देश में बीते कुछ सालों में क्विक कॉमर्स मार्केट ने अपनी जड़ें मजबूत की हैं. स्विगी का इंस्टा मार्ट हो या जोमैटो का ब्लिंकिट, अपनी मिंटों वाली डिलीवरी के जरिए ग्राहकों के बीच एक अलग ही पहचान बना चुके हैं. इस मार्केट में स्कोप को देखते हुए अब दिग्गज ई कॉमर्स कंपनी अमेजन एक बड़ा दांव खेलने जा रही है. दरअसल कंपनी के ग्लोबल सीईओ एंडी जेसी ने अपने भारत के दौरे पर कई माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर (एक तरह के छोटे वेयरहाउस) का दौरा किया. ये वेयरहाउस क्विक कॉमर्स मार्केट के लिए अहम होते हैं.
इंस्टा मार्ट और ब्लिंकिट से भारत में अमेजन की सेल को बड़ा झटका लगा है. अभी अमेजन से जहां सामान मंगाने में कम से कम 24 घंटे लगते हैं, वहीं ये क्विक कॉमर्स बिजनेस कुछ ही मिनटों में सामान डिलीवर कर दे रहे हैं. अब इस चुनौती को पार पाने के लिए अमेजन नए प्लान पर काम कर रहा है.
हर 3 महीने में दोगुने हो रहे ऑर्डर्स
अमेजन के लिए 'अमेजन नाउ' तेजी से बढ़ने वाला बिजनेस यूनिट बन गया है. कंपनी ने बताया कि लॉन्च के बाद से ही इसके ऑर्डर्स हर 3 महीने में दोगुने हो रहे हैं. बड़ी बात तो ये है कि भारत की इस सर्विस की सफलता को देखते हुए अमेजन दूसरे देशों में इसे एक्सपेरिमेंट के तौर पर लागू कर रहा है.
अमेजन इंडिया के कंट्री मैनेजर समीर कुमार ने कहा कि, अमेजन नाउ के बाद से ग्राहक का भरोसा लगातार बढ़ा है. प्राइम मेंबर्स हर तीन महीने में तीन गुना ज्यादा शॉपिंग इस प्लेटफॉर्म पर कर रहे हैं.
कंपनी अभी कितने शहरों में सर्विस दे रही है?
अभी के समय में ये सर्विस बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद और कोच्चि के साथ 15 से ज्यादा बड़े शहरों और छोटे शहरों में 5 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों के लिए मौजूद है. हालांकि कंपनी आने वाले समय में क्विक कॉमर्स बिजनेस में सभी से आगे निकलना चाह रही है. इसके लिए इस सर्विस को 300 से ज्यादा शहरों में फैलाने का प्लान है.
सर्विस में क्या-क्या प्रोडक्ट्स शामिल?
क्विक कॉमर्स बिजनेस में अमेजन ना सिर्फ राशन बल्कि पर्सनल केयर, फैशन, घर का जरूरी सामान और छोटे इलेक्ट्रॉनिक अप्लायंसेज को ग्राहकों तक कुछ ही मिनटों में पहुंचा रही है. इसके लिए कंपनी अपने वेयरहाउस का नेटवर्क मजबूत करने में लगी है.
डिलीवरी पार्टनर्स के लिए लॉन्च किया 'सम्मान'
अमेजन अपने बिजनेस को बढ़ावा देने के साथ डिलीवरी पार्टनर्स का भी खास ध्यान रख रही है. इसके लिए कंपनी ने सम्मान वेलफेयर प्रोग्राम भी लॉन्च किया. इसके जरिए हजारों डिलीवरी एसोसिएट्स के लिए हेल्थ, लाइफ इंश्योरेंस, बच्चों के लिए स्कॉलरशिप की सुविधा दी जाएगी. कंपनी ने बीते कुछ महीने पहले ऑपरेशन्स के लिए करीब 300 मिलियन डॉलर के निवेश के बारे में बताया था, इसका भी एक बड़ा हिस्सा सम्मान प्रोग्राम पर खर्च होगा.
क्विक कॉमर्स मार्केट में ब्लिंकिट का है राज
ब्लिंकिट ने इस बिजनेस में अपनी पकड़ मजबूत की हुई है. ब्लिंकिट का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू Q1 FY26 में 11,821 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 156% की ग्रोथ के साथ आगे बढ़ रही है. वहीं साल 2025 के अनुसार, इंस्टा मार्ट की ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू सालाना बेस पर 100% की की दर से बढ़ी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं