भोजपुर में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब एक नया और बेहद गंभीर आरोप सामने आया है. अब तक पुलिस की कार्रवाई, एनकाउंटर की परिस्थितियों और जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते रहे परिजनों ने इस बार सीधे भोजपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) की भूमिका पर प्रश्नचिह्न खड़ा किया है. परिवार का आरोप है कि घटना के सात दिन बाद जब भोजपुर के एसपी अपने पुलिस दल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने बेलौटी गांव पहुंचे थे, तब उनके साथ अवैध बालू खनन से जुड़ा सतेंद्र पाण्डेय भी मौजूद था.
निष्पक्ष जांच पर उठे सवाल
यह आरोप भरत भूषण तिवारी के मामा के बेटे लव कुमार ने सार्वजनिक रूप से लगाया है. उनका कहना है कि यदि पीड़ित परिवार से संवेदना व्यक्त करने और न्याय का भरोसा दिलाने पहुंचे पुलिस अधिकारी अपने साथ ऐसे व्यक्ति को लेकर आए, जिस पर पहले गंभीर आपराधिक आरोप लग चुके हों, तो यह बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि इससे पुलिस की निष्पक्षता पर स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े होते हैं और पीड़ित परिवार का भरोसा कमजोर पड़ता है.
सत्येंद्र पांडे को दो बार हो चुका गिरफ्तार
लव कुमार ने दावा किया कि जिस सतेंद्र पाण्डेय को पुलिस अधिकारियों के साथ देखा गया, उसे 3 नवंबर 2024 को बिहार एसटीएफ ने अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था. 1 अगस्त 2023 में भी गिरफ्तार हुआ था. उनका कहना है कि यदि वही व्यक्ति आज पुलिस अधिकारियों के साथ घूम रहा है, तो यह गंभीर जांच का विषय है.
पुलिस फरार था सतेंद्र पांडेय
सतेंद्र पांडेय पर पर कई मामले दर्ज हैं. सतेंद्र पांडेय की गिरफ्तारी भोजपुर पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी. काफी दिनों से फरार भी था. पुलिस ने पुलिस की छापेमारी अभियान में 1 अगस्त 2023 को सतेंद्र पांडेय सहित 8 लोगों गिरफ्तार किया तो इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और रुपये बरामद हुए थे.
एसपी बोले- निष्पक्ष जांच हो रही
सतेंद्र पांडेय के मामले में भोजपुर एसपी से बात करने पर उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं है. भरत तिवारी के घर में पहले ही से बहुत लोग मौजूद थे. भोजपुर एसपी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच हो रही है, जो भी चीजें होंगी, जल्द ही सामने आ जाएंगी.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी को कहां कितनी गोली लगी? पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के दावे से पुलिस की थ्योरी पर उठे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं