अदाणी इंटरनेशनल स्कूल (एडीआईएस) अपने यहां खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. अहमदाबाद का एडीआईएस इंडियन स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईएसएसओ) नेशनल गेम्स शतरंज प्रतियोगिता 2026 की मेजबानी कर रहा है. इस प्रतियोगिता में 10 से अधिक राज्यों के 100 से ज्यादा स्कूलों के 425 से अधिक शतरंज खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. अहमदाबाद में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में 800 से ज्यादा छात्र, अभिभावक, कोच और स्कूलों के प्रतिनिधि शामिल हैं.
कितने वर्गों में हो रही है शतरंज की प्रतियोगिता
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में स्पर्धाएं चार आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं. ये हैं अंडर-11, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19. इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की एकाग्रता, सही फैसला लेने की क्षमता और दबाव के बीच शांत रहने की क्षमता की परीक्षा हो रही है.
इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंद और आईएसएसओ की सलाहकार बोर्ड सदस्य और अदाणी इंटरनेशनल स्कूल की प्रमोटर नम्रता अदाणी की मौजूदगी में हुआ. उद्घाटन समारोह में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी भी शामिल हुए.

प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के साथ शतरंज की बाजी चलते भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर रमेशबाबू प्रज्ञानानंद.
शतरंज से बच्चों को क्या सीख मिलती है
उद्घाटन समारोह में नम्रता अदाणी ने कहा,''शतरंज युवाओं को आगे की सोचने, सोच-समझकर फैसले लेने और अनिश्चित परिस्थितियों में भी शांत रहने की सीख देता है. ये ऐसे गुण हैं, जो शतरंज के खेल से आगे भी उनके जीवन में काम आते हैं. इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों को अनुशासन के साथ तैयारी करने, आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करने और हर खेल से कुछ सीखने का अनुभव देती हैं, चाहे वे जीतें या हारें.''
अदाणी इंटरनेशनल स्कूल के लिए आईएसएसओ नेशनल गेम्स शतरंज प्रतियोगिता की मेजबानी करना शिक्षा में खेलों की भूमिका को मजबूत करने की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है. स्कूल छात्रों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के बेहतर अवसर देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, मुश्किल परिस्थितियों से पार पाने की क्षमता, नेतृत्व और खेल भावना जैसे गुण विकसित करने पर जोर देता है. ये गुण शतरंज के बोर्ड से बाहर भी उनके जीवन में काम आते हैं.
कैसा है अदाणी इंटरनेशनल स्कूल
अदाणी इंटरनेशनल स्कूल छात्रों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप शिक्षा देने के साथ वैश्विक स्तर का सीखने का अनुभव प्रदान करता है. यह स्कूल अपने पाठ्यक्रम में अनुभव के जरिए सीखने की प्रक्रिया और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करता है. इसका उद्देश्य छात्रों में जीवन के लिए जरूरी महत्वपूर्ण कौशल विकसित करना है. अदाणी इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को ऐसी समग्र शिक्षा देने का प्रयास किया जाता है, जिससे वे जागरूक, जिम्मेदार, खुश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने वाले नागरिक बन सकें.
ये भी पढ़ें: ब्रिक्स के जरिए दुनिया तक पहुंचेगा भारत, हमारा 21 देशों का परिवार आधे विश्व के बराबर: पीएम मोदी
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं