8 years ago
नई दिल्ली:
राम मंदिर को लेकर शिवसेना और विहिप के आह्वान पर जुट रही भीड़ के चलते ठंड के मौसम में अयोध्या में राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है. विहिप का दावा है करीब तीन लाख रामभक्त दोपहर 12 बजे से होने वाली धर्मसभा में हिस्सा लेंगे. उधर योगी सरकार ने शिव सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को रैली करने की इजाजत नहीं दी है. बताया जा रहा है कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे सुबह करीब नौ बजे श्रीरामजन्मभूमि में विराजमान रामलला का दर्शन करेंगे और फिर इसके दो घंटे बाद 11 बजे लक्ष्मण किला में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे. विश्व हिंदू परिषद( VHP) की रविवार को आयोजित धर्म सभा और शिवसेना के कार्यक्रम के मद्देनजर रामनगरी अयोध्या में सख्त पहरेदारी है. सुरक्षा के लिए एक अपर पुलिस महानिदेशक, एक पुलिस उप-महानिरीक्षक, तीन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, 10 अपर पुलिस अधीक्षक, 21 पुलिस उपाधीक्षक, 160 इंस्पेक्टर, 700 कांस्टेबल, 42 कंपनी पीएसी, पांच कंपनी आरएएफ, एटीएस कमांडो और ड्रोन तैनात किए गए हैं. चुनावी कार्यक्रमों की बात करें आज 25 नवंबर(रविवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश में दो और राजस्थान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. वह सुबह साढ़े 11 बजे राजस्थान के अलवर में पहली जनसभा संबोधित करेंगे और इसके बाद दूसरी जनसभा मध्य प्रदेश के विदिशा में दोपहर तीन बजे से करेंगे. जबकि उनकी तीसरी जनसभा जबलपुर में साढ़े पांच बजे से होगी. यह जानकारी बीजेपी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी है. देश-दुनिया की राजनीति, खेल एवं मनोरंजन जगत से जुड़े समाचार इसी एक पेज पर जानें...