बिहार की राजनीति के भीष्म पितामह नीतीश कुमार अब दिल्ली पहुंच चुके हैं. आज वे राज्यसभा में शपथ लेंगे, लेकिन बिहार की राजनीति में खलबली मची हुई है. बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा? क्या बिहार की राजनीति बदल जाएगी? किस पार्टी के नेता के सिर पर मुख्यमंत्री का ताज सजेगा? यह सामान्य राजनीतिक बदलाव नहीं है, बल्कि असाधारण और अकल्पनीय परिवर्तन है, जिसका असर दूरगामी हो सकता है. यह दीर्घकालिक होगा या तात्कालिक, कहना मुश्किल है.
बिहार की राजनीति लंबे समय से व्यक्तित्व-आधारित रही है, जिसके केंद्र बिंदु में हमेशा नीतीश ही रहे हैं. चाहे वे बीजेपी के साथ रहे हों या आरजेडी के साथ. लेकिन कमान और सत्ता हमेशा उनके हाथ में ही रही है. उनकी छवि एक ऐसे नेता की रही है, जो विपरीत परिस्थितियों में राजनीतिक धारा को अपने पक्ष में मोड़ने में लगातार सफल रहे हैं. लेकिन अचानक हुए इस बदलाव से कई सवाल खड़े हो गए. जाहिर है कि राज्यसभा में जाने के बाद जल्द ही उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना होगा. भले ही बीजेपी में इस बदलाव से खुशी की लहर हो, लेकिन नीतीश की पार्टी में एक तरह की बेचैनी देखी जा सकती है. पार्टी के भीतर तरह-तरह के सवाल और संशय का माहौल बना हुआ है. यह बदलाव क्षणभंगुर है या टिकाऊ, यह भी एक बड़ा सवाल है.

नेतृत्व का खालीपन
नीतीश कुमार पिछले लगभग दो दशकों से बिहार की राजनीति के केंद्र में रहे हैं. उनके दिल्ली जाने से राज्य में एक बड़ा नेतृत्व शून्य पैदा होगा. यह सवाल उठेगा कि उनकी पार्टी और गठबंधन को कौन संभालेगा. इससे नए नेताओं के उभरने का मौका मिलेगा, लेकिन साथ ही राजनीतिक अस्थिरता भी बढ़ सकती है. ऐसा कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री का पद बीजेपी को जा सकता है. ऐसे में सवाल है कि जिस तरह से नीतीश बिहार की राजनीति की धुरी बने हुए थे, क्या वही स्थिति बनी रहेगी? क्योंकि बीजेपी अपने राजनैतिक एजेंडे के अनुसार काम करेगी? वह राजनीति जेडीयू को कितनी स्वीकार्य होगी, यह भी एक बड़ा प्रश्न है. यह भी सवाल है कि जो बिहार की राजनीति के केंद्र में थे, क्या अब उन्हें बीजेपी के पीछे-पीछे चलना होगा?

क्षेत्रीय से राष्ट्रीय राजनीति की ओर बदलाव
अगर, नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाते हैं, तो उनकी पार्टी का फोकस भी बिहार से हटकर पूरे देश पर हो सकता है. इससे बिहार में उनकी पकड़ कमजोर पड़ सकती है और क्षेत्रीय दलों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो सकती है. हालांकि, नीतीश के स्वास्थ्य को लेकर जो बातें सामने आती रही हैं, उन्हें देखते हुए बड़ी भूमिका मिलने की संभावना कम दिखती है. नीतीश कुमार समाजवादी राजनीति के पुरोधा माने जाते रहे हैं. ऐसे में यह बदलाव समाजवाद के एक मजबूत स्तंभ को भी कमजोर कर सकता है, जो नेता फ्रंट सीट पर बैठकर सबको साथ लेकर चलते थे, हिंदू-मुस्लिम के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करते थे, उनकी भूमिका अब सीमित हो सकती है. चूंकि बीजेपी की राजनीति हिंदुत्व और विकास पर आधारित है, इसलिए संभव है कि वह अपने एजेंडे को अब अधिक स्वतंत्र रूप से लागू करे.
नए गठबंधन और समीकरण
नीतीश कुमार हमेशा से गठबंधन राजनीति के माहिर खिलाड़ी रहे हैं. उनके दिल्ली जाने से बिहार में नए राजनीतिक गठबंधन बन सकते हैं. पुराने साथी अलग रास्ता चुन सकते हैं और विरोधी दलों को मजबूत होने का अवसर मिल सकता है. सवाल यह भी है कि नीतीश के बेटे निशांत को क्या भूमिका मिलती है. साथ ही, बीजेपी और जेडीयू के बीच जो सामंजस्य रहा है, क्या वह बरकरार रहेगा या उसमें दरार आएगी? जेडीयू में ज्यादातर नेता समाजवादी और सेक्युलर विचारधारा के हैं, ऐसे में नए राजनीतिक माहौल में वे खुद को कितना ढाल पाएंगे, यह भी एक बड़ा सवाल है.
प्रशासनिक प्रभाव क्या होगा?
नीतीश कुमार को सुशासन के लिए जाना जाता है. उनके हटने से प्रशासनिक निरंतरता पर असर पड़ सकता है. नई नेतृत्व शैली राज्य की नीतियों और विकास की दिशा को बदल सकती है. जब तक नीतीश मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने प्रशासन पर मजबूत पकड़ बनाए रखी. अक्सर यह आरोप लगता था कि प्रशासन नेताओं की नहीं सुनता, लेकिन इसका एक पक्ष यह भी था कि अत्यधिक राजनीतिक दबाव से प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो सकता है. लालू राज को ‘जंगल राज' कहा जाता था, लेकिन नीतीश के मुख्यमंत्री बनने के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ और बाहुबली नेताओं के लिए एक लक्ष्मण रेखा खींची गई. इसका उल्लंघन करने वालों को सख्ती का सामना करना पड़ा. अब यह सवाल उठता है कि बिहार की रीढ़ मानी जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्था का क्या होगा.

युवा नेतृत्व का उभार
यह संभवतः पहला मौका होगा जब लगभग 37 साल बाद बिहार में न तो नीतीश मुख्यमंत्री होंगे और न ही लालू यादव की पार्टी सत्ता में होगी. ऐसे में यह बदलाव युवा नेताओं के लिए नए अवसर लेकर आ सकता है. नई पीढ़ी के नेता आगे आ सकते हैं और राजनीति में नई सोच व ऊर्जा ला सकते हैं. चूंकि देश बदल रहा है और युवाओं की आकांक्षाएं भी बदल रही हैं, ऐसे में एक युवा नेतृत्व ही इन बदलावों को बेहतर समझ सकता है. बिहार में अब भी पलायन, बेरोजगारी और उद्योगों की कमी बड़ी समस्याएं हैं. राज्य को देश के साथ कदम मिलाकर चलना होगा, और इसमें युवा, ऊर्जावान तथा नई सोच वाले नेताओं की भूमिका अहम हो सकती है.
क्या बीजेपी और जेडीयू में दरार पैदा होगी?
बदलाव वहीं ताकत है जो सियासत को ठहराव से निकालकर नए रास्तों की ओर बढ़ाती है. लेकिन सवाल यह है कि यह तात्कालिक है या दीर्घकालिक. बिहार की राजनीति को पलटने का इतिहास नीतीश का उतार-चढ़ाव भरा रहा है. वे अपनी राजनीतिक सहूलियत और आकांक्षाओं के अनुसार समीकरण बदलते रहे हैं. भले ही वे मुख्यमंत्री पद पर न हों, लेकिन उनकी नजरें बिहार की राजनीति पर बनी रहेंगी. अगर बीजेपी अपने एजेंडे को आगे बढ़ाती है और यह नीतीश को रास नहीं आता, तो एनडीए गठबंधन में भी फेरबदल संभव है, क्योंकि बिहार की राजनीति में यह विकल्प बना हुआ है. यह भी संभव है कि निशांत के पूरी तरह सक्रिय होने तक वे सीमित या मूक भूमिका में रहे.
नीतीश कुमार का दिल्ली जाना सिर्फ एक व्यक्तिगत राजनीतिक कदम नहीं होगा, बल्कि यह बिहार की राजनीति में एक युगांतकारी बदलाव ला सकता है. इससे सत्ता का संतुलन, नेतृत्व की दिशा और राज्य की राजनीतिक संस्कृति—तीनों पर गहरा असर पड़ेगा. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बदलाव बिहार को स्थिरता की ओर ले जाता है या नए संघर्षों की शुरुआत करता है. बिहार की राजनीति अब एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां हर कदम नया समीकरण और नई दिशा तय करेगा.
धर्मेन्द्र कुमार सिंह, राजनीतिक और चुनाव विश्लेषक हैं.
इस लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.
ये भी पढ़ें : बिहार में सत्ता 'रिवर्स फॉर्मूला', जानें बीजेपी और जेडीयू में किन-किन बातों पर हो गई है डील