विज्ञापन

33,081 करोड़ का निवेश, 9700 लोगों को सीधा रोजगार, ओडिशा में बोले करण अदाणी- डेटा सेंटर समेत 3 बड़े प्रोजेक्‍ट लगाएगा अदाणी ग्रुप

Adani Group Investment in Odisha: अदाणी पोर्ट्स (APSEZ) के MD करण अदाणी ने कहा कि ओडिशा में अदाणी ग्रुप 3 बड़े प्रोजेक्‍ट्स लगाने जा रहा है. इनमें डेटा सेंटर, थर्मल पावर प्‍लांट और सीमेंट मैन्‍युफैक्‍चरिंग प्‍लांट शामिल हैं.  

33,081 करोड़ का निवेश, 9700 लोगों को सीधा रोजगार, ओडिशा में बोले करण अदाणी- डेटा सेंटर समेत 3 बड़े प्रोजेक्‍ट लगाएगा अदाणी ग्रुप

अदाणी ग्रुप ने ओडिशा में 33,081 करोड़ के निवेश का ऐलान किया है. बुधवार को इन्‍वेस्‍टमेंट समिट को संबोधित करते हुए अदाणी पोर्ट्स (APSEZ) के MD करण अदाणी ने कहा कि ओडिशा में अदाणी ग्रुप 3 बड़े प्रोजेक्‍ट्स लगाने जा रहा है. इनमें डेटा सेंटर, थर्मल पावर प्‍लांट और सीमेंट मैन्‍युफैक्‍चरिंग प्‍लांट शामिल हैं.  

उन्‍होंने बताया कि अदाणी ग्रुप राजधानी भुवनेश्‍वर में 800 करोड़ रुपये के निवेश से डेटा सेंटर स्‍थापित करेगा. वहीं दूसरा बड़ा प्रोजेक्‍ट पावर सेक्‍टर का है. उन्‍होंने कहा कि कटक के पास 30,181 करोड़ रुपये के निवेश से थर्मल पावर प्‍लांट लगाया जाएगा. कटक के ही पास 2100 करोड़ रुपये के निवेश से सीमेंट मैन्‍युफैक्‍चरिंग प्‍लांट लगाया जाएगा. 

3 प्रोजेक्‍ट्स, 33,081 करोड़ निवेश, 9,700 लोगोंको रोजगार 

  1. पहला प्रोजेक्‍ट- डेटा सेंटर- भुवनेश्‍वर में- 800 करोड़ रुपये निवेश- 600 लोगों को सीधा रोजगार 
  2. दूसरा प्रोजेक्‍ट- थर्मल पावर प्‍लांट- कटक के पास- 30,181 करोड़ रुपये निवेश- 7,000 लोगों को सीधा रोजगार 
  3. तीसरा प्रोजेक्‍ट- सीमेंट प्‍लांट- कटक के पास - 2,100 करोड़ रुपये निवेश- 2,500 लोगों को सीधा रोजगार 

इन्‍वेस्‍ट ओडिशा में और क्‍या बोले करण अदाणी? 5 बड़ी बातें 

1. ओडिशा के प्रति भावनात्मक लगाव

करण अदाणी ने अपने संबोधन की शुरुआत 'जय जगन्नाथ' से की. अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा, 'मैं पहली बार ओडिशा एक अतिथि के रूप में 'उत्कर्ष 2025' के लिए आया था, लेकिन हर बार जब मैं यहां से जाता हूं, तो खुद को इस परिवार के और करीब पाता हूं. आपकी आत्मीयता, आपके दृष्टिकोण की स्पष्टता और जिस शांत आत्मविश्वास के साथ आप ओडिशा के भविष्य की बात करते हैं, ये किसी संक्रमणकालीन राज्य के गुण नहीं हैं. ये उस राज्य की पहचान हैं जिसे पहले से ही पता है कि उसे कहां जाना है.'

2. विरासत और आधुनिक निर्माण 

करण अदाणी ने कहा, 'कोणार्क के कलिंग निर्माताओं को यह बखूबी पता था कि महान संरचनाओं के लिए केवल दृष्टिकोण ही नहीं, बल्कि सामग्री की भी आवश्यकता होती है. पत्थरों को खदानों से निकालना, उनका परिवहन करना और उन्हें आकार देना पड़ता था. आज हम वही कर रहे हैं, बस सामग्री अब सीमेंट है और जो ढांचा हम तैयार कर रहे हैं, वे अस्पताल, स्कूल, सड़कें और घर हैं.'

3. रोजगार और आत्मनिर्भरता 

उन्‍होंने कटक के पास प्रस्‍तावित सीमेंट प्‍लांट को लेकर कहा, 'ये प्लांट प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,500 लोगों को रोजगार देगा. यह सुनिश्चित करेगा कि ओडिशा अपने भविष्य का निर्माण अपने हाथों से, अपनी ही मिट्टी से करे. ये परियोजनाएं हमारे विश्वास का प्रतीक हैं, ये विश्वास कि ओडिशा अपने सुनहरे समय की दहलीज पर खड़ा नहीं है, बल्कि वह उस समय में प्रवेश कर चुका है. भारत के औद्योगिक उत्थान का अगला अध्याय इसी राज्य में, यहां के लोग लिखेंगे.'

4. डेटा सेंटर और डिजिटल इकोनॉमी

उन्‍होंने कहा, 'इंफो वैली भुवनेश्वर में 800 करोड़ रुपये के निवेश से बन रहा डेटा सेंटर केवल सर्वरों से भरी एक इमारत नहीं होगा, बल्कि यह डिजिटल अर्थव्यवस्था पर ओडिशा का दावा है. यह वह बुनियादी ढांचा है जिसके माध्यम से आने वाले दशकों तक AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल गवर्नेंस का प्रवाह होगा. यह परियोजना प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 200 हाई-एंड नौकरियां पैदा करेगी.'

5.अदाणी समूह और ओडिशा का जुड़ाव

'ओडिशा की सफलता में अदाणी समूह की हिस्सेदारी महज संयोग नहीं है; यह संरचनात्मक (structural) है. ओडिशा जितना अधिक बढ़ेगा, हम भी इसके साथ उतना ही आगे बढ़ेंगे. हम ऐसी चीजों के निर्माण की इच्छा रखते हैं जो आने वाली पीढ़ियों की सेवा करें. ओडिशा भारतीय अर्थव्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण चौराहे पर स्थित है. इसके पास 570 किलोमीटर से अधिक लंबी तटरेखा है- वही तटरेखा जहां से कभी कलिंग के नाविक एक महाद्वीप को आकार देने के लिए निकले थे.'

ये भी पढ़ें: अमेरिकी अदालत ने स्वीकार की अदाणी ग्रुप की याचिका, SEC की तरफ से दायर केस को खारिज करने की है मांग

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com