विज्ञापन

मासूम को धक्का दिया, गर्म दूध से झुलसी तो छिड़का नमक, किचन मेड के टॉर्चर के बाद छात्रा बुरी तरह झुलसी

आरोप है कि छात्रा को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी हॉस्पिटल नहीं ले गए और परिजनों को भी मिलने से रोका गया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है. जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी संभव है. पढ़िए गोविंद कुमार की रिपोर्ट.

मासूम को धक्का दिया, गर्म दूध से झुलसी तो छिड़का नमक, किचन मेड के टॉर्चर के बाद छात्रा बुरी तरह झुलसी
प्रतीकात्मक तस्वीर (AI)

पटना के कस्तूरबा गांधी रेसिडेंशियल स्कूल में किचन मेड ने मासूम की गर्दन पर खौलता दूध उड़ेल दिया. इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा तो बच्ची के जले हुए हिस्से पर नमक छिड़क दिया. घटना पंडारक ब्लॉक में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की है, जहां 6वीं कक्षा की मासूम के साथ किचन मेड ने खौफनाक बर्ताव किया. मेड की प्रताड़ना के बाद छात्रा की पूरी गर्दन झुलस गई है. उसे हॉस्पिटल भी नहीं ले जाया गया, बल्कि 24 घंटे तक हॉस्टल में ही रखा गया. इस दौरान बच्ची की हालात खराब होने लगी. परिजनों को मंगलवार (19 मई) की घटना की जानकारी भी अगले दिन दी गई. सूचना मिलने के बाद परिजनों खुद बच्ची को इलाज कराने के लिए ले गए. गुरुवार (21 मई) शाम थाना में शिकायत दी गई है. 

दूध का बर्तन लाने को कहा, फिर दिया धक्का

किचन मेड ने उसे चूल्हे पर रखे दूध के बर्तन को लाने के लिए कहा था. जब वह बर्तन उठाकर जाने लगी, तभी उसे मेड ने गुस्से में पीछे से धक्का दे दिया. अचानक धक्का लगने से सुहानी गिर गई और खौलता दूध उसके चेहरे और गर्दन पर जा गिरा. बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर स्कूल के अन्य स्टाफ जमा हो गए. बच्ची के जले हिस्से पर यह कहते हुए नमक और हल्दी लगा दिया कि इससे वह ठीक हो जाएगी. जले हुए हिस्से पर नमक लगाते ही बच्ची दर्द से कराहने लगी. 

हॉस्टल में बच्चों से साफ करवाया जाता है बाथरूम 

छात्रा का कहना है कि स्कूल के हॉस्टल में सभी बच्चियों से बाथरूम साफ कराने के अलावा स्कूल में साफ-सफाई भी करवाई जाती है. स्कूल में बाथरूम साफ करने से मना करने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती है. बच्चियों से किचेन में रोटी बेलने के अलावा अन्य काम भी कराया जाता है.

FIR दर्ज, आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी

परिजनों का आरोप है कि उन्हें छात्रा से मिलने के भी नहीं दिया जा रहा था. जब छात्रा की मां उससे मिलने के लिए पहुंची तो उन्हें धमकी दी गई. पुलिस बुलाने की धमकी देकर मिलने से भी रोक दिया गया. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस एक्शन लेने की तैयारी में है. थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि एफआईआर दर्ज की गई है. शुक्रवार को आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी.

यह भी पढ़ेंः सरकारी ANM गर्ल्स हॉस्टल की रूह कंपा देने वाली दास्तां, लड़कियां बेहोश... खाना नहीं मिलती है गालियां

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Patna News, Kasturba Gandhi Residential School Patna, Kasturba Gandhi School Pandarak, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com