विज्ञापन

बिहटा में भोजपुर के 7 लोगों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां रविवार की देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की सीधी भिड़ंत में भोजपुर जिले के 7 लोगों की मौत हो गई.

बिहटा में  भोजपुर के 7 लोगों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे
  • बिहटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की टक्कर में भोजपुर के सात लोगों की मौत हो गई है
  • दुर्घटना रात करीब दो बजे परेव लेखन टोला पुल के पास हुई, श्रद्धालु मनेर उर्स मेला देखकर लौट रहे थे
  • पांच लोग मौके पर ही मारे गए, दो की अस्पताल में मौत हुई, दो घायल अभी इलाजाधीन हैं

पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां रविवार की देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की सीधी भिड़ंत में भोजपुर जिले के 7 लोगों की मौत हो गई. मनेर में हजरत मखदूम शाह दौलत के उर्स मेले की खुशियां मातम में बदल गईं, जब घर लौट रहे श्रद्धालुओं को काल ने अपना ग्रास बना लिया. हादसा देर रात करीब 2 बजे बिहटा के परेव लेखन टोला पुल के पास हुआ. भोजपुर के रहने वाले ये श्रद्धालु मनेर उर्स मेला देखकर ऑटो (टेंपो) से वापस आरा लौट रहे थे. तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. टक्कर की आवाज इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग सहम गए.

चीख-पुकार और मौत का मंजर

टक्कर के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद सड़क पर लाशों का ढेर लग गया. 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटना के PMCH रेफर किया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई. अब तक कुल 7 लोगों की जान जा चुकी है. फिलहाल 2 लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

पुलिस की कार्रवाई: ट्रक चालक हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थानाप्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए,  दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है. आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है.

भोजपुर में मातम: उर्स की खुशियां आंसू में बदलीं

जैसे ही हादसे की खबर भोजपुर के गांवों में पहुंची, कोहराम मच गया. मृतक सभी आपस में परिचित थे और एक साथ मेले का आनंद लेने गए थे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि आस्था के सफर का अंत इतना खौफनाक होगा.

लापरवाही ने ली मासूमों की जान

प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण ट्रक की अत्यधिक रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है. बिहटा पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कह रही है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Patna Accident, Bihta Accident News, Bihar Road Accident, Truck Auto Collision Patna, Bhojpur Residents Killed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com