Buying Gold on Akshaya Tritiya, Check Here Once: आज रविवार को बहुत शुभ दिन है- अक्षय तृतीया, जिस दिन का हिंदू और जैन धर्म में बड़ा ही महत्व है. मान्यता है कि इस दिन किया गया निवेश या शुभ कार्य का पूरा-पूरा फल मिलता है. ये 'अक्षय' यानी कभी नहीं खत्म होने वाला होता है. इस दिन किया गया निवेश लगातार बढ़ता रहता है. इसलिए आज के दिन सोना खरीदना (Gold Buying) बहुत शुभ माना जाता है. ये कभी न खत्म होने वाली संपत्ति का संकेत माना जाता है. इसी के साथ ही, सोने को मां लक्ष्मी से भी जोड़कर देखा जाता है और आज के दिन सोना, घर में लाना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. अब सवाल ये भी है कि ये सोना शुद्ध होना चाहिए. इसके लिए सोने की शुद्धता के बारे में आपको जानकारी होनी चाहिए.
सोना एक ऐसा निवेश भी है जो समय के साथ अपनी वैल्यू, अपनी कीमत बनाए रखता है. यही वजह है कि 'अक्षय तृतीया' पर देश भर में सोने की खरीदारी बढ़ने लगती है. लेकिन जरूरी बात वही कि सोना खरीदते समय इसकी असली पहचान और शुद्धता जांचना बेहद जरूरी होता है. सही जानकारी के बिना कई बार लोग सोने की जगह गोल्ड-प्लेटेड या कम शुद्धता वाला सोने का आभूषण खरीद लेते हैं. ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप सुरक्षित और समझदारी भरी खरीदारी कर सकते हैं.
सोना खरीदते समय 'तीन जरूरी निशान' जरूर देखें
- पहला है बीआईएस (BIS) का लोगो, जो एक छोटा त्रिकोणीय निशान होता है और ये बताता है कि आभूषण, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा प्रमाणित है.
- दूसरा है शुद्धता और फाइननेस, जिसमें 22k916 का मतलब होता है कि उसमें 91.6 प्रतिशत सोना है, जबकि 18k750 का मतलब 75 प्रतिशत शुद्धता होता है.
- तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण है HUID नंबर, जो 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है और हर ज्वेलरी के लिए यूनिक होता है.
सोने की शुद्धता जांचे का डिजिटल तरीका
आज के डिजिटल दौर में सोने की शुद्धता की जांच आप अपने मोबाइल से भी कर सकते हैं. इसके लिए सरकार का BIS केयर ऐप डाउनलोड करें. इस ऐप में 'वेरिफाई एचयूआईडी' ऑप्शन में ज्वेलरी पर लिखा कोड डालें. इसके बाद आपको ज्वेलर का नाम, हॉलमार्किंग सेंटर, तारीख और शुद्धता की पूरी जानकारी मिल जाएगी. अगर ऐप में दी गई जानकारी और ज्वेलर के दावे में अंतर हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं.
कैरेट मीटर टेस्ट और मैग्नेट टेस्ट का भी विकल्प
सोने की शुद्धता जांचने के लिए आप ज्वेलर से 'कैरेट मीटर' टेस्ट भी करवा सकते हैं. यह एक XRF मशीन होती है, जो बिना नुकसान पहुंचाए सोने में मौजूद धातुओं की सही जानकारी देती है. यह टेस्ट कुछ सेकंड में हो जाता है, इसलिए बिलिंग से पहले इसे अपने सामने करवाना आपका अधिकार है.
इसके अलावा, एक आसान तरीका मैग्नेट टेस्ट भी है. असली सोना चुंबक से चिपकता नहीं है. अगर आपका आभूषण मैग्नेट की ओर खिंचता है, तो उसमें दूसरी धातुओं की मात्रा ज्यादा हो सकती है.
जानकार बताते हैं कि सोना खरीदते समय हमेशा पक्का बिल लेना भी बेहद जरूरी है. बिल में एचयूआईडी नंबर, सोने की शुद्धता, वजन (ग्राम में), उस दिन का गोल्ड रेट, मेकिंग चार्ज और जीएसटी का पूरा विवरण होना चाहिए. यह आपकी खरीद का सबसे मजबूत प्रमाण होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं