बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान एक ऐसी घटना सामने आई जिसने सभी का ध्यान खींच लिया. मंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सकरी चौक पर जुटे थे. इसी भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच जेडीयू नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन गायब हो गई. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चर्चा शुरू हो गई और पुलिस को भी सूचना दी गई.
मंत्री को माला पहनाने पहुंचे थे राजेश मंडल
जानकारी के अनुसार कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी और जेडीयू नेता राजेश मंडल स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे थे. जैसे ही मंत्री वहां पहुंचे वहां लोगों की बहुत भीड़ थी, जो उनके स्वागत के लिए आगे आई. इसी दौरान वहां राजेश मंडल भी भीड़ को पार कर मंत्री तक पहुंचे और उन्हें माला पहनाई.
राजेश मंडल ने बताया कि स्वागत कार्यक्रम के दौरान काफी धक्का-मुक्की हो रही थी. उस समय उन्हें किसी भी तरह की कोई हरकत महसूस नहीं हुई. कार्यक्रम समाप्त होने और भीड़ कम होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो सोने की चेन गायब थी. चेन नहीं मिलने पर वह हैरान रह गए और तुरंत आसपास मौजूद नेताओं तथा पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी.
थाने में दर्ज कराया आवेदन
घटना के बाद राजेश मंडल ने तुर्की थाना में लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि भीड़ के दौरान किसी ने चेन खींच ली हो सकती है. वहीं यह संभावना भी जताई गई है कि धक्का-मुक्की में चेन टूटकर गिर गई हो. फिलहाल उन्हें यह नहीं पता कि चेन कैसे गायब हुई.
करीब 7 लाख रुपये की सोने की चेन गायब होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. कार्यक्रम स्थल और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह चोरी की घटना है या फिर चेन कहीं गिर गई.
यह भी पढ़ें- स्वतंत्र भारद्वाज पुलिस को चकमा देकर बुलंदशहर से भागा, बोला- चाहे ट्रंप को बुला लो, जलवा बना रहेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं