विज्ञापन

Bank Strike: बैंक बंद है तो कहां जाएं? कैश जमा-निकासी, ट्रांजैक्‍शन, सब हो जाएगा, ऐसे ढूंढे नजदीकी CSP

Bank Strike but CSPs are Open: बैंक हड़ताल है तो भी घबराएं नहीं, हड़ताल में भी SBI, PNB और HDFC जैसे बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) खुले रहते हैं. कौन से काम वहां आसानी से हो जाएंगे और कितना लगेगा चार्ज, पूरी जानकारी यहां.

Bank Strike: बैंक बंद है तो कहां जाएं? कैश जमा-निकासी, ट्रांजैक्‍शन, सब हो जाएगा, ऐसे ढूंढे नजदीकी CSP

Bank CSP, Customer Service Point: ट्रेड यूनियनों ने आज 12 फरवरी को भारत बंद का आह्वान किया और बैंक कर्मचारी यूनियन भी इसमें शामिल हो रहे हैं. ऐसे में बैंकों में कामकाज ठप रहने की संभावना है. बैंक के ब्रांच में ताला लटका मिल सकता है या फिर काम बाधित हो सकता है. डिजिटल बैंकिंग, नेट बैंकिंग या मोबाइल बैंकिंग का तो विकल्‍प है, लेकिन हर किसी को ये चलाना नहीं आता. ऐसे में आपके पास एक और रास्‍ता है. वो है- बैंको के CSP यानी ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Point) का. बैंको में हड़ताल के समय, इन CSP की भूमिका और महत्‍वपूर्ण हो जाती है. चूंकि इन्‍हें बैंककर्मी नहीं चलाते, बल्कि बैंकमित्र या प्रशिक्षित व्‍यक्ति चलाते हैं, इसलिए हड़ताल में भी ये खुले रहते हैं. 

अगर आपको आज पैसे निकालने हैं, ट्रांजैक्‍शन करना है, मिनी स्‍टेटमेंट निकलवाना है या फिर दूसरे जरूरी काम हों तो आपकी कई जरूरतें Customer Service Point में पूरी हो जाएगी.  SBI, PNB, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, HDFC बैंक समेत कई बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) आपकी टेंशन दूर कर सकते हैं. 

हो सकता है कि आपने ग्राहक सेवा केंद्र (Customer Service Point- CSP) के बारे में जानते हों. घर-दफ्तर जाते हुए अपने गली-मुहल्‍ले, आसपास या थोड़ी दूर आपने कहीं इसका बोर्ड लटका भी देखा होगा. नहीं भी जानते तो कोई बात नहीं, इन्‍हें ढूंढना बहुत आसान है. 

किन बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र सेवाएं देते हैं?

देशभर में स्‍टेट बैंक (SBI) समेत कई बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) हड़ताल में भी खुले रहते हैं, जहां आम बैंकिंग से जुड़े कई जरूरी काम आसानी से कराए जा सकते हैं. SBI के साथ-साथ PNB यानी पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank), बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda), केनरा बैंक (Canara Bank), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) और HDFC Bank जैसे कई सरकारी और प्राइवेट बैंकों के CSP यानी ग्राहक सेवा केंद्र, ग्रामीण और शहरी इलाकों में काम करते हैं. इन्‍हें बैंक मित्र या BC यानी बिजनेस कॉरेस्‍पॉन्‍डेंट (Business Correspondent) संचालित करते हैं. 

ये भी पढ़ें: SBI, PNB, एक्सिस, HDFC, हड़ताल की वजह से आज कौन-से बैंक बंद रहेंगे, कौन-से खुले? यहां दूर करें कंफ्यूजन

ग्राहक सेवा केंद्र पर कौन-कौन से काम होते हैं?

ग्राहक सेवा केंद्र पर बैंक से जुड़े बहुत सारे काम मिनटों में हो जाते हैं. आपको बस इन CSP पर पहुंचना है और अपनी जरूरत बतानी है. जाने से पहले ये जान लीजिए कि CSP में आप कौन-से काम करवा सकते हैं... 

  • बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट
  • खाते में नकद जमा और नकद निकासी
  • आधार से बैंकिंग (AEPS) के जरिए लेन-देन
  • DBT/सरकारी सब्सिडी की स्थिति जांच
  • अकाउंट खोलने में मदद (बेसिक सेविंग अकाउंट)
  • मोबाइल नंबर अपडेट और KYC अपडेट

हालांकि चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट बनवाने, लॉकर या बड़े लोन से जुड़े कुछ काम CSP पर नहीं होते. 

Latest and Breaking News on NDTV

CSP में किस काम के कितने पैसे लगते हैं?

आपके लिए ये भी जान लेना जरूरी है कि ग्राहक सेवा केंद्र पर आपके सारे काम बैंकों की तरह फ्री में नहीं होते. इन ग्राहक सेवा केंद्र पर सेवाओं के लिए बहुत ही मामूली शुल्क लिया जाता है. बैंक हड़ताल के चलते अगर परेशानी हो रही हो तो आप मामूली शुल्‍क देकर अपना काम यहां करवा सकते हैं. यहां जान लीजिए किस सेवा के लिए कितने पैसे लगते हैं... 

  • मिनी स्टेटमेंट निकलवाना: 5-10 रुपये
  • बैलेंस चेक करवाना: 5-10 रुपये 
  • कैश जमा करना: 10-30 रुपये (राशि पर निर्भर)
  • कैश निकालना: 10-30 रुपये (राशि पर निर्भर)
  • AEPS ट्रांजैक्शन: बैंक के नियमों के अनुसार

ये शुल्‍क अनुमानित हैं. अलग-अलग इलाके, बैंकों पर भी ये निर्भर करता है, इसलिए आपके लिए बेहतर रहेगा कि सेवा लेने से पहले ग्राहक सेवा केंद्र से चार्ज यानी शुल्क के बारे में जरूर पूछ लें. 

ये भी पढ़ें: Bank Strike Today: बैंकों में हड़ताल! घबराएं नहीं, 'डिजिटल बैंकिंग' चालू है, फटाफट नोट कर लें ये 5 तरीके

अपना नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र कैसे ढूंढें?

  • SBI के ग्राहक हैं तो YONO ऐप पर CSP लोकेटर देख सकते हैं. 
  • दूसरे बैंकों के मोबाइल ऐप पर भी ऐसी सुविधाएं रहती हैं. 
  • बैंकों की वेबसाइट्स पर भी ऑनलाइन सर्च किया जा सकता है.
  • बैंक की हेल्पलाइन पर कॉल कर पता लगाया जा सकता है
  • आप गूगल मैप की भी मदद ले सकते हैं, कई CSP, Google Maps पर भी मार्क होते हैं. 
  • अपने इलाके में मौजूद बैंक मित्र या CSC (Common Service Centre) से संपर्क करें.
     

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com