दक्षिण एशिया की जियो पॉलिटिक्स में बांग्लादेश का उदय एक ऐतिहासिक परिघटना थी, जो भाषाई अस्मिता, लोकतांत्रिक आकांक्षाओं और पंथनिरपेक्ष मूल्यों की बुनियाद पर खड़ी हुई थी. लेकिन स्वतंत्रता के पांच दशक बाद भी यह राष्ट्र संस्थागत अस्थिरता, सत्ता के हिंसक हस्तांतरण और वैचारिक ध्रुवीकरण के दुष्चक्र से बाहर नहीं निकल पाया है. वर्तमान में बांग्लादेश जिस तीव्र राजनीतिक उथल-पुथल और हिंसा के दौर से गुजर रहा है, वह केवल सत्ता परिवर्तन की तात्कालिक प्रतिक्रिया नहीं है, बल्कि इसके मूल में दशकों पुरानी ऐतिहासिक दरारें, लोकतांत्रिक संस्थाओं का क्षरण, आर्थिक असमानता और बाहरी शक्तियों की प्रतिस्पर्धा निहित है. 2024 के छात्र आंदोलन के परिणामस्वरूप शेख हसीना के सत्ता से निष्कासन, मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन और बाद में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेता तारिक रहमान के सत्ता में आने के बाद भी हिंसा का सिलसिला थमा नहीं है. आज परिदृश्य बदल चुका है, कल तक जो सड़कों पर सत्ता के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे थे, वे आज सत्ता में हैं और दशकों तक शासन करने वाली अवामी लीग की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के पक्ष में जनसमर्थन का एक नया और उग्र उभार देखा जा रहा है.
क्यों फिर हो रहा है अवामी लीग का उभार
बांग्लादेश की राजनीति में अवामी लीग केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के निर्माण की ऐतिहासिक चेतना का वाहक है. 1949 में अपनी स्थापना से लेकर आज तक, अनेक बार प्रतिबंधों और दमन के बावजूद इस पार्टी के बार-बार उभरने के पीछे ठोस ऐतिहासिक, सामाजिक और वैचारिक कारण रहे हैं.
1952 के भाषा आंदोलन से लेकर 1971 के मुक्ति संग्राम तक का नेतृत्व अवामी लीग और 'बंगबंधु' शेख मुजीबुर रहमान ने किया था. बांग्लादेश के निर्माण का श्रेय इस पार्टी को एक ऐसा स्थायी वैचारिक आधार देता है, जिसे कोई भी विरोधी दल समाप्त नहीं कर सका है. अवामी लीग का वैचारिक आधार बंगाली संस्कृति और पंथनिरपेक्षता है. इस कारण देश के धार्मिक अल्पसंख्यक (हिंदू, बौद्ध, ईसाई), उदारवादी बुद्धिजीवी, सांस्कृतिक कर्मी और प्रगतिशील मध्यम वर्ग पारंपरिक रूप से अवामी लीग को अपना स्वाभाविक रक्षक मानते हैं.

Add image caption here
Photo Credit: NDTV
अवामी लीग का जमीनी संगठनात्मक ढांचा
बांग्लादेश के ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी वार्डों तक अवामी लीग का संगठनात्मक नेटवर्क अत्यंत गहरा है. इसके छात्र संगठन (छात्र लीग), युवा संगठन (युवा लीग) और श्रमिक संगठनों की जमीनी पकड़ इसे किसी भी संकट के बाद पुनः संगठित होने की अद्वितीय क्षमता प्रदान करती है.
वहीं 2009 से 2024 के बीच अवामी लीग के शासनकाल में बांग्लादेश 'बॉटमलेस बास्केट' की छवि से निकलकर दक्षिण एशिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हुआ. पद्मा ब्रिज, ढाका मेट्रो रेल, रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र जैसी विशाल अवसंरचनात्मक परियोजनाओं और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि ने एक बड़े वर्ग को पार्टी का स्थायी समर्थक बनाया.
