिया है. 30 जून 2025 को शुरू हुई इस स्कीम ने अब तक 10.31% का रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले एक साल में इस फंड का रिटर्न 10.67% रहा, जो इसके कंपोजिट बेंचमार्क के 10.38% रिटर्न से बेहतर है. अगर किसी निवेशक ने लॉन्च के समय इसमें 1 लाख रुपये लगाए होते, तो एक साल से थोड़ा ज्यादा समय में उसकी रकम करीब 1.11 लाख रुपये हो जाती.
एक ही फंड में इक्विटी, डेट और गोल्ड में निवेश
यह स्कीम उन लोगों के लिए बनाई गई है, जो एक ही फंड के जरिए कई एसेट क्लास में निवेश करना चाहते हैं. यह फंड इक्विटी, डेट और गोल्ड में निवेश करता है. मार्केट की स्थिति और निवेश के मौकों को देखते हुए फंड मैनेजमेंट टीम समय-समय पर इन तीनों एसेट क्लास में निवेश का हिस्सा बदलती रहती है. इससे निवेशकों को एक ही स्कीम में डाइवर्सिफाइड पोर्टफोलियो का फायदा मिलता है. इस फंड का मकसद सिर्फ वेल्थ बढ़ाना ही नहीं, बल्कि पोर्टफोलियो को ज्यादा स्थिर रखना भी है. अलग-अलग मार्केट साइकिल में मिलने वाले निवेश के मौके का फायदा उठाने की भी कोशिश की जाती है.
कम उतार चढ़ाव के साथ बेहतर रिटर्न की कोशिश
यह स्कीम इक्विटी बेस्ड मल्टी एसेट FOF के मुकाबले कम उतार चढ़ाव के साथ बेहतर रिस्क एडजस्टेड और अपेक्षाकृत स्थिर रिटर्न देने की कोशिश करती है. अगर कोई निवेशक इस स्कीम में 24 महीने यानी 2 साल से ज्यादा समय तक निवेश बनाए रखता है, तो उसे इक्विटी फंड की तरह 12.5% की दर से लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स और लागू सरकारी चार्ज देना होगा. इस स्कीम का उद्देश्य इक्विटी, डेट और गोल्ड जैसे तीन एसेट क्लास में निवेश करने वाले म्यूचुअल फंड्स के पोर्टफोलियो के जरिए लंबी अवधि में पूंजी बढ़ाना और रेगुलर इनकम हासिल करना है.
इस बेंचमार्क से होती है तुलना
इस स्कीम का प्रदर्शन एक कंपोजिट बेंचमार्क से तुलना करके देखा जाता है.
- 60% निफ्टी कंपोजिट डेट इंडेक्स
- 20% निफ्टी 500 टोटल रिटर्न इंडेक्स
- 20% भारतीय रुपये में गोल्ड की कीमत
यह बेंचमार्क इस फंड की डाइवर्सिफाइड और एक्टिवली मैनेज्ड इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी को दिखाता है.
500 रुपये की SIP से कर सकते हैं शुरुआत
इस स्कीम को इस तरह तैयार किया गया है कि कम रकम से भी लोग कई एसेट क्लासों में निवेश कर सकें. निवेश के लिए न्यूनतम एकमुश्त रकम 1,000 रुपये है. अतिरिक्त निवेश 1 रुपये और उसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में किया जा सकता है. मंथली SIP सिर्फ 500 रुपये से शुरू की जा सकती है और इसके बाद 1 रुपये के मल्टीपल में निवेश किया जा सकता है.
इस स्कीम में एंट्री लोड नहीं लिया जाता. हालांकि, अगर कोई निवेशक निवेश की तारीख से 1 साल के अंदर अपनी यूनिट बेचता है या किसी दूसरी स्कीम में स्विच करता है, तो उसे 1% एग्जिट लोड देना होगा.
इस स्कीम में निवेशकों को प्रोफेशनल फंड मैनेजमेंट का फायदा मिलता है. यानी उन्हें अलग-अलग एसेट क्लास में निवेश का हिस्सा बार-बार खुद बदलने की जरूरत नहीं पड़ती. इसलिए यह स्कीम उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है, जो लंबी अवधि के लिए डाइवर्सिफाइड और बैलेंस्ड इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटेजी अपनाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: ITR Refund: इनकम टैक्स फाइलिंग के बाद कब तक आएगा रिफंड? जानिए कितने दिनों में मिलेगा पैसा, ऐसे चेक करें स्टेटस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं