विज्ञापन

बाइक रोक, कार में घसीटा और फरार... सुपौल में 20 साल के युवक का हाईवे से किडनैप, लोग पीछे आए तो की फायरिंग

सुपौल जिले के भीमपुर इलाके में सोमवार को फिल्मी स्टाइल में एक युवक का अपहरण हो गया है. कुछ लोग आए और सरेआम युवक को उठाकर ले गए.

बाइक रोक, कार में घसीटा और फरार... सुपौल में 20 साल के युवक का हाईवे से किडनैप, लोग पीछे आए तो की फायरिंग
युवक की तलाश में कई टीमें बनाई गई हैं.
NDTV
सुपौल:

बिहार के सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई. स्टेट हाईवे पर बाइक से जा रहे एक युवक को चारपहिया वाहन सवार अपराधियों ने जबरन अगवा कर लिया. ग्रामीणों ने जब बदमाशों को खदेड़ा तो उन्होंने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए. 

पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.

किसका हुआ अपहरण?

जिस युवक का अपहरण हुआ है, उसकी पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के वार्ड-13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय बेटे मो. जीसान खान के रूप में हुई है. 

बताया जा रहा है कि जीसान अपनी बाइक BR50AD8174 से भीमपुर की तरफ जा रहा था. तभी पहले से घात लगाए चारपहिया वाहन में सवार अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया और जबरन गाड़ी में बैठा लिया.

यह भी पढ़ेंः डॉक्टरों के परिवार का बेटा बना IPS, बिहार पहुंचते ही सुलझा दिया सबसे बड़ा अपहरण कांड

ग्रामीणों पर फायरिंग कर भागे बदमाश

घटना को देख रहे ग्रामीणों ने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया. खुद को घिरता देख अपहरणकर्ताओं ने पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे ग्रामीण सहम गए और बदमाश युवक को लेकर फरार होने में कामयाब रहे.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

SP ने बनाई 5 टीमें, SDPO कर रहे लीड

घटना की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शरथ आरएस ने खुद मोर्चा संभाल लिया है.

एसपी ने बताया, 'भीमपुर में एक युवक को गाड़ी में बैठाकर ले जाने और फायरिंग की सूचना मिली है. युवक की सकुशल बरामदगी के लिए 4-5 टीमें गठित की गई हैं. त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में एक विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है. जल्द ही युवक को बरामद कर लिया जाएगा.'

फिलहाल पुलिस बरामद खोखे और बाइक के आधार पर जांच कर रही है. अपहरण की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.

(सुपौल से अभिषेक की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ेंः 50 लाख की फिरौती ली और बोला 'थैंक्यू अंकल', कारोबारी के अपहरण मामले में मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार

ये वीडियो भी देखेंः एटा में दिनदहाड़े किडनैपिंग, अपहरण का CCTV Video आया सामने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Crime, Supaul, Kidnapping, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com