अगस्त 2024 में जिस प्रकार के जनआक्रोश के बीच शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था, उसके बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि उनकी राजनीति खत्म हो चुकी है. लेकिन 2025 और 2026 के घटनाक्रमों ने इस धारणा को पलट दिया है. शेख हसीना की संभावित देश वापसी की घोषणा के साथ ही बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में उनके समर्थन में उभरता जनसैलाब और अवामी लीग का आक्रामक पुनरुत्थान कई महत्वपूर्ण कारकों का परिणाम है.
तारिक सरकार की आर्थिक विफलता और महंगाई
सत्ता परिवर्तन के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जीवन स्तर में सुधार होगा. इसके विपरीत, अंतरिम सरकार और उसके बाद बनी तारिक रहमान की सरकार के कार्यकाल में महंगाई आसमान छूने लगी, विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा और गारमेंट क्षेत्र में छंटनी से लाखों परिवारों के समक्ष भुखमरी का संकट उत्पन्न हो गया. आम नागरिक अब हसीना के कार्यकाल की आर्थिक स्थिरता और सुगम आपूर्ति श्रृंखला को याद कर रहे हैं. 2024 के आंदोलन के बाद पुलिस तंत्र के निष्क्रिय होने से देश भर में लूटपाट, जबरन वसूली और भीड़ तंत्र (Mob Justice) की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई. आम नागरिकों और व्यापारियों में यह भावना घर कर गई है कि केवल शेख हसीना का सशक्त नेतृत्व ही देश को अराजकता और कट्टरपंथियों के चंगुल से बचा सकता है.
वहीं अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने, उसके नेताओं की बड़े पैमाने पर गिरफ्तारी और शेख हसीना के खिलाफ न्यायाधिकरण में एकतरफा मुकदमा चलाकर फांसी की सजा सुनाने की कार्रवाई ने उल्टा असर किया है. आम जनता के एक बड़े हिस्से को यह न्यायिक प्रक्रिया के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध लग रहा है. इससे हसीना के प्रति सहानुभूति की लहर पैदा हुई है.
कट्टरपंथी तत्वों का बढ़ते प्रभाव का डर
जमात-ए-इस्लामी और अन्य चरमपंथी समूहों के मुख्यधारा में लौटने से देश के धर्मनिरपेक्ष और उदारवादी तबके में गहरा भय व्याप्त है. महिलाओं के अधिकारों और सांस्कृतिक स्वतंत्रता पर मंडराते खतरों ने इस वर्ग को फिर शेख हसीना की ओर देखने के लिए प्रेरित किया है.
निर्वासित जीवन के बावजूद शेख हसीना द्वारा दिसंबर में देश लौटकर मुकदमों का सामना करने का साहसिक ऐलान और अवामी लीग द्वारा महंगाई, रोजगार, सुरक्षा और शिक्षा जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर केंद्रित आठ-सूत्रीय मांगपत्र जारी करना, पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने में सफल रहा है.

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मुहम्मद यूनुस के घर के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी.
Photo Credit: AP
भारत के लिए जरूरी क्या है
बांग्लादेश के साथ भारत की 4,096 किलोमीटर लंबी स्थलीय सीमा है.यह भारत की सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है. ऐसे में बांग्लादेश में किसी भी प्रकार की राजनीतिक अस्थिरता या हिंसा का सीधा प्रभाव भारत की आंतरिक सुरक्षा, आर्थिक विकास और क्षेत्रीय कूटनीति पर पड़ता है. भारत के 'चिकन नेक' (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) की संवेदनशीलता और पूर्वोत्तर राज्यों (असम, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम) की शांति सीधे तौर पर ढाका के सहयोग पर निर्भर है. शेख हसीना के कार्यकाल में बांग्लादेश की धरती से सक्रिय भारत-विरोधी उग्रवादी समूहों (जैसे उल्फा और एनडीएफबी) का सफाया किया गया था. भारत का प्राथमिक हित यह सुनिश्चित करना है कि बांग्लादेश पुनः भारत-विरोधी आतंकवाद और आईएसआई की गतिविधियों का अड्डा न बने.
