विज्ञापन

सोनीपत: पेशी पर आए युवक की कोर्ट के बाहर गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े कर दी हत्या, ब्रेजा कार से आए थे हमलावर

हरियाणा के सोनीपत में बदमाशों ने खरखौदा कोर्ट परिसर के बाहर पेशी पर आए युवक की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी. सोनीपत से रमेश कुमार की रिपोर्ट

सोनीपत: पेशी पर आए युवक की कोर्ट के बाहर गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े कर दी हत्या, ब्रेजा कार से आए थे हमलावर
सोनीपत में कोर्ट परिसर के बाहर एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी.

Haryana News: हरियाणा के सोनीपत में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. खरखौदा कोर्ट परिसर के बाहर बदमाशों ने पेशी पर आए एक युवक की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक की पहचान नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है. नीरज मूल रूप से झज्जर के गांव दूबलधन का रहने वाला था और फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-37 सी गाड़ौली खुर्द में रह रहा था. वह कोर्ट में दहेज प्रताड़ना के एक मामले में पेशी के लिए आया था.

ब्रेजा कार से आए थे हमलावर

चश्मदीदों के अनुसार नीरज जैसे ही अपनी कोर्ट की कार्यवाही पूरी करके लघु सचिवालय गेट के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे 3 से 4 हमलावरों ने उसकी गाड़ी को अपनी ब्रेजा कार से टक्कर मार दी. गाड़ी रुकते ही बदमाशों ने नीरज पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. नीरज को करीब 4 से 5 गोलियां लगीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात के बाद हमलावर अपनी कार में सवार होकर तेजी से फरार हो गए. इस सनसनीखेज घटना से पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

मृतक का था पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक नीरज उर्फ कातिया का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ पहले भी हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे. अंदेशा जताया जा रहा है कि यह वारदात किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, टीमों का गठन

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम, एसीपी खरखौदा, सोनीपत एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. खरखौदा एसीपी जोगिंदर शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कोर्ट परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस की कई टीमें बदमाशों को दबोचने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं.

यह भी पढ़ें- Ajmer: जिम ट्रेनर ने पर्सनल रूम में लगा रखा था Hidden Camera, विरोध करने पर पत्नी के साथ जो किया दहला देगा दिल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com