विज्ञापन

Bank Strike: कल 12 फरवरी को बैंक खुले रहेंगे या बंद? हड़ताल को लेकर SBI ने जारी किया अलर्ट, दूर कर लें कन्फ्यूजन

Bank Strike on 12 Feb: कल यानी 12 फरवरी 2026 को बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे, इस बात को लेकर कई लोग कन्फ्यूजन में हैं. अगर आप भी गुरुवार को किसी काम के लिए बैंक जाने की सोच रहे हैं तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि उस दिन बैंक में कामकाज होगा या नहीं.

Bank Strike: कल 12 फरवरी को बैंक खुले रहेंगे या बंद? हड़ताल को लेकर SBI ने जारी किया अलर्ट, दूर कर लें कन्फ्यूजन
Bank Strike in India on February 12, 2026: देशव्यापी हड़ताल के कारण आपके शहर में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है.
नई दिल्ली:

Nationwide Bank Strike on February 12, 2026: कल यानी 12 फरवरी 2026 को अगर आप बैंक से जुड़ा कोई बड़ा काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. देश की बड़ी बैंक यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का  ऐलान किया है. ऐसे में ग्राहकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कल बैंक बंद रहेंगे? सबसे पहले यह साफ कर दें कि रिजर्व बैंक (RBI) के कैलेंडर के हिसाब से कल कोई सरकारी छुट्टी नहीं है, लेकिन हड़ताल की वजह से बैंकों के कामकाज पर गहरा असर पड़ सकता है.

आइए जानते हैं इस हड़ताल की वजह से किन-किन बैंकों पर ज्यादा असर पड़ सकता है और आपके कौन-कौन से काम अटक सकते हैं.

क्या है बैंक कर्मचारियों की मांग?

ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने अपने सदस्यों से 12 फरवरी को हड़ताल में शामिल होने की अपील की है. ये यूनियनें 10 सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के साथ मिलकर इस हड़ताल में हिस्सा ले रही हैं. इनकी मुख्य नाराजगी सरकार के नए लेबर कोड को लेकर है. यूनियनों का मानना है कि नए नियम कर्मचारियों के हक में नहीं हैं. 

इसके अलावा, बैंक कर्मचारी लंबे समय से 5 डे का वर्क वीक (5-Day Work Week) और बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस की मांग भी कर रहे हैं. इसी खींचतान की वजह से कल बैंकों में ताले तो नहीं लटकेंगे, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण आपका काम घंटों अटक सकता है.

किन बैंकों की सर्विस पर हो सकता है ज्यादा असर?

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) कहा कि 12 फरवरी को देशभर में बैंक हड़ताल हो सकती है और इससे बैंकिंग सेवाओं पर कुछ असर पड़ सकता है. बैंक ने कहा है कि हड़ताल के दौरान काम प्रभावित हो सकता है. IDBI बैंक को भी यूनियनों से हड़ताल का नोटिस मिला है.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे बड़े सरकारी बैंकों ने शेयर बाजार को दी जानकारी में माना है कि वे कामकाज सामान्य रखने की पूरी कोशिश करेंगे, फिर भी सेवाओं में देरी हो सकती है. अगर आपको चेक जमा करना है, कैश निकालना है या लोन से जुड़ा कोई काम है, तो संभव हो तो उसे आज ही निपटा लें. कल के दिन चेक क्लीयरेंस की रफ्तार धीमी रह सकती है और बैंक काउंटरों पर लंबी लाइनें देखने को मिल सकती हैं.

ऑनलाइन सर्विस रहेगी जारी

राहत की बात यह है कि नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और UPI जैसी ऑनलाइन सेवाएं पहले की तरह ही चलती रहेंगी. एटीएम (ATM) में भी कैश की किल्लत होने की संभावना कम है. लेकिन अगर आपको फिजिकली बैंक की ब्रांच जाना है, तो अपनी नजदीकी शाखा से एक बार फोन पर जरूर पूछ लें. हड़ताल का असर अलग-अलग शहरों और शाखाओं में अलग-अलग हो सकता है. इसलिए आखिरी समय की परेशानी से बचने के लिए अपनी प्लानिंग पहले ही कर लें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com