बांग्लादेश में हिंदू और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा भारत के लिए न केवल मानवीय और सांस्कृतिक सरोकार का विषय है, बल्कि इसका सीधा असर भारत की घरेलू राजनीति और सामाजिक सौहार्द पर भी पड़ता है. बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में चीन के बढ़ते आर्थिक और सैन्य दखल (जैसे तीस्ता नदी परियोजना या पनडुब्बी बेस) को रोकना भारत के समुद्री सुरक्षा हितों के लिए अनिवार्य है.
वर्तमान जटिल परिस्थितियों में, जहां ढाका में एक ऐसी सरकार है, जो भारत पर संदेह करती है और दूसरी ओर शेख हसीना भारत में शरण लिए हुए हैं, भारत को अत्यंत परिपक्व, संतुलित और बहुआयामी कूटनीतिक रणनीति अपनाने की जरूरत है.
भारत को यह स्पष्ट संदेश देना होगा कि उसके संबंध किसी एक राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बांग्लादेश की जनता और संवैधानिक संस्थाओं के साथ हैं. बीएनपी के नेतृत्व वाली तारिक रहमान सरकार के साथ व्यावहारिक संवाद (Pragmatic Engagement) बनाए रखते हुए भारत को अपने सुरक्षा और आर्थिक हितों पर स्पष्ट लक्ष्मण रेखा (Red Lines) खींचनी चाहिए.
बांग्लादेश द्वारा शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग को भारत को विशुद्ध रूप से द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के कानूनी प्रावधानों (विशेषकर 'राजनीतिक प्रकृति के अपराधों' के अपवाद) और निष्पक्ष न्यायिक प्रक्रिया की शर्तों के दायरे में रखना चाहिए. भारत ने निष्पक्ष ट्रायल और कानूनी प्रतिनिधित्व की जो शर्तें रखी हैं, वे अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप हैं और भारत की संप्रभु प्रतिष्ठा की रक्षा करती हैं.
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक समावेशिता (जिसमें अवामी लीग सहित सभी दलों की भागीदारी सुनिश्चित हो) के लिए भारत को अमेरिका, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों के साथ मिलकर ढाका पर सूक्ष्म कूटनीतिक दबाव बनाए रखना चाहिए.
बांग्लादेश इस समय अपने इतिहास के सबसे निर्णायक मोड़ पर खड़ा है. राजनीतिक हिंसा का वर्तमान दौर इस तथ्य को रेखांकित करता है कि किसी भी देश में केवल सत्ता का शीर्ष बदल देने से लोकतंत्र की स्थापना नहीं हो सकती; इसके लिए संस्थागत सुधार, आर्थिक न्याय और राजनीतिक सहिष्णुता का होना अनिवार्य है. अवामी लीग का पुनरुत्थान और शेख हसीना के पक्ष में बढ़ता जनसमर्थन यह दर्शाता है कि बांग्लादेश की राजनीति से उस ऐतिहासिक धारा को मिटाना असंभव है जिसने इस राष्ट्र को जन्म दिया था. भारत के लिए यह समय अत्यंत संयम और रणनीतिक दूरदर्शिता का है. एक स्थिर, समृद्ध और समावेशी बांग्लादेश न केवल दक्षिण एशिया की शांति के लिए जरूरी है, बल्कि भारत के अपने विकास और सुरक्षा के लिए भी अपरिहार्य है.
(डिस्क्लेमर: डॉ नीरज कुमार बिहार के वैशाली स्थित डॉक्टर सीवी रमन विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान पढ़ाते हैं. लेख में व्यक्त किए गए विचार उनके निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)