- किरेन रिजिजू ने लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस दायर करने की बात कही
- राहुल गांधी पर बिना नोटिस दिए सदन में गंभीर आरोप लगाने और सरकार के खिलाफ बेबुनियाद बयान देने का आरोप लगाया गया
- लोकसभा अध्यक्ष जगदंबिका पाल और राहुल गांधी के बीच बजट सत्र में सदन की कुर्सी को लेकर नोकझोंक हुई
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ सदन को गुमराह करने और बेबुनियाद बयान देने के लिए हम विशेषाधिकार नोटिस दायर करने जा रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में प्रक्रिया और कामकाज के संचालन के बहुत स्पष्ट नियम हैं. जब कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य के खिलाफ गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो आपको नोटिस देना होगा और आरोप की पुष्टि भी करनी होगी. मैंने अनुरोध किया है कि राहुल गांधी को अपने द्वारा दिए गए प्वाइंट्स को प्रमाणित करने के लिए सदन के पटल पर बुलाया जाए. राहुल गांधी ने बेकार और झूठे आरोप लगाए हैं. सदन के पटल पर मैंने राहुल गांधी से उनके दावों के आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करने का अनुरोध किया था. उन्होंने बिना किसी तथ्यात्मक आधार के सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ निराधार और भ्रामक आरोप लगाए. यह कहते हुए कि प्रधानमंत्री ने भारत के राष्ट्रीय हितों को बेच दिया है. दूसरे, उन्होंने हरदीप सिंह पुरी का नाम लेकर उनके खिलाफ गंभीर और निराधार आरोप लगाए.यह विशेषाधिकार का गंभीर उल्लंघन है. इसलिए, मैं स्पीकर के समक्ष आवश्यक नोटिस दाखिल करना चाहता हूं. किरेन रिजिजू आज शाम 5 बजे तक राहुल गांधी को समय देंगे उसके बाद इसे लेकर विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे.
आपको बता दें कि बजट सत्र के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है. अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर राहुल गांधी ने सरकार को एक बार फिर घेरा है. उन्होंने कहा कि यह समझौता बराबरी के आधार पर नहीं किया गया है.राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के साथ ये डील किसानों और कपड़ा उद्योग को मार देगी.
खत्म हो जाएगी टैक्सटाइल इंडस्ट्री: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने टैक्सटाइल पर बांग्लादेश पर टैरिफ जीरो कर दिया है. हमारी टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर 18 फीसदी टैरिफ लगा दिया गया है. इससे पूरी टेक्सटाइल इंडस्ट्री खत्म हो जाएगी. सब लोग बांग्लादेश जाएंगे. एनर्जी सिक्यॉरिटी भी चली गई है. बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी और लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर जगदंबिका पाल के बीच मजेदार नोकझोंक दिखी. जब राहुल गांधी आम बजट पर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे तो जगदंबिका पाल ने कहा कि आप हमारी पार्टी के पूर्व सदस्य रहे हैं. इसलिए मैं आपको स्पेशल फेवर करूंगा.
राहुल-जगदंबिका पाल के बीच नोकझोंक
राहुल गांधी ने चर्चा के दौरान कहा कि आपका दिल हमारे लिए धड़क रहा है. इसपर पाल ने कहा कि ये चार्ज है. इसके बाद पाल ने कहा कि ये कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनेगा. उन्होंने कहा कि आपकी आसन के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है क्या? यहां कुमारी शैलजा भी इस चेयर पर बैठती हैं.
आप हमारी पार्टी के पूर्व सदस्य
राहुल गांधी ने फिर कहा कि आप हमारी पार्टी के पूर्व सदस्य रहे हैं. इसलिए मैं ज्यादा आक्रामक नहीं रहूंगा. इसपर नाराज होकर जगदंबिका पाल ने कहा कि आप मेरे बारे में बार-बार क्यों बोल रहे हैं. इसपर राहुल ने कहा कि आप हमारी पार्टी के पूर्व सदस्य रहे हैं. मुझे पता है कि आपका दिल हमारी तरफ है.
यह भी पढ़ें: अमेरिका से डील किसानों और कपड़ा उद्योग को मार देगी- राहुल गांधी
यह भी पढ़ें: राहुल बोले-स्पीकर सर आप मेरी पार्टी में थे, स्पीकर का जवाब-मेरी बात मानते तो आप विपक्ष में नहीं बैठे होते
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं