फिल्म इंडस्ट्री में जहां कलाकार अपनी प्रोफेशनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं, वहीं उनकी निजी जिंदगी में होने वाले उतार-चढ़ाव भी अक्सर लोगों को भावुक कर देते हैं. ऐसा ही कुछ शाहरुख खान के साथ कभी हां कभी ना में काम कर चुकीं एक्ट्रेस से लेखिका बनीं सुचित्रा कृष्णमूर्ति के साथ देखने को मिला. उन्होंने अपने परिवार को लेकर एक भावुक पोस्ट साझा किया. सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने हाल ही में अपने इकलौते भाई के निधन की खबर दी. इससे पहले भी वह अपने माता-पिता और बड़ी बहन को खो चुकी हैं. इतने कम समय में परिवार के कई सदस्यों के चले जाने से वह गहरे सदमे में हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की, जिसमें उनका पूरा परिवार एक साथ नजर आ रहा है. यह तस्वीर उनके बचपन के दिनों की है, जब उनका परिवार पूरा था और सभी एक साथ खुशहाल जिंदगी जी रहे थे.
6 में से सिर्फ 2 ही बचे हैं
इस तस्वीर के साथ उन्होंने एक भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने लिखा, ''लोग हमेशा मेरे परिवार की एकजुटता और साथ बिताए गए पलों की तारीफ करते थे. हर परिवार की तरह हमारे घर में भी मतभेद और झगड़े होते थे, लेकिन इसके बावजूद सभी एक-दूसरे के साथ खड़े रहते थे. एक समय मेरा परिवार छह लोगों का था लेकिन अब सिर्फ दो ही सदस्य बचे हैं.''
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड का वो खूंखार विलेन, जिनके गले लगाने से डर गई थीं कपिल देव की साली, क्रिकेटर को आना पड़ा था बीच में
परिवार के लिए शेयर किया पोस्ट
कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपने भाई के निधन की खबर साझा की थी और अपने माता-पिता, बहन और भाई को याद करते हुए एक पोस्ट लिखा था. साथ ही, अपनी किताब के डेडिकेशन पेज को अपडेट करने की बात भी कही थी. उन्होंने लिखा, ''कभी नहीं सोचा था कि मुझे इतनी जल्दी ऐसा करना पड़ेगा.''
सुचित्रा कृष्णमूर्ति अपने भाई के काफी करीब थीं. कई इंटरव्यू में वह अक्सर अपने भाई के साथ हुईं नोकझोंक और सपोर्ट के किस्से को बताती रहती हैं. इससे पहले उनकी बहन सुजाता कुमार का साल 2018 में कैंसर की वजह से निधन हो गया था. वह फिल्म 'इंग्लिश-विंग्लिश' में श्रीदेवी की बहन के किरदार के लिए जानी जाती थीं.
ये भी पढ़ें- पहली शादी के कारण पारसी समुदाय से किया विरोध का सामना, 8 साल छोटे एक्टर से की दूसरी शादी, अब एक्ट्रेस कर रही ये काम
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं