समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में अंधविश्वास के नाम पर एक महिला को डायन बताकर ग्रिल से बांध दिया, और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया है. पीड़िता ने गांव के 6 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है, जबकि पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
गांव के लोगों ने बताया डायन
घटना 7 जून की सुबह की बताई जा रही है. पीड़ित महिला गीता देवी अपने घर पर घरेलू काम कर रही थी, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर डायन होने का आरोप लगाने लगे. महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसे जबरन खींचकर एक घर में ले जाया गया, जहां ग्रील से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई.
मारपीट का वीडियो वायरल
मारपीट के दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद महिला को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया गया. पीड़िता ने बताया कि उसकी 4 बेटियां हैं, और कोई बेटा नहीं है. गांव के कुछ लोग अक्सर उसे डायन कहकर प्रताड़ित करते थे.
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद थाना में आवेदन देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई. महिला का यह भी आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ने के बाद छोड़ दिया. पीड़िता के पति संजय सहनी मजदूरी करते हैं, उसने कहा कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी पत्नी के साथ केवल अंधविश्वास के कारण अमानवीय व्यवहार किया गया है और परिवार को न्याय मिलना चाहिए.
उजियारपुर थाने की पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं गया है. मामले में सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बिहार: आंधी-बारिश ने बरपाया कहर, पीपल के पेड़ में दबकर एक परिवार के 5 लोगों की मौत, 20 लाख मिलेगा मुआवजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं