देश की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट यूटिलिटी, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) ने अर्जेंटीना से पहले लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) निर्यात के लिए 10 साल का मरीन सर्विसेज कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है. इसके साथ ही कंपनी ने दक्षिण अमेरिका के बाजार में कदम रख दिया है और अंतरराष्ट्रीय मरीन सर्विसेज में अपना दायरा बढ़ा लिया है. ये कॉन्ट्रैक्ट 'सदर्न एनर्जी एस.ए.' (SESA) की एक ग्लोबल कंपीटिटिव टेंडर प्रक्रिया के बाद मिला है. यह काम APSEZ की सहायक कंपनी 'द अदाणी हार्बर इंटरनेशनल FZCO' को अर्जेंटीना की 'मेरिडियन ग्रुप' के साथ मिलकर बने एक कंसोर्टियम (साझा गठबंधन) के जरिए सौंपा गया है. यह कामयाबी अंतरराष्ट्रीय एनर्जी लॉजिस्टिक्स वैल्यू चेन में APSEZ की मौजूदगी को और मजबूत करती है.
इस समझौते के तहत, यह कंसोर्टियम एंड-टू-एंड (शुरुआत से अंत तक) मरीन सर्विसेज देगा. इसमें LNG ले जाने वाले जहाजों (LNG carriers) के लिए टगबोट ऑपरेशंस, ऑफशोर लॉजिस्टिक्स, सप्लाई सपोर्ट और क्रू ट्रांसफर (कर्मचारियों को लाने-ले जाने) जैसी सेवाएं शामिल हैं. इस काम के लिए चार विशेष टगबोट, एक एंकर हैंडलिंग टग सप्लाई वेसल और एक क्रू बोट का इस्तेमाल किया जाएगा.
अदाणी पोर्ट्स के CEO ने बताया पूरा प्लान
APSEZ के होल-टाइम डायरेक्टर और सीईओ (CEO) अश्वनी गुप्ता ने कहा, 'ये प्रोजेक्ट दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने के ऊर्जा बुनियादी ढांचा (Energy Infrastructure) प्रोजेक्ट्स को संभालने की हमारी बढ़ती क्षमता को दर्शाता है. 12 देशों में मरीन ऑपरेशंस और बंदरगाहों, LNG टर्मिनलों, राष्ट्रीय तेल कंपनियों, रिफाइनरियों व ऑफशोर सुविधाओं को संभालने वाले बेड़े के साथ हमारे पास इस क्षेत्र का गहरा अनुभव है. मजबूत स्थानीय साझेदारियों के साथ इन क्षमताओं को मिलाकर, हम भरोसेमंद समुद्री इकोसिस्टम बनाने में मदद कर रहे हैं जो नए ऊर्जा व्यापार मार्गों को सक्षम बनाते हैं.'
भारत को हर साल 10 मिलियन टन LNG एक्सपोर्ट करेगा अर्जेंटीना
अर्जेंटीना तेजी से एक बड़े LNG आपूर्तिकर्ता के रूप में उभर रहा है. साल 2027 से भारत को हर साल 10 मिलियन टन (MT) तक LNG निर्यात करने के समझौते पहले ही हो चुके हैं. इस बढ़ती सप्लाई को वैश्विक मांग केंद्रों से जोड़ने में 'सदर्न एनर्जी FLNG' प्रोजेक्ट एक बड़ी भूमिका निभाएगा.
यह 'सदर्न एनर्जी FLNG' प्रोजेक्ट SESA द्वारा विकसित किया जा रहा है, जो 'गोलार LNG' (Golar LNG) और 'पैन अमेरिकन एनर्जी' (PAE) का एक जॉइंट वेंचर है. अर्जेंटीना के रियो नीग्रो प्रांत में सैन मटियास की खाड़ी में स्थित यह प्रोजेक्ट 'हिल्ली एपिसेयो' (Hilli Episeyo) नाम के फ्लोटिंग वेसल (तैरते हुए जहाज) पर जनरल सैन मार्टिन पाइपलाइन से आने वाली प्राकृतिक गैस को लिक्विफाई (तरल रूप में तब्दील) करेगा. इसका व्यावसायिक संचालन सितंबर 2027 में शुरू होने की उम्मीद है.
अपने पहले चरण में, इस प्रोजेक्ट से सालाना 2.45 मिलियन टन LNG उत्पादन की उम्मीद है, जो हर साल लगभग 28 जहाजों के बराबर है. यह अर्जेंटीना का पहला चालू LNG निर्यात प्रोजेक्ट होगा. इस कॉन्ट्रैक्ट को 'मेरिडियन ट्रांसपोर्ट्स मैरीटिमॉस एस.ए.' के जरिए पूरा किया जाएगा, जो अदाणी हार्बर इंटरनेशनल FZCO और मेरिडियन ग्रुप के बीच 51:49 की हिस्सेदारी वाला एक जॉइंट वेंचर है.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं