- पटना में खान सर की कोचिंग पर हुई कथित फायरिंग के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्रों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया.
- प्रदर्शनकारियों ने रौशन आनंद की गिरफ्तारी के खिलाफ रिहाई और खान सर की भूमिका पर सवाल उठाए.
- पुलिस ने फायरिंग के मामले में रौशन आनंद और खान सर के बॉडीगार्ड को गिरफ्तार किया है.
बिहार की राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग पर कथित फायरिंग के बाद विवाद गहराता जा रहा है. अब इस मामले में खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञान बिंदु कोचिंग के छात्र सड़कों पर उतर आ गए हैं. पटना के गांधी मैदान के पास स्थित कारगिल चौक के पास छात्रों ने प्रदर्शन किया और रौशन सर की रिहाई की मांग भी की. NDTV ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की.
बता दें कि गोलीबारी के इस घटना के बाद पुलिस ने पटना के ही एक टीचर रौशन आंनद को गिरफ्तार किया है. साथ ही खान सर के बॉडीगार्ड को भी गिरफ्तार किया है.
'जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा'
पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि वे रौशन सर की रिहाई की मांग को लेकर यहां पहुंचे हैं और प्रशासन से उनका तुरंत रिहा करने की अपील कर रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं होती है, तो जेपी आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा. छात्रों ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में खुद खान सर की भूमिका संदिग्ध है और उनके इशारे पर ही गोली चलवाई गई है. एक छात्र ने दावा किया कि खान सर के गार्ड की ओर से फायरिंग कराई गई, ऐसे में सवाल उठता है कि अब तक उनकी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई.
🔴#BREAKING | पटना में कोचिंग फायरिंग केस को लेकर हंगामा, रौशन आनंद के समर्थन में छात्र #Patna #GyanBindu #RoshanAnand @manogyaloiwal @SomuAnand_ pic.twitter.com/5CHePSOHpz
— NDTV India (@ndtvindia) June 4, 2026
'बेऊर जेल में ही क्लास शुरू कर दे, वे वहीं पढ़ाई करेंगे'
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी कहा कि अगर सरकार चाहे तो बेऊर जेल में ही क्लास शुरू कर दे, वे वहीं पढ़ाई करेंगे. छात्रों ने खान सर और रौशन आनंद की तुलना करते हुए कहा कि खान सर ‘रील वाले टीचर' हैं, जबकि रौशन सर ‘रियल टीचर' हैं. साथ ही उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि पहले खान सर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और फिर उन्हें उत्तर प्रदेश भेजा जाए.
दरअसल, मंगलवार रात को खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में एक गार्ड घायल हुआ था और तोड़फोड़ भी हुई थी. शुरुआती जांच में पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया था. लेकिन अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है और पूरे मामले की दोबारा जांच हो रही है.
वहीं, खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के संबंध में डीएसपी राजेश रंजन ने कहा, "रात करीब 10 बजे मुसल्लहपुर हाट के पास कुछ लोग खान ग्लोबल कोचिंग पहुंचे और संस्थान पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. उन्होंने गेट पर लगा होर्डिंग भी तोड़ दिया. इसके अलावा, वहां तैनात एक गार्ड के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई. घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है."
रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई
उन्होंने बताया कि खान कोचिंग प्रबंधन से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत के आधार पर चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. रौशन आनंद पर पूरी घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है.
ये भी पढ़ें : पटना के कारगिल चौक पर छात्रों का प्रदर्शन, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के पक्ष में कर रहे कैंडल मार्च
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं