- नरकटियागंज में एक महिला ने बैंक से पचास हजार रुपये निकालकर घर लौटते समय दो युवकों द्वारा ठगी का शिकार हुईं
- युवकों ने महिला का भरोसा जीतकर बातचीत में उलझाया और रुपये का नकली बंडल उसके झोले में रख दिया था
- महिला ने थोड़ी दूरी पर शक कर झोला खोला तो नकदी की जगह केवल कागज का बंडल और एक नोट पाया
पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में ठगी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही महिला को दो शातिर युवकों ने अपना निशाना बना लिया. उचक्कों ने पहले महिला का भरोसा जीता फिर बातचीत में उलझाकर उसके रुपये लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता का माहौल है.
बैंक में हुई थी पहली मुलाकात
पीड़ित महिला शमीमा खातून ने बताया कि वह सेंट्रल बैंक से 50 हजार रुपये निकालने पहुंची थी. बैंक में निकासी फॉर्म भरने के दौरान उसने वहां मौजूद एक युवक से मदद ली. इसी बीच एक अन्य युवक भी उसके पास आ गया और दोनों उससे बातचीत करने लगे. महिला को उस समय अंदाजा नहीं था कि दोनों युवक पहले से ठगी की योजना बनाकर आए थे.
बातचीत में उलझाकर कर दी बड़ी वारदात
बैंक से रुपये निकालने के बाद शमीमा खातून बाहर निकलीं तो दोनों युवक उनके पीछे-पीछे चलने लगे. रास्ते में उन्होंने महिला को बातचीत में उलझा लिया. इसी दौरान उन्होंने एक रुमाल में लिपटा बंडल निकाला और उसे रुपये का बंडल बताकर महिला के झोले में रख दिया. महिला का ध्यान भटकते ही उचक्कों ने झोले में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए और कुछ ही देर में मौके से फरार हो गए.
कागज का बंडल देख उड़ गए होश
कुछ दूरी तय करने के बाद महिला को शक हुआ. उसने झोले में रखा रुमाल खोला तो उसके होश उड़ गए. रुपये की जगह उसमें सिर्फ कागज का बंडल और 500 रुपये का एक नोट मिला. तब उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है. घटना के बाद महिला तुरंत शिकारपुर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से रुपये निकालने के बाद किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं और अपनी नकदी सुरक्षित रखें. थोड़ी सी लापरवाही ठगों को मौका दे सकती है और बड़ी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है.
यह भी पढ़ें- आर्मी को लेकर ध्रुव राठी के बयान को बताया देश के लिए घातक, रासुका लगाने की मांग- पूर्व DGP विक्रम सिंह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं