विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी को लेकर कोच गौतम नहीं हैं 'गंभीर'? लक्ष्मण ने किया स्वागत, चौंकाने वाले आंकड़ों ने मचा दी हलचल

चार मैच, चार बार बेंच पर वैभव सूर्यवंशी, फिर भी आंकड़े बता रहे हैं उन पर किसने सबसे ज्यादा भरोसा किया.

वैभव सूर्यवंशी को लेकर कोच गौतम नहीं हैं 'गंभीर'? लक्ष्मण ने किया स्वागत, चौंकाने वाले आंकड़ों ने मचा दी हलचल
वैभव सूर्यवंशी के लिए कहानी एक बार फिर नहीं बदली

हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 के लिए जब श्रेयस अय्यर टीम शीट लेकर मैदान पर उतरे तो एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का नाम प्लेइंग इलेवन से गायब था. सीरीज के चार मैच बीत चुके हैं, लेकिन 15 साल के इस बल्लेबाज को अब तक एक भी मौका नहीं मिला है. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर टीम मैनेजमेंट वैभव को लेकर क्या सोच रहा है.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक वैभव को जितने मौके मिले हैं, उनमें से ज्यादातर उस समय आए जब टीम इंडिया की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण के पास थी और आंकड़ों पर नजर डालें तो दिलचस्प बात यह है कि भारत के लिए खेले गए उनके 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 5 मुकाबले वीवीएस लक्ष्मण के कार्यकाल में आए. वहीं गौतम गंभीर के दौर में वह 14 मैचों के लिए स्क्वॉड का हिस्सा रहे, लेकिन सिर्फ 3 मैच खेल पाए.

यही वजह है कि उनके चयन और मौके को लेकर चर्चा तेज हो गई है. वैभव ने जितने भी अवसर पाए हैं, उनमें उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की झलक दिखाने में देर नहीं लगाई. महज 15 साल की उम्र में भारत के लिए आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस युवा बल्लेबाज ने 246 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 186 का रहा है, जो बताता है कि वह शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलने से नहीं घबराते.

इस साल जिम्बाब्वे दौरे पर जब वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय टीम की कमान संभाली थी, तब वैभव को लगातार मौके दिए गए थे. उन्होंने उस सीरीज के तीनों मैच खेले और टीम मैनेजमेंट का भरोसा भी जीता. इसके बाद एशियाई खेलों में भी उन्हें भारतीय दल में शामिल किया गया. हालांकि अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश में धुल गया था, इसलिए उन्हें वहां अपनी प्रतिभा दिखाने का ज्यादा मौका नहीं मिला.

वैभव को लेकर पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी खुलकर समर्थन जता चुके हैं. सहवाग का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उम्र नहीं, प्रदर्शन मायने रखता है. उनके मुताबिक अगर कोई खिलाड़ी भारत के लिए खेलने लायक है, तो उसकी उम्र को बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए. सहवाग ने उदाहरण देते हुए कहा था कि एक तरफ विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ी खेल रहे हैं और दूसरी तरफ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी, इसलिए चयन का आधार सिर्फ प्रदर्शन होना चाहिए.

इस बीच हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 में भारत को 24 रन से हार का सामना करना पड़ा. वेस्टइंडीज ने जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी है. अब सीरीज का फैसला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले पांचवें और आखिरी मुकाबले में होगा. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि निर्णायक मैच में टीम मैनेजमेंट वैभव सूर्यवंशी को मौका देता है या उन्हें एक बार फिर इंतजार करना पड़ता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Vaibhav Suryavanshi, India Vs West Indies 2026, Cricket, Gautam Gambhir
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com