- महेंद्रपुर गांव की रुचि सिंह ने UPSC परीक्षा में देश में एक सौ इकहत्तरवां स्थान प्राप्त किया है.
- रुचि ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा BR-DAV पब्लिक स्कूल से ली और दिल्ली के DPS आरके पुरम से इंटरमीडिएट पास किया.
- उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की और बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा भी उत्तीर्ण की.
बिहार के बेगूसराय से निकलकर सामने आई यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है, लेकिन यह हकीकत है. यह कहानी एक ऐसी बेटी की है जिसने अपने पिता की खाकी वर्दी से प्रेरणा ली और खुद भारतीय पुलिस सेवा का हिस्सा बनकर जिले का मान बढ़ाया. अब प्रोटोकॉल के तहत एक पिता को अपनी ही अफसर बिटिया को सैलूट करना होगा.
बेगूसराय जिले के मटिहानी प्रखंड स्थित महेंद्रपुर गांव के रहने वाले राम शंकर सिंह (जो पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर हैं) की पुत्री रुचि सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में देश भर में 171वां स्थान प्राप्त किया है. रुचि की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है.
शिक्षा और करियर
रुचि की प्रारंभिक शिक्षा बेगूसराय के BR-DAV पब्लिक स्कूल से हुई, जहां से उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित DPS (आर.के.पुरम) से 2017 में इंटरमीडिएट पास किया और फिर सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की. रुचि ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. UPSC में चयन से पहले उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण की और वर्तमान में वे लखीसराय में डीपीआरओ (DPRO) के पद पर कार्यरत हैं.
गांव में जश्न का माहौल
रुचि की सफलता की खबर जैसे ही महेंद्रपुर गांव पहुंची, वहां खुशी की लहर दौड़ गई. ग्रामीण एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं और अपनी 'बिटिया' के गांव आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. खाकी के साये में पली-बढ़ी रुचि का IPS बनना उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं.
ये भी पढ़ें : UPSC Result: पिता चलाते हैं किराने की दुकान, बेटी ने UPSC की परीक्षा में हासिल किया 9वीं रैंक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं