विज्ञापन
This Article is From Jul 09, 2017

नीतीश कुमार पटना लौटे, लालू परिवार पर सीबीआई छापे पर तोड़ सकते हैं चुप्‍पी

नीतीश कुमार पटना लौटे, लालू परिवार पर सीबीआई छापे पर तोड़ सकते हैं चुप्‍पी
बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो)
  • CBI ने लालू परिवार से जुड़े 12 ठिकानों पर शुक्रवार को छापेमारी की थी
  • जदयू नीतीश के निर्देश के अनुसार CBI छापों पर प्रतिक्रिया दे सकती है
  • नीतीश के करीबी माने जाने वाले नेता ने कहा, 'वह जल्द चुप्पी तोड़ सकते हैं'
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद व उनके परिवार के आवास पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई की) के छापे से बढ़े राजनीतिक तापमान के बीच बिहार की राजधानी से दूर राजगीर में तीन दिन बिताने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पटना लौट आए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "नीतीश कुमार राजगीर व नालंदा जिले में तीन दिन बिताने के बाद पटना वापस आ गए हैं." नीतीश कुमार के पटना आने के बाद अब सभी की आंखें इस बात पर लगी हैं कि वह राजद प्रमुख लालू यादव व उनके परिवार पर सीबीआई की छापेमारी पर क्या कहेंगे. मुख्यमंत्री व जद (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद पर सीबीआई के छापेमारी पर चुप्पी साधी हुई है. नीतीश के करीबी माने जाने वाले एक जद (यू) नेता ने कहा, "वह जल्द ही अपनी चुप्पी तोड़ सकते हैं."

बिहार में राजद, जदयू व कांग्रेस सत्तारूढ़ महागठबंधन के घटक दल हैं, जिसकी अगुवाई नीतीश कुमार कर रहे हैं. बीते दो दिनों में विपक्षी दल भाजपा ने नीतीश कुमार से मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ने को कहा है और लालू के दोनों बेटों के कथित तौर पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. नीतीश के मंत्रिमंडल में लालू के बेटे तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री व तेज प्रताप स्वास्थ्य मंत्री हैं. कुछ भाजपा नेताओं ने मांग की कि नीतीश कुमार को राजद के साथ गठबंधन तोड़ देना चाहिए.

जद(यू) के नेताओं के अनुसार पटना से 100 किमी दूर राजगीर में नीतीश कुमार ने कई दर्शनीय स्थानों का भ्रमण किया. पार्टी के एक अधिकारी ने कहा, "शनिवार को नीतीश कुमार घोर कटोरा गए और शुक्रवार को दूसरे पर्यटक स्थल पर गए." यह उम्मीद है कि जद (यू) नीतीश कुमार के निर्देश के अनुसार सीबीआई छापों पर अपनी प्रतिक्रिया देगी. जद (यू) के प्रवक्ता भी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और उन्होंने छापों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है.

पार्टी के अधिकारी ने कहा, "जद (यू) के प्रवक्ता नीतीश कुमार के निर्देश का अनुसरण कर रहे हैं और इस मुद्दे पर कुछ नहीं बोल रहे हैं." सीबीआई ने लालू प्रसाद व उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े पटना, दिल्ली, रांची व गुरुग्राम के 12 ठिकानों पर शुक्रवार को छापेमारी की.

सीबीआई ने लालू प्रसाद, उनकी पत्नी व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, पूर्व भारतीय रेल खान-पान व पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के प्रबंध निदेशक पी.के. गोयल व लालू प्रसाद के विश्वासपात्र प्रेम चंद गुप्ता की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इन पर कथित तौर पर रांची व पुरी में 2006 में होटलों के रखरखाव, विकास व संचालन की निविदा देने का आरोप है. इसी साल यह सभी होटल आईआरसीटीसी को स्थांतरित किए गए थे. लालू प्रसाद 2004-09 के बीच रेल मंत्री थे.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBI Raids On Lalu Family, Chief Minister Nitish Kumar, JDU, Tejashwi Yadav, Tej Pratap Yadav, Misa Bharti
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com