Air India CEO Campbell Wilson Resigns: एयर इंडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) कैंपबेल विल्सन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विल्सन का कार्यकाल जुलाई 2027 में खत्म होना था, लेकिन उन्होंने करीब एक साल पहले ही पद छोड़ने का फैसला किया है. फिलहाल वह अपना नोटिस पीरियड सर्व कर रहे हैं और नया उत्तराधिकारी मिलने तक कंपनी के साथ बने रहेंगे.
कैंपबेल विल्सन ने 2022 में टाटा ग्रुप द्वारा एयर इंडिया की कमान संभालने के बाद सीईओ का पद संभाला था.
कैंपबेल विल्सन का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब जब टाटा ग्रुप की यह एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया कई चुनौतियों से जूझ रही है. पिछले साल अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे के बाद से एयरलाइन रेगुलेटरी जांच के घेरे में है, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी. इसके साथ ही फ्यूल की बढ़ती कीमतों और नए विमानों की डिलीवरी में हो रही देरी ने एयर इंडिया के ऑपरेशन्स पर काफी बुरा असर डाला है.
हालांकि टाटा ग्रुप ने अभी तक इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन खबरों के मुताबिक बोर्ड ने पिछले हफ्ते ही उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और अब नए सीईओ की तलाश जारी है.
बता दें कि एयर इंडिया में लीडरशिप का यह बड़ा बदलाव ठीक उस समय हो रहा है, जब उसकी सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी एयरलाइन IndiGo ने भी अपने नए बॉस का ऐलान कर दिया है. इंडिगो के मौजूदा सीईओ पीटर एलबर्स के इस्तीफे के बाद अब विलियम वॉल्श को नया सीईओ नियुक्त किया गया है, जो इसी साल 3 अगस्त से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. ऐसे में एविएशन सेक्टर की इन दो दिग्गज कंपनियों में एक साथ हो रहे इन बदलावों ने पूरे बाजार में हलचल पैदा कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं