विज्ञापन

Bihar: पति की दूसरी शादी से भड़की पत्नी, ऑटो शोरूम में मचाया हाई-वोल्टेज ड्रामा, तोड़ीं टेबल-कुर्सियां

Bihar News: मुंगेर के घोषी टोला में श्यामा ऑटो मोबाइल शोरूम में पति की दूसरी शादी के आरोप में पत्नी ने की तोड़फोड़, जिसके बाद वहां अफरा तफरी का महौल पैदा हो गया. पढ़िए मिथुन कुमार की ये रिपोर्ट.

Bihar: पति की दूसरी शादी से भड़की पत्नी, ऑटो शोरूम में मचाया हाई-वोल्टेज ड्रामा, तोड़ीं टेबल-कुर्सियां
शोरूम में तोड़फोड़ के बाद का हाल
NDTV

Munger High Voltage Drama: बिहार के मुंगेर जिले से दिनदहाड़े एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया.शनिवार को शहर के घोषी टोला स्थित श्यामा ऑटो मोबाइल शोरूम अचानक रणक्षेत्र के रूप में बदल गया. यहां एक महिला ने घरेलू विवाद और पति की बेवफाई से आक्रोशित होकर शोरूम के भीतर जमकर उत्पात मचाया. गुस्से से लाल महिला ने न सिर्फ शोरूम का मुख्य शीशे का गेट चकनाचूर कर दिया, बल्कि अंदर रखे फर्नीचर को भी भारी नुकसान पहुंचाया. इस बीच बाजार में तमाशबीनों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई.

पति की दूसरी शादी के खुलासे से भड़का आक्रोश

हंगामा कर रही महिला की पहचान शोरूम संचालक सुनील कुमार की पहली पत्नी उर्वशी कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और पति पर दूसरी शादी करने के आरोप को लेकर महिला काफी नाराज थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उर्वशी कुमारी बेहद गुस्से में अचानक शोरूम पहुंचीं और गुस्से में तोड़फोड़ शुरू कर दी.

कांच के टुकड़ों से खुद भी हुईं लहूलुहान

तोड़फोड़ के दौरान टूटे शीशे के टुकड़े महिला के हाथ और शरीर में लग गए, जिससे वह घायल हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने देखा कि महिला के हाथों से लगातार खून बह रहा था और शोरूम के अंदर चारों ओर शीशे बिखरे पड़े थे.

 2007 में हुई थी शादी, हक न मिलने का लगाया आरोप

लहूलुहान हालत में उर्वशी कुमारी ने अपने पति सुनील कुमार पर प्रताड़ना और धोखेबाज़ी के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने चिल्लाते हुए वहां मौजूद भीड़ को बताया कि उनका विवाह वर्ष 2007 में सुनील के साथ हुआ था। लेकिन शादी के बाद से ही उन्हें कभी भी एक पत्नी का सम्मान और अधिकार नहीं मिला.

उर्वशी ने आरोप लगाया कि उनके पति का काफी समय से किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था और अब उन्होंने चोरी-छिपे दूसरी शादी भी रचा ली है. पीड़ित महिला ने यह भी खुलासा किया कि पति के इस जुल्म और मानसिक प्रताड़ना के खिलाफ वह पहले भी कासिम बाजार थाने में कानूनी शिकायत दर्ज करा चुकी हैं, लेकिन न्याय न मिलने के कारण आज उनके सब्र का बांध टूट गया.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटा प्रशासन

शोरूम में दिनदहाड़े चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद घायल और आक्रोशित महिला को शांत कराया और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया.

कोतवाली थाना पुलिस ने शोरूम के भीतर हुई क्षति का जायजा लिया है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से पूरे मुंगेर शहर के बाजारों में इस अनोखे पारिवारिक विवाद और वीभत्स हंगामे की चर्चाएं जोरों पर हैं.

यह भी पढ़ें: सोनीपत: पेशी पर आए युवक की कोर्ट के बाहर गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े कर दी हत्या, ब्रेजा कार से आए थे हमलावर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Munger High Voltage Drama, Shyama Auto Mobile Munger, Husband Second Marriage Dispute, Wife Vandalism Munger Showroom, Ghoshi Tola Munger News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com