विज्ञापन
This Article is From Oct 12, 2024

'जो दुराचारी होंगे उनके हाथ काट लेने चाहिए': बिहार के बीजेपी विधायक का विवादित बयान

बिहार बीजेपी विधायक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हम बहनों को सक्षम बनाएंगे कि वह दुराचारी का हाथ काट सके और जरुरत पड़ेगी तो हम सभी को हाथ काटना चाहिए.

'जो दुराचारी होंगे उनके हाथ काट लेने चाहिए': बिहार के बीजेपी विधायक का विवादित बयान
सीतामढ़ी:

बिहार के सीतामढ़ी से बीजेपी विधायक मिथलेश कुमार इन दिनों अपने बयानों और लोगों में तलवार बांटने के लिए सुर्खियों में बने हुए हैं. उन्होंने शनिवार को विजयादशमी के मौके पर विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा, समाज में जो दुराचारी लोग हैं, उनके हाथ काट लेने चाहिए. बीजेपी विधायक ने सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक हथियारों की पूजा की.

बिहार के बीजेपी विधायक मिथलेश कुमार ने लड़कियों में तलवार भी बांटे. सीतामढ़ी शहर के कपरौल रोड स्थित यह कार्यक्रम दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें भारी संख्या में महिलाओं, लड़कियों ने हिस्सा लिया. बीजेपी विधायक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हम बहनों को सक्षम बनाएंगे कि वह दुराचारी का हाथ काट सके और जरुरत पड़ेगी तो हम सभी को हाथ काटना चाहिए. हम यह बर्दाश्त नहीं कर सकते कि कोई हमारी बेटी-बहनों को बुरी नजरों से देखें. शारदीय नवरात्रि के मौके पर हाल ही में भाजपा विधायक शहर में घूम-घूम कर पूजा पंडाल में रामायण और तलवार बांटते हुए नजर आए थे. वह एक हाथ में रामचरितमानस और तलवार के साथ भी दिखे थे. बीजेपी विधायक पर आरजेडी ने सवाल भी उठाए थे. इस पर भाजपा विधायक ने कहा था, धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र उठाना अति आवश्यक है.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बीजेपी विधायक का समर्थन करते हुए कहा था, अगर हम सनातन धर्म के लोग दुर्गा पूजा में मां की पूजा अस्त्र-शस्त्र के साथ करते हैं, तो इसमें कुछ गलत नहीं है. मैं आरोप लगाने वाले आरजेडी के लोगों से पूछना चाहता हूं, जब आप टोकरी लेकर फुलवारी शरीफ में जाते हो, तब क्या होता है. अगर इस्‍लाम में यह सही है, तो हमारे देवी-देवताओं के हाथों में अस्त्र-शस्त्र होते हैं, उनको बांटने में क्या गलत है. दुर्गा माता के साथ यदि कोई अस्त्र लेकर जा रहा था, तो यह सौभाग्य की बात है. मैं तो कहूंगा कि हर हिंदू के घर में देवी-देवताओं के शस्त्रों की पूजा होनी चाहिए और उन्हें घर में रखना चाहिए.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mithlesh Kumar Controversial Statement, BJP MLA Controversial Statement, Bihar Bjp Mla, Sitamarhi Bjp Mla
